पंजाब में विधानसभा चुनाव भले ही 2027 में होने हैं, लेकिन सियासी बिसात अभी से बिछने लगी है. और इस चुनावी रण का सबसे बड़ा केंद्र बना है मोगा. आज यानी गुरुवार 26 नवंबर को आम आदमी पार्टी मोगा में बड़ी रैली कर चुनावी अभियान का आगाज करने जा रही है. इस रैली में अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान मौजूद रहेंगे. खास बात यह है कि कुछ ही दिन बाद 8 दिसंबर को इसी मोगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रैली करेंगे. यह रैली पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की 99वीं जयंती के मौके पर होगी. सवाल है कि आखिर मोगा में ऐसा क्या है कि पंजाब की सियासत की बड़ी पार्टियां इसी शहर को अपनी ताकत दिखाने के लिए चुन रही हैं?
मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली का नाम है ‘खुशहाल पंजाब महारैली’. 26 नवंबर को पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर होने वाली इस रैली को AAP ने 2027 विधानसभा चुनाव के अभियान की शुरुआत के तौर पर पेश किया है. अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान इस मंच से जनता के सामने अपनी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड रखेंगे. पार्टी की कोशिश है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं को चुनावी मुद्दा बनाया जाए. AAP इस रैली के जरिए सिर्फ अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरना नहीं चाहती, बल्कि विपक्ष को भी यह संदेश देना चाहती है कि 2027 में सत्ता बचाने के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है.
अचानक क्यों इतना अहम हो गया मोगा?
मोगा में AAP की रैली का सियासी महत्व अचानक इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि बीजेपी और अकाली दल ने छह साल बाद फिर हाथ मिला लिया है. 24 नवंबर को दोनों पार्टियों ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साफ किया कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा और सरकार बनने पर मुख्यमंत्री भी अकाली दल का होगा. इसके बाद अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने ऐलान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 दिसंबर को मोगा में रैली करेंगे. यह रैली प्रकाश सिंह बादल की 99वीं जयंती के मौके पर होगी. यानी AAP की रैली के ठीक बाद मोगा में बीजेपी-अकाली गठबंधन भी अपनी ताकत दिखाएगा. अब दोनों रैलियों में जुटने वाली भीड़ और नेताओं के संदेश की तुलना भी पंजाब की सियासत में चर्चा का विषय बनने वाली है.
आखिर मोगा ही क्यों चुन रही हैं पार्टियां?
मोगा को चुनने के पीछे सबसे बड़ी वजह है पंजाब का मालवा क्षेत्र. पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से करीब 69 सीटें मालवा क्षेत्र में आती हैं. यानी राज्य की लगभग 59 फीसदी विधानसभा सीटों पर मालवा का प्रभाव है.
पंजाब की सत्ता का रास्ता मालवा से होकर गुजरता है. आम आदमी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में इसी क्षेत्र में मजबूत प्रदर्शन के दम पर सत्ता हासिल की थी. इसलिए AAP के लिए मालवा में अपना जनाधार बचाए रखना बेहद जरूरी है. मोगा की भौगोलिक स्थिति भी इसे खास बनाती है. मोगा मालवा इलाके में आता. यह माझा, दोआबा और मालवा के लोगों के लिए पहुंच के लिहाज से एक महत्वपूर्ण केंद्र है. पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को यहां जुटाना आसान है.
मोगा में खूब दम दिखा रही बीजेपी
मोगा का महत्व सिर्फ भौगोलिक नहीं, बल्कि ऐतिहासिक भी है. 1996 में प्रकाश सिंह बादल ने इसी मोगा से अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन की घोषणा की थी. उस वक्त इस गठबंधन को पंजाब में हिंदू-सिख एकता के प्रतीक के तौर पर भी पेश किया गया था. इसके बाद 1997, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में अकाली दल-बीजेपी गठबंधन की जीत के साथ मोगा की रैलियों को पार्टी के लिए शुभ संकेत के तौर पर देखा जाने लगा. अब एक बार फिर अकाली दल और बीजेपी साथ आए हैं तो दोनों पार्टियां मोगा से अपनी राजनीतिक ताकत दिखाना चाहती हैं.
मोगा में बीजेपी की सक्रियता पहले भी दिखाई दे चुकी है. 14 मार्च 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोगा के किल्ली चाहलां में ‘बदलाव रैली’ की थी. उस रैली में बीजेपी ने 2027 का विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने और पंजाब में सत्ता हासिल करने का संदेश दिया था. लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है. बीजेपी ने अकाली दल के साथ दोबारा गठबंधन कर लिया है. ऐसे में 8 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी की रैली का मकसद दोनों दलों की एकजुटता और साझा चुनावी ताकत दिखाना भी होगा.
AAP के सामने कितनी बड़ी चुनौती?
AAP के सामने इस बार चुनौती 2022 के प्रदर्शन को दोहराने की है. एक तरफ कांग्रेस सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही है, तो दूसरी तरफ अकाली दल और बीजेपी का गठबंधन नए सिरे से चुनावी मैदान में उतर रहा है. AAP सरकार को अपने पांच साल के कामकाज का हिसाब देना होगा. वहीं विपक्ष कानून-व्यवस्था, नशे, बेरोजगारी और राज्य की आर्थिक स्थिति जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है.

