Last Updated:
Airport News: पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम्स अधिकारियों ने बैंकॉक से लौटे एक यात्री के पास से 44.27 लाख रुपये की 1.265 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की है. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुणे एयरपोर्ट पर लैंड होते ही एक शख्स को कस्टम ने अरेस्ट कर लिया है (फाइल फोटो)
पुणे: विदेश घूमने गया एक भारतीय यात्री जब बैंकॉक से लौटा तो शायद उसे अंदाजा भी नहीं था कि एयरपोर्ट पर उसकी यात्रा का अंत जेल में होगा. पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम्स अधिकारियों ने उसके ट्रॉली बैग से 1.265 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की है. अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 44.27 लाख रुपये बताई गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
यह कार्रवाई 19 अक्टूबर को बैंकॉक से एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-241 से पुणे पहुंचे यात्री के खिलाफ की गई. मंगलवार, 20 अक्टूबर को अधिकारियों ने इस बरामदगी की जानकारी दी. एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और पुणे कस्टम्स की एयरपोर्ट टीम ने यात्री को रोककर उसके सामान की तलाशी ली थी.
ट्रॉली बैग में ऐसा क्या मिला कि तुरंत हरकत में आए अधिकारी?
पुणे के लोहेगांव स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने यात्री के काले रंग के ट्रॉली बैग की बारीकी से जांच की. शुरुआत में बैग सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन उसकी अंदरूनी लाइनिंग में छिपाकर रखे गए सामान ने अधिकारियों का शक बढ़ा दिया.
जांच के दौरान बैग की साइड लाइनिंग में दो विशेष रूप से बनाई गई जगहें मिलीं. इन गुप्त खानों में प्रतिबंधित पदार्थ छिपाया गया था. ये जगहें यात्री के निजी सामान के नीचे बनाई गई थीं, ताकि सामान्य तलाशी में उन पर आसानी से नजर न पड़े. जब अधिकारियों ने बैग की अंदरूनी लाइनिंग खोली, तो वहां से वैक्यूम-सीलबंद प्लास्टिक के दो पैकेट मिले. इनमें पीले-हरे रंग का सूखा वनस्पति पदार्थ भरा हुआ था. शुरुआती फील्ड टेस्ट में इसकी पहचान हाइड्रोपोनिक वीड के रूप में हुई.
44.27 लाख रुपये की बताई गई कीमत
कस्टम्स अधिकारियों के मुताबिक, बरामद प्रतिबंधित पदार्थ का कुल वजन 1.265 किलोग्राम है. अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 44.27 लाख रुपये आंकी गई है. हाइड्रोपोनिक वीड को नियंत्रित परिस्थितियों में पानी और पोषक तत्वों की मदद से उगाया जाता है. इसके उत्पादन में मिट्टी की जगह विशेष तकनीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है. अधिकारियों ने पूरी खेप को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत जब्त कर लिया है.
एयरपोर्ट पर पकड़ा गया, फिर अदालत ने भेजा न्यायिक हिरासत में
बरामदगी के बाद यात्री को एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया. इसके बाद उसे सक्षम न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया. अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया. यानी बैंकॉक से पुणे पहुंचे यात्री की यात्रा एयरपोर्ट पर ही कानूनी कार्रवाई में बदल गई. हालांकि, आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा.
कहां से आया था नशीला पदार्थ? अब सप्लाई नेटवर्क की जांच
कस्टम्स विभाग ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का पता लगाने पर जोर है कि प्रतिबंधित पदार्थ कहां से हासिल किया गया था और क्या इसके पीछे कोई अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क काम कर रहा है. जांचकर्ता यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यात्री का किसी सप्लाई चेन से संबंध था या नहीं और इस मामले में दूसरे लोग भी शामिल हैं या नहीं.
About the Author
अरुण बिंजोला वर्तमान में News18 हिंदी में एसोसिएट एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वह करीब 19 वर्षों से काम कर रहे हैं, जिसमें 13 वर्षों से अधिक समय डिजिटल मीडिया में बी…

