Last Updated:
PM Modi France Visit LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस पहुंच चुके हैं. यहां वे कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. पीएम मोदी G-7 शिखर सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे. इसके अलावा फ्रांस में आयोजित होने वाले भारत इ…और पढ़ें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस दौरे पर जी-7 समेत कई हाई-प्रोफाइल सम्मेलनों में हिस्सा लेंगे.
PM Modi France Visit LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने फ्रांस दौरे के दौरान रविवार को फ्रांस के नीस शहर में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स 2026’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे. इस अवसर पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी उनके साथ मौजूद रहेंगे. यह पहल भारत के उच्च शिक्षण संस्थानों और केंद्रीय वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों से उभर रहे नवाचारों और प्रौद्योगिकी आधारित स्टार्टअप्स को वैश्विक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है. ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का लक्ष्य देश के सबसे संभावनाशील प्रौद्योगिकी उद्यमों की पहचान करना, उन्हें मार्गदर्शन देना और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों, उद्योग जगत के नेताओं, नीति-निर्माताओं, अनुसंधान संस्थानों तथा तकनीकी साझेदारों से जोड़ना है. कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय स्टार्टअप्स को वैश्विक बाजारों और निवेश के अवसरों तक पहुंच उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा. उधर, व्हाइट हाउस ने पीएम मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच संभावित मुलाकात की पुष्टि कर दी है.
भारत इनोवेट्स प्रोग्राम पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा, ‘अब सवाल यह नहीं है कि भारत नवाचार करता है या नहीं, बल्कि यह है कि भारत के साथ कौन नवाचार करेगा.’ उनके इस बयान को भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता और ग्लोबल इनोवेशन में उसकी मजबूत भूमिका के रूप में देखा जा रहा है. कार्यक्रम में सरकार, उद्योग, शिक्षा जगत, निवेश और अनुसंधान क्षेत्र से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. साथ ही भारत के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जो देश में अनुसंधान, उद्यमिता और डीप-टेक नवाचार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. यह मंच अनुसंधान से बाजार तक की यात्रा को तेज करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत बनाने का अवसर प्रदान करेगा. भारत के शिक्षा मंत्रालय ने भी एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि ‘भारत इनोवेट्स 2026’ भारत के तेजी से विकसित हो रहे इनोवेशन और डीप-टेक इकोसिस्टम को वैश्विक समुदाय के सामने प्रस्तुत करेगा. मंत्रालय के अनुसार यह आयोजन अनुसंधान, नवाचार और प्रौद्योगिकी-आधारित विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है.
विवाटेक-2026
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब फ्रांस में 17 से 20 जून तक विवाटेक (VivaTech) 2026 का आयोजन होने जा रहा है, जिसे यूरोप का सबसे बड़ा स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी सम्मेलन माना जाता है. इस वर्ष के आयोजन में भारत का राष्ट्रीय मंडप सबसे बड़ा होगा, जो भारतीय और यूरोपीय इनोवेशन इकोसिस्टम के बीच बढ़ती साझेदारी का प्रतीक माना जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दौरे को भारत-फ्रांस तकनीकी सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का अवसर बताते हुए फ्रांस में बसे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करने की बात कही है. विशेषज्ञों का मानना है कि ‘भारत इनोवेट्स 2026’ भारत को वैश्विक नवाचार केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है.
PM Modi France Visit Live: पीएम मोदी का आज का शेड्यूल
पीएम मोदी का फ्रांस विजिट लाइव: प्रधानमंत्री मोदी के फ्रांस दौरे के पहले चरण के तहत कई अहम कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. भारतीय समय के अनुसार उनका आज का कार्यक्रम इस तरह है -:
दोपहर 2:30 बजे से 3:35 बजे तक (IST) – Bharat Innovates कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपति मैक्रों के साथ करेंगे.
शाम 4:00 बजे (IST) – Villa Kerylos पहुंचेंगे.
शाम 4:10 बजे से 5:10 बजे तक (IST) – राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक.
शाम 5:20 बजे से 6:50 बजे तक (IST) – राष्ट्रपति मैक्रों द्वारा आयोजित लंच में हिस्सा लेंगे
रात 8:10 बजे (IST) – नीस एयरपोर्ट के लिए रवाना.
रात 8:30 बजे (IST) – वियना होते हुए ब्रातिस्लावा (स्लोवाकिया) के लिए प्रस्थान.
