नई दिल्ली (NEET UG Paper Leak Case LIVE). देश के लाखों मेडिकल उम्मीदवारों का भविष्य तय करने वाली नीट यूजी 2026 परीक्षा विवादों के सबसे बड़े भंवर में फंसी हुई है. 3 मई को जैसे ही उम्मीदवार परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले, उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही दिनों में उनकी मेहनत पर पेपर लीक का साया पड़ने वाला है. सोशल मीडिया पर Guess पेपर लीक होने के दावों से शुरू हुआ यह मामला देश के सबसे बड़े शिक्षा संकट में बदल चुका है. आज यानी 29 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में नीट यूजी पेपर लीक मामले की सुनवाई की जाएगी.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: तकनीकी अपग्रेडेशन और ऑनलाइन मोड का रोडमैप
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा नीतिगत ऐलान किया. उन्होंने कहा कि सालों से चली आ रही पेन-और-पेपर (ऑफलाइन) ओएमआर शीट वाली व्यवस्था में गड़बड़ी की गुंजाइश ज्यादा रहती है, इसलिए इसे जल्द ही खत्म किया जाएगा. आगामी समय में नीट परीक्षा को पूरी तरह से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) यानी ऑनलाइन मोड में शिफ्ट करने का रोडमैप तैयार किया जा रहा है. इस डिजिटल बदलाव से पेपर लीक और फिजिकल कॉपी की चोरी हमेशा के लिए रुक जाएगी.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: अभेद्य सुरक्षा के लिए सेना की मदद का प्रस्ताव
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: री-एग्जामिनेशन को पूरी तरह फुलप्रूफ बनाने के लिए राजनाथ सिंह के आवास पर हुई बैठक में प्रश्नपत्रों के सुरक्षित ट्रांसपोर्टेशन को लेकर बड़ी चर्चा हुई. रक्षा मंत्री ने प्रस्ताव दिया कि अगर जरूरत पड़ी तो संवेदनशील प्रश्नपत्रों को देश के दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए भारतीय वायुसेना (IAF) के विशेष विमानों और सुरक्षाबलों की मदद ली जा सकती है. इस कदम का उद्देश्य परीक्षा सामग्री के लॉजिस्टिक्स को पूरी तरह से सुरक्षित और मानवीय दखल से दूर रखना है जिससे लीक की संभावना शून्य हो सके.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: एनटीए की जवाबदेही और रिफॉर्म्स
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: शिक्षा मंत्री ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के कामकाज पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि एजेंसी के अंदर जवाबदेही तय करने का काम शुरू हो चुका है. एनटीए के प्रशासनिक ढांचे में बड़े रिफॉर्म्स किए जा रहे हैं जिससे भविष्य में ऐसी गंभीर मानवीय चूक दोबारा न हो सके. धर्मेंद्र प्रधान ने स्पष्ट किया कि जिन भी अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई जाएगी, उन्हें न सिर्फ पद से बर्खास्त किया जाएगा बल्कि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. पूरा सिस्टम अब पूरी तरह पारदर्शी बनाया जा रहा है.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: लीक सिंडिकेट पर राजनाथ सिंह का कड़ा रुख
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस पूरे मामले पर बेहद सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि देश के अंदर सक्रिय किसी भी पेपर लीक माफिया या सिंडिकेट को बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने साफ चेतावनी दी कि चाहे कोई कितना भी रसूखदार क्यों न हो, अगर उसने छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया है तो उसे कानून के शिकंजे में आना ही होगा. राजनाथ सिंह ने जांच एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि इस काले धंधे की आखिरी कड़ी तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जाए.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: युवाओं के भविष्य से कोई समझौता नहीं
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने साफ लफ्जों में कहा कि देश के लाखों होनहार छात्रों के भविष्य और उनकी मेहनत के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि परीक्षा की शुचिता को बहाल करना सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता है. सरकार उम्मीदवारों के मन में चल रही हर आशंका को दूर करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. धर्मेंद्र प्रधान नेअपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी तैयारी पर भरोसा रखें, क्योंकि जीत सिर्फ योग्यता की होगी.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: सिस्टम पर उठे सवाल
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: नीट यूजी जैसी मेगा परीक्षा का अचानक रद्द होना भारतीय शिक्षा के इतिहास में काले अध्याय की तरह दर्ज हो गया. इस फैसले ने साफ कर दिया कि परीक्षा प्रणाली के अंदर की कमियां कितनी गहरी हो चुकी थीं. हालांकि इस फैसले से उन छात्रों को राहत मिली जो ईमानदारी से परीक्षा दे रहे थे, लेकिन झटका भी बड़ा था.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: जा4ंच के बाद रद्द की नीट यूजी परीक्षा
