रेलवे से मिली जानकारी अनुसार रेलवे को गोरखपुर में सूचना मिली थी कामायनी एक्सप्रेस के डिब्बे में बम रखा गया है। इसके बाद रेलवे में हड़कंप मच गया। इधर रेलवे ने रास्ते के सारे स्टेशनों को अलर्ट भेजा था। ट्रेन दोपहर में बीना पहुंची थी। यहां पहले से सुरक्षा के लिहाज से आरपीएफ, जीआपी सहित अन्य अमले को अलर्ट कर दिया गया था। बम स्क्वायड भी स्टेशन पहुंच गया था। ट्रेन को 11.30 बजे बीना के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर रोका गया।
बीना स्टेशन पर बिना बताए ट्रेन से उतारे यात्री
जीआरपी व आरपीएफ ने यात्रियों को ट्रेन से बाहर उतरने के लिए कहा था। यात्रियों में दहशत न बने या भगदड़ न मचे इस कारण उन्हें बम की सूचना की जानकारी नहीं दी गई थी। करीब 4 घंटे तक चली सर्चिंग के बाद ट्रेन में बम तो ठीक कुछ भी आपत्तिजनक सामान तक नहीं मिला। क्लीन चिट मिलने के बाद ट्रेन को भोपाल स्टेशन के लिए रवाना किया गया।
प्लेटफॉर्म की रैलिंग तोड़ बाहर निकाला
बीना स्टेशन पर जैसे ही पूरी ट्रेन खाली हुई तो प्लेटफॉर्म पर उनकी भारी भीड़ जमा हो गई। इस कारण अधिकारियों ने प्लेटफॉर्म पर लगी लोहे की रैलिंग को तोड़ दिया और यात्रियों को प्लेटफॉर्म से हटाकर बाहर किया गया। आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारियों ने यात्रियों को संयम बनाए रखने और प्लेटफॉर्म से दूरी बनाकर रखने के लिए निवेदन भी किया था।
दोनों तरफ से आने वाली ट्रेनों को रोका गया
बीना स्टेशन प्रशासन ने कामायनी में बम की सूचना और सर्चिंग को लेकर ट्रेन को प्लेटफॉर्म एक पर तो रोका ही प्लेटफॉर्म के दोनों ओर आने वाली ट्रेनों को भी रोका गया था। हालांकि कुछ समय पर प्लेटफॉर्म 3 और 4 से यहां आने वाली अन्य ट्रेनों को निकाला गया।