PM Modi France Visit Live: पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच आज द्विपक्षीय वार्ता
पीएम मोदी का फ्रांस विजिट लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने यूरोप दौरे की शुरुआत फ्रांस से की है. 14 जून को नीस में उनकी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक होगी. इस वर्ष दोनों देशों के संबंधों को ‘स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा दिए जाने के बाद यह मुलाकात विशेष महत्व रखती है. दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का शुभारंभ भी करेंगे. तीन दिवसीय इस नवाचार सम्मेलन का उद्देश्य भारत, फ्रांस और अन्य देशों के स्टार्टअप्स तथा वेंचर कैपिटल फंड्स को एक मंच पर लाकर उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाना है. फ्रांस दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी 14-15 जून को स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा पर जाएंगे. यह 1993 में स्लोवाकिया की स्वतंत्रता के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी. इसके बाद वह फ्रांस लौटकर एवियन में जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे.
PM Modi France Visit Live: भारत-फ्रांस मिलकर विकसित कर सकते हैं 6th जेनरेशन का लड़ाकू विमान
पीएम मोदी का फ्रांस विजिट लाइव: भारत और फ्रांस के बीच छठी पीढ़ी (सिक्स्थ-जनरेशन) के लड़ाकू विमान के संयुक्त विकास को लेकर बातचीत तेज हो गई है. यह परियोजना भारत की वायु शक्ति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है. यूरोप के फ्यूचर कॉम्बैट एयर सिस्टम (FCAS) कार्यक्रम में फ्रांस, जर्मनी और स्पेन के बीच मतभेदों के कारण आई रुकावट के बाद पेरिस ने नई साझेदारी की संभावनाएं तलाशनी शुरू की हैं. सूत्रों के अनुसार, भारत और फ्रांस संयुक्त रूप से अगली पीढ़ी के लड़ाकू विमान कार्यक्रम पर काम करने के विकल्पों पर विचार कर रहे हैं. इस दिशा में दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों, Rajnath Singh और Catherine Vautrin के बीच भी चर्चा हो चुकी है. उन्नत विमान इंजन तकनीक के हस्तांतरण पर भी बातचीत आगे बढ़ रही है. अमेरिका, चीन और रूस पहले से ही अपने अगली पीढ़ी के लड़ाकू विमान कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रहे हैं. ऐसे में भारत इस क्षेत्र में पीछे नहीं रहना चाहता और फ्रांस के साथ संभावित साझेदारी को रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
PM Modi France Visit Live: पीएम मोदी की 16 महीनों बाद डोनाल्ड ट्रंप से होगी मुलाकात
पीएम मोदी का फ्रांस विजिट लाइव: व्हाइट हाउस ने कंफर्म कर दिया है कि फ्रांस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाकात होगी. भारत और अमेरका के बीच ट्रेड से लेकर डिफेंस तक से जुड़े मुद्दों पर बातचीत चल रही है. पीएम मोदी और ट्रंप के बीच मुलाकात से दोनों देशों के संबंधों में मजबूती आने की उम्मीद है.
PM Modi France Visit Live: इनोवेशन, निवेश और तकनीकी सहयोग पर फोकस
पीएम मोदी का फ्रांस विजिट लाइव: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस दौरे के तहत 13-14 जून को नीस में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. 14 जून को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी, जिसमें भारत-फ्रांस संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी. दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे. इस आयोजन में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप्स तथा वेंचर कैपिटल फंड्स शामिल होंगे. कार्यक्रम का उद्देश्य इनोवेशन, निवेश और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देना है.
PM Modi France Visit Live: स्लोवाकिया में भारतीय समुदाय ने कहा- पीएम मोदी का दौरा सकारात्मक संकेत
पीएम मोदी का फ्रांस विजिट लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्लोवाकिया के आधिकारिक दौरे से पहले भारतीय समुदाय ने बढ़ते मौकों के लिए अपनी उत्सुकता दिखाई और इस दौरे को एक सकारात्मक संकेत बताया. स्लोवाकिया में लगभग 18 साल से रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्य अविनाश विजय कुमार ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया, ‘यह हमारे लिए एक तरह का सौभाग्य और ऐतिहासिक पल है और हम बहुत खुश हैं कि पीएम नरेंद्र मोदी हमारे लिए कुछ समय निकाल रहे हैं. हमारे बहुत से लोग पहले से ही स्किल सेक्टर में काम कर रहे हैं, खासकर ऑटोमोबाइल और दूसरे सेक्टर में और भविष्य में यह और बढ़ेगा. यह बहुत अच्छा संकेत है। इससे भारतीयों के लिए और मौके बनेंगे.’
