
कुवैत सिटी (कुवैत): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुवैत के कैनवास पर भारतीयता का रंग लगा है. उन्होंने शहर के शेख साद अल अब्दुल्ला इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सामुदायिक कार्यक्रम ‘हला मोदी’ में भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा, “अभी ढाई घंटे पहले ही यहां पहुंचा हूं. आप लोगों को देखकर ऐसा लग रहा है कि यहां मिनी हिन्दुस्तान उमड़ आया है. यहां पर भारत के हर इलाके के लोग, अलग-अलग भाषा बोलने वाले लोग दिखाई दे रहे हैं. लेकिन सबके दिल में एक ही गूंज है – भारत माता की जय.”
पीएम मोदी ने कहा, “मेरे लिए ये पल बहुत खास है. चार दशक से भी ज्यादा समय यानी 43 साल बाद भारत का कोई प्रधानमंत्री कुवैत आया है. हिंदुस्तान से यहां आने में 4 घंटे लगते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री को यहां आने में 4 दशक लग गए. आपने कुवैत में भारत के टैलेंट, टेक्नोलॉजी और ट्रेडिशन का मसाला मिक्स किया है. इसलिए मैं आज यहां सिर्फ आपसे मिलने ही नहीं आया हूं, आप सभी की उपलब्धियों को सेलिब्रेट करने आया हूं.”
उन्होंने कहा, “मैं जब भी कुवैत के नेताओं से बात करता हूं तो वे यहां काम करने वाले भारतीयों के योगदान की प्रशंसा करते हैं. कुवैती नागरिक भी आपकी कड़ी मेहनत, ईमानदारी और कौशल के कारण भारतीयों के प्रति गहरी प्रशंसा रखते हैं. आज, भारत धन भेजने के मामले में दुनिया में पहले स्थान पर है. इस सफलता का अधिकांश श्रेय आप जैसे समर्पित व्यक्तियों को दिया जा सकता है. इसके अतिरिक्त, हमारे साथी देशवासी आपके योगदान को महत्व देते हैं और उसका सम्मान करते हैं.”
भारतीय समुदायों से पीएम मोदी ने कहा, “भारत और कुवैत का रिश्ता… सभ्यताओं का है… सागर का है… व्यापार-कारोबार का है. भारत और कुवैत, अरब सागर के दो किनारों पर बसे हैं. हमें सिर्फ डिप्लोमेसी ने ही नहीं, बल्कि दिलों ने आपस में जोड़ा है. हमारा वर्तमान ही नहीं, बल्कि हमारा अतीत भी हमें जोड़ता है.”
Tags: Narendra modi
FIRST PUBLISHED : December 21, 2024, 19:16 IST

