Last Updated:
ऑस्ट्रेलिया में रह रही उनकी बेटी ने एक भावुक वीडियो जारी कर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपने पिता को खोजने की अपील की थी. अब पुलिस की जांच में सामने आए सनसनीखेज खुलासों ने सभी को हैरान कर दिया है. मामले में मृतक के भाई, भाभी, भतीजे समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो प्रॉपर्टी डीलर अभी भी फरार हैं. पुलिस शव की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है.
ऑस्ट्रेलियाई नागरिक सुनील शर्मा अपनी कोठी को बेचने के लिए पंजाब आए थे.
चंडीगढ़. रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात पंजाब के अमृतसर से सामने आई है. ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रहने वाले एनआरआई सुनील शर्मा की कथित तौर पर उनकी ही जायदाद के लालच में हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सुनील शर्मा के भाई, भाभी और अन्य आरोपियों ने पहले उन्हें खाने में नींद की गोलियां देकर बेहोश किया और फिर बेसबॉल बैट से सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को हरिके हेडवर्क्स नहर में फेंक दिया. सुनील शर्मा 22 मई को ऑस्ट्रेलिया से भारत आए थे, लेकिन इसके अगले ही दिन उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई.
एसएसपी अमृतसर देहाती कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि 23 मई 2026 को फतेहगढ़ चूड़ियां निवासी गौरव कंधारी ने थाना कंबो में अपने मित्र सुनील शर्मा के लापता होने की सूचना दी थी. सुनील शर्मा, जो ऑस्ट्रेलिया का नागरिक था, अपनी अमृतसर स्थित कोठी की मरम्मत और बिक्री के सिलसिले में पंजाब आया हुआ था. उससे संपर्क न होने पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुनील शर्मा के भाई सतीश शर्मा उर्फ सन्नी ने कुछ प्रॉपर्टी डीलरों के साथ मिलकर उसकी संपत्ति हड़पने की साजिश रची थी. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले धोखे से पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार करवाई और बाद में सुनील शर्मा की दोनों कोठियां अपने नाम करवा लीं. एसएसपी ने बताया कि 22 मई को प्रॉपर्टी डीलरों ने सुनील शर्मा को कोठी बेचने के बहाने अमृतसर बुलाया.
योजना के तहत उसके खाने में नींद की गोलियां मिलाई गईं. बाद में जब वह अचेत अवस्था में था तो उसका भाई सतीश शर्मा अपने बेटे सुनीश शर्मा के साथ मौके पर पहुंचा और बेसबॉल बैट से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद सतीश शर्मा की पत्नी अनुष्का शर्मा भी मौके पर पहुंची. आरोपियों ने शव को गद्दे में लपेटकर सुनील शर्मा की कार में रखा और बाद में हरिके हेडवर्क्स के पास नदी में फेंक दिया. सबूत मिटाने के लिए सुनील शर्मा की कार को श्री दरबार साहिब की पार्किंग में खड़ा कर दिया गया.
पुलिस ने इस मामले में सतीश शर्मा, उसकी पत्नी अनुष्का शर्मा, पुत्र सुनीश शर्मा और लक्ष्मण सिंह उर्फ बल्ल को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि मनजिंदर सिंह और जजबीर सिंह उर्फ बाबा नामजद हैं और उनकी तलाश जारी है. एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीमें हरिके पत्तन पहुंचीं और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव की तलाश की गई, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण अभी तक मृतक का शव बरामद नहीं हो सका है.
About the Author
चमन पलानिया न्यूज 18 इंडिया चंडीगढ़ ब्यूरो में 2007 से कार्यरत हैं. वह एक मल्टीमीडिया और बहुभाषी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 18 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्हें उत्तर भारत म…और पढ़ें