PM Modi France Visit Live: भारत-फ्रांस के संबंध होंगे और मजबूत – विदेश मंत्रालय
पीएम मोदी का फ्रांस विजिट लाइव: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि इस दौरे से खास क्षेत्रों में भारत-फ्रांस के बीच सहयोग को मजबूत करने का मौका मिलेगा. भारत और फ्रांस साल 2026 को ‘ईयर ऑफ इनोवेशन’ के तौर पर मनाएंगे. इस वजह से इनोवेशन के क्षेत्र में खास फोकस होगा. विदेश मंत्रालय ने बताया कि ‘भारत इनोवेट्स’ इवेंट भारत के इनोवेशन इकोसिस्टम को दिखाएगा और स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स को अपने कटिंग-एज सॉल्यूशन और प्रोडक्ट्स पेश करने के लिए एक प्लेटफॉर्म देगा. पीएम मोदी फ्रांस में G7 शिखर सम्मेलन में भी शामिल होंगे. इसके साथ ही फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मिलकर ‘भारत इनोवेट्स 2026’ का उद्घाटन करेंगे. नीस में ही प्रधानमंत्री 14 जून 2026 को राष्ट्रपति मैक्रों के साथ मिलकर ‘भारत इनोवेट्स’ का उद्घाटन करेंगे. यह आयोजन ‘इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन’ के तहत हो रहा है, जिसका उद्देश्य भारत के उभरते स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ना और देश के उच्च शिक्षा संस्थानों से निकलने वाले इनोवेशन को बढ़ावा देना है.
PM Modi France Visit Live: पीएम मोदी को देखते ही उमड़ी भारतवंशियों की भावनाएं
पीएम मोदी का फ्रांस विजिट लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शनिवार को फ्रांस के नीस में भारतीय समुदाय की ओर से गर्मजोशी भरा स्वागत मिला. बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय तिरंगा लहराते हुए उनके स्वागत के लिए पहुंचे और अपने उत्साह का प्रदर्शन किया. इस दौरान समुदाय के कई सदस्यों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात को भावुक और यादगार क्षण बताया. मुजफ्फरनगर के छात्र हसनैन जैदी ने कहा कि विदेश में रहते हुए अक्सर अपनापन महसूस नहीं होता, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को सामने देखकर ऐसा लगा जैसे अपने घर का कोई सदस्य उनसे मिलने आया हो. वहीं, प्रवासी भारतीय श्रीशैल ने कहा कि प्रधानमंत्री से मुलाकात उनके लिए बेहद संतोषजनक और यादगार अनुभव रही.
PM Modi France Visit Live: पीएम मोदी का नीस में जोरदार स्वागत
पीएम मोदी का फ्रांस विजिट लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्रांस पहुंचते ही भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय की तरफ से मिले इस सम्मान को यादगार बताया. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, ‘नीस में भारतीय समुदाय की ओर से एक यादगार स्वागत. भले ही वे घर से कई किलोमीटर दूर हैं, लेकिन भारत के साथ हमारे समुदाय का संबंध पहले की तरह ही मजबूत है.’ फ्रांस पहुंचते ही प्रधानमंत्री ने कहा, ‘नीस पहुंच गया. नीस के अलावा इस फ्रांस दौरे में एवियन और पेरिस में कार्यक्रम शामिल हैं. द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बातचीत होगी, जिनका मकसद मुख्य विकास साझेदारों के साथ भारत की दोस्ती को बेहतर बनाना होगा. मैं रविवार को राष्ट्रपति मैक्रों से मिलने और ‘भारत इनोवेट्स’ में शामिल होने का इंतजार कर रहा हूं.’
Un accueil mémorable de la part de la communauté indienne de Nice.
Bien qu’ils se trouvent à plusieurs kilomètres de leur pays, le lien de notre diaspora avec l’Inde demeure plus fort que jamais. pic.twitter.com/gmszw3rfPQ
— Narendra Modi (@narendramodi) June 13, 2026

