Last Updated:
Rekha Gupta News: दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और 6 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली. रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं. शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में हुआ.
रामलीला मैदान में शपथ के बाद किस मंत्री ने लगाया कौन सा नारा
हाइलाइट्स
- रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं
- रेखा गुप्ता और 6 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली
- प्रवेश वर्मा ने शपथ के बाद जय हिंद का नारा लगाया
नई दिल्ली. दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली. मुख्यमंत्री के बाद सबसे पहले विधायक प्रवेश वर्मा ने शपथ ली जिसके बाद से माना जा रहा है कि वह दिल्ली सरकार में मुख्यमंत्री के बाद नंबर 2 होंगे. रामलीला मैदान से सीएम रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा के अलावा आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली है. मुख्यमंत्री और एक मंत्री को छोड़कर हर मंत्री ने शपथ लेने के बाद नारा लगाया है. इन नारों से यह माना जा रहा है कि दिल्ली सरकार ने अपना सरकार चलाने का एजेंडा रामलीला मैदान से साफ कर दिया है.
उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शपथ दिलवाई. इसके बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह और अंत में रविंदर इंद्राज सिंह ने शपथ ली. शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हालांकि कोई नारा नहीं लगाया. पर जब प्रवेश वर्मा का नंबर आया तो उन्होंने शपथ लेने के बाद जय हिंद का नारा लगाया जिसके बाद रामलीला मैदान में मौजूद जनता उनका साथ दिया. इसके बाद आशीष सूद शपथ लेने आएं उन्होंने शपथ लेते समय अपने माता-पिता का नाम लिया और शपथ खत्म होने के बाद भारत माता की जय का नारा लगाया. इससे रामलीला मैदान में मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं में जोश सा आ गया.
किस मंत्री ने नहीं लगाया नारा
चौथे नंबर पर शपथ लेने के लिए बीजेपी की दिल्ली सरकार का सिख चेहरा यानी मनजिंदर सिंह सिरसा आएं. उन्होंने शपथ खत्म होने के साथ पहले भारत माता की जय और फिर वाहे गुरु दा खालसा वाहेगुरु दी जी की फतेह का नारा लगाया. इस दौरान रामलीला मैदान में मौजूद सिरसा का परिवार भी हाथ जोड़कर भगवान का शुक्रिया अदा करता हुआ नजर आया. पांचवें नंबर पर कपिल मिश्रा आएं और मुख्यमंत्री के अलावा वहीं एक मंत्री रहे जिन्होंने शपथ लेने के बाद कोई नारा नहीं लगाया. छठे नंबर पर शपथ लेने के लिए पंकज कुमार सिंह शपथ लेने को आएं और उन्होंने जय सिया राम का नारा लगाया. सबसे आखिर में दिल्ली सरकार के मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह ने शपथ लीं. उन्होंने शपथ लेने के बाद जय श्री राम का नारा लगाया.
किस मंत्री ने लगाया क्या नारा?
1- रेखा गुप्ता शपथ के बाद कुछ नहीं कहा…
2- प्रवेश वर्मा शपथ के बाद जय हिंद का नारा लगाया
3- आशीष सूद ने शपथ के बाद भारत माता की जय का नारा लगाया
4- मनजिंदर सिंह सिरसा ने भारत माता की जय और फिर वाहे गुरु दा खालसा वाहेगुरु दी जी की फतेह का नारा लगाया
5- कपिल मिश्रा ही एक लौते मंत्री थे जिन्होंने शपथ ग्रहण के बाद कोई नारा नहीं लगाया
6- पंकज कुमार सिंह ने शपथ के बाद जय सिया राम का नारा लगाया
7- रविंदर इंद्राज सिंह ने शपथ ग्रहण के बाद जय श्री राम का नारा लगाया
खचाखच भरा था रामलीला मैदान
शपथ ग्रहण में रामलीला मैदान खचाखच भरा था. शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन अलग-अलग मंच तैयार किए गए. मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मनोनीत मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद के सहयोगी सदस्य, और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम भी उपस्थित रहे। दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं और विशिष्ट अतिथि मौजूद थे, जबकि तीसरे मंच पर संगीत कार्यक्रम से जुड़े कलाकार मौजूद थे.
चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं. उन्होंने रामलीला मैदान में अपने पद की शपथ ग्रहण की. यह भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि 27 साल बाद पार्टी दिल्ली की सत्ता में वापस आई है. सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं. रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बंदना कुमारी को हराया था. इस सीट पर उन्होंने 29,000 से अधिक वोटों के अंतर से शानदार जीत हासिल की थी.
गौरतलब है कि बुधवार शाम विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता को सीएम चुना गया था. सीएम चुने जाने के बाद पहली बार मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जो दिल्ली की जनता के लिए विजन दिया है, उसे पूरा करना मेरी प्राथमिकता होगी. पीएम मोदी का तहे दिल से आभार जताना चाहती हूं कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि यह देश की हर मां-बेटी का सम्मान है. रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग सीट से पहली बार विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने ‘आप’ की बंदना कुमारी को 29,595 मतों के अंतर से हराया था. गत 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे. भाजपा को 26 साल बाद ऐतिहासिक जीत मिली थी. उसने 70 में से 48 सीटें जीतीं, जबकि आम आदमी पार्टी 22 पर सिमट गई.
Delhi,Delhi,Delhi
February 20, 2025, 15:16 IST