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: अलग-अलग राज्यों की पुलिस और आंतरिक जांच कमेटी से मिले चौंकाने वाले इनपुट्स के बाद, आखिरकार 12 मई 2026 को नीट यूजी परीक्षा को पूरी तरह रद्द करने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: शिक्षा मंत्रालय का एक्शन
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: उम्मीदवारों के लगातार बढ़ते भारी दबाव और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने तुरंत एक्शन लिया. मंत्रालय ने मामले की गहराई से जांच करने के लिए उच्च-स्तरीय आंतरिक कमेटी का गठन कर दिया. इस कमेटी को जल्द से जल्द पूरी रिपोर्ट सौंपने और दोषियों की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: सड़कों पर उतरे उम्मीदवार
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: दिल्ली, कोटा, जयपुर और पटना जैसे बड़े एजुकेशनल हब्स में हजारों उम्मीदवारों ने सड़कों पर उतरकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया. छात्रों का गुस्सा इस बात को लेकर था कि उनकी सालों की मेहनत को चंद पैसे कमाने वाले माफियाओं ने सरेआम नीलाम कर दिया और पूरा सिस्टम मूकदर्शक बना रहा.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: मैदान में कूदा विपक्ष
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: इस पूरे संवेदनशील मुद्दे को विपक्ष ने तुरंत हाथों-हाथ लिया और केंद्र सरकार पर देश की शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का सीधा आरोप मढ़ दिया. विपक्ष ने संसद से लेकर सड़कों तक इस मुद्दे पर सरकार को घेरना शुरू किया, जिससे यह मामला बड़े राष्ट्रीय राजनीतिक विवाद में तब्दील हो गया.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: एनटीए ने खारिज कर दिए थे दावे
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुरुआत में इन सभी गंभीर दावों को पूरी तरह से खारिज करने की पुरजोर कोशिश की थी. एनटीए का कहना था कि परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से आयोजित की गई है और सोशल मीडिया पर चल रहे दावे मनगढ़ंत हैं. लेकिन स्टूडेंट्स के बढ़ते विरोध के आगे एनटीए का यह दावा ज्यादा टिक नहीं सका.
NEET UG Paper Leak Case LIVE: उम्मीदवारों का एनटीए के खिलाफ गुस्सा
नीट यूजी पेपर लीक मामला लाइव: पेपर लीक की खबरें आग की तरह फैलते ही उम्मीदवारों और अभिभावकों ने सोशल मीडिया पर ‘NEET Paper Leak’ और ‘Justice for NEET Students’ जैसे हैशटैग चलाकर भारी विरोध दर्ज कराना शुरू कर दिया. देश के कोने-कोने से नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी एनटीए के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा और हर तरफ जांच की मांग उठने लगी.
NEET Paper Leak Case LIVE: कई राज्यों में मिले सबूत
नीट पेपर लीक मामला लाइव: राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में स्थानीय पुलिस को शुरुआती तफ्तीश में ही पेपर के कुछ अहम हिस्से मैच होने के पुख्ता सबूत मिले थे. पुलिस को कुछ संदिग्ध वॉट्सऐप चैट्स और डिलीट किए गए मेसेज मिले, जो सीधे तौर पर इस बात की गवाही दे रहे थे कि नीट का पेपर परीक्षा से पहले ही लीक हो चुका था.
NEET Paper Leak Case LIVE: गेस पेपर के नाम पर आ गया असली पेपर
नीट पेपर लीक मामला लाइव: जांच में सामने आया कि वॉट्सऐप और टेलीग्राम जैसे मेसेजिंग ऐप्स पर परीक्षा से ठीक पहले कथित ‘गैस पेपर’ और आंसर-की धड़ल्ले से शेयर की जा रही थी. इन ग्रुप्स में शामिल लोगों से पेपर के बदले मोटी रकम वसूलने की बात भी सामने आई. इस डिजिटल सबूत ने देशभर के उम्मीदवारों और अभिभावकों के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया.
NEET Paper Leak Case LIVE: कुछ ही घंटों में आई पेपर लीक की खबर
नीट पेपर लीक मामला लाइव: जैसे ही 3 मई की शाम को परीक्षा खत्म हुई, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पेपर लीक होने की अफवाहें और चौंकाने वाले दावे तेजी से तैरने लगे. कई उम्मीदवारों और एक्टिविस्ट्स ने दावा किया कि परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही प्रश्नपत्र के कुछ हिस्से लीक हो चुके थे, जिससे पूरी परीक्षा की शुचिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए.
NEET Paper Leak Case LIVE: 22 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने भरा था नीट फॉर्म
नीट पेपर लीक मामला लाइव: इस साल नीट यूजी परीक्षा में देशभर के लगभग 22.8 लाख से ज्यादा मेडिकल उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था. इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों का शामिल होना साफ दिखाता है कि इस परीक्षा से देश के कितने परिवारों की उम्मीदें जुड़ी हुई थीं. लेकिन परीक्षा खत्म होने के कुछ ही घंटों के अंदर इन सभी उम्मीदों पर पानी फिरने की शुरुआत हो गई.
NEET Paper Leak Case LIVE: 3 मई को हुई थी नीट यूजी परीक्षा
नीट पेपर लीक मामला लाइव: देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 का आयोजन इस साल 3 मई को देश और विदेश के हजारों परीक्षा केंद्रों पर किया गया था. इस परीक्षा के लिए सालों से तैयारी कर रहे लाखों छात्रों को उम्मीद थी कि इस बार उनका डॉक्टर बनने का सपना पूरा हो जाएगा, लेकिन उन्हें क्या पता था कि परीक्षा के पीछे बहुत बड़ा खेल खेला जा चुका है.

