जयपुर: नए साल में अपराधों पर लगाम लगाने के लिए जयपुर रेंज पुलिस ने खास प्लान तैयार किया है। रेंज आईजी अजयपाल लांबा ने रेंज के सभी जिलों में अपराधियों को चिन्हित करके गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को उनके निर्देश पर सभी 6 जिलों की टीमें फील्ड में उतरी। चुन-चुन कर वांछित और आपराधिक वारदातों में सक्रिय रहने वालों को दबोचा गया। रेंज आईजी अजयपाल लांबा ने बताया कि जयपुर ग्रामीण सहित रेंज से जिलों में कुल 1196 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की अलग अलग 243 टीमें बनाई गई। इन टीमों ने कुल 785 ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान कुल 377 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
सोते हुए पकड़े गए सभी बदमाश
आईजी अजयपाल लांबा ने बताया कि पुलिस जिला जयपुर ग्रामीण, अलवर, दौसा, कोटपूतली बहरोड, भिवाड़ी और खैरथल तिजारा में एक साथ कार्रवाई करने का प्लान बनाया था। पुलिस की टीमें सुबह 5 बजे ही फील्ड में उतर गई थी। बदमाशों की सूची पहले से तैयार थी। ऐसे में गंभीर वारदातों में लिप्त रहने वाले सक्रिय बदमाशों और वांछित अपराधियों के घरों पर दबिश दी गई। अधिकतर बदमाश अपने घरों में सोते हुए मिले जहां पर पुलिस ने उन्हें जगाया और पूछताछ करने के बाद हिरासत में लिया गया। थाने लाए जाने के बाद कुल 377 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में 15 बदमाश ऐसे हैं जो लूट, डकैती, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में कई महीनों से वांटेड थे। 99 बदमाश ऐसे हैं जिनके खिलाफ कोर्ट से स्थाई वारंट जारी था।
अलवर में सर्वाधिक 179 अरेस्ट
धरपकड़ की इस कार्रवाई के दौरान अलवर जिले में बड़ी कार्रवाई हुई। अलवर जिला पुलिस की 67 टीमों ने 194 ठिकानों पर दबिश देकर कुल 179 बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी में दूसरे स्थान पर दौसा जिला पुलिस रही जहां 297 पुलिसकर्मियों की 55 टीमों ने 167 ठिकानों पर दबिश देते हुए 56 बदमाशों को गिरफ्तार किया। जयपुर ग्रामीण में 46, भिवाड़ी जिले में 44, खैरथल तिजारा में 27 और कोटपूतली बहरोड़ जिला पुलिस ने कुल 25 बदमाशों को गिरफ्तार किया।