नई दिल्ली (NEET UG 2026 Exam Day LIVE). देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी आज दोपहर 2:00 बजे शुरू होगी. डॉक्टर बनने का सपना देख रहे लाखों उम्मीदवार इस समय अपनी आखिरी तैयारियों को समेट रहे हैं. परीक्षा दोपहर की शिफ्ट में है. इसलिए आपके पास सेंटर के लिए निकलने से पहले जरूरी डॉक्यूमेंट्स और गाइडलाइंस को एक बार ठंडे दिमाग से री-चेक करने का काफी समय है. आखिरी वक्त की हड़बड़ी से बचने के लिए जरूरी है कि आप अभी से अपनी चेकलिस्ट तैयार कर लें.
NEET UG 2026 LIVE: परीक्षा केंद्रों पर एनटीए की विशेष दीवार घड़ियां
नीट यूजी 2026 लाइव: एनटीए ने आज आयोजित हो रहे नीट री-एग्जामिनेशन को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए बेहद सख्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं. इसके तहत परीक्षा केंद्रों के हर क्लासरूम के लिए एनटीए ने खुद अपनी तरफ से दीवार घड़ियां भेजी हैं. इस बार परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए न सिर्फ अभ्यर्थियों, बल्कि ड्यूटी पर तैनात इन्विजिलेटर्स और अन्य स्टाफ के लिए भी किसी भी तरह की हाथ की घड़ी पहनकर आने पर सख्त पाबंदी लगा दी गई है. परीक्षा केंद्र में मौजूद सभी लोग सिर्फ एनटीए की दीवार घड़ी से ही समय देख सकेंगे. इसके साथ ही सुरक्षा नियमों को सख्त करते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर वीक्षकों और स्टाफ को मोबाइल फोन ले जाने की भी अनुमति नहीं दी गई है.
NEET UG 2026 LIVE: दुबई और शारजाह के परीक्षा केंद्रों पर एनटीए का अहम अपडेट
नीट यूजी 2026 लाइव: एनटीए नीट यूजी 2026 री-एग्जामिनेशन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई और शारजाह शहरों में भी होगा. इसके लिए दुबई में ‘द इंडियन हाई स्कूल’ (The Indian High School) और शारजाह में ‘शारजाह इंडियन स्कूल’ (Sharjah Indian School) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. एनटीए ने सभी उम्मीदवारों को ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in से एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सलाह दी है. परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज तस्वीरें और वैध फोटो पहचान पत्र लेकर पहुंचें.
NEET UG 2026 LIVE: बिहार के परीक्षा केंद्रों में चप्पे-चप्पे पर नजर
नीट यूजी 2026 लाइव: नीट यूजी 2026 को लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर और पूर्णिया जिलों में प्रशासन अलर्ट है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. आज होने वाली इस परीक्षा के लिए मुजफ्फरपुर में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है. इसकी मॉनिटरिंग सीधे कंट्रोल रूम से की जा रही है. परीक्षार्थियों को जाम से बचाने के लिए शहर के ट्रैफिक रूट में भी बदलाव किए गए हैं. पूर्णिया जिले में परीक्षा को लेकर प्रशासनिक मुस्तैदी चरम पर है. यहां 12 केंद्रों पर कुल 4,880 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे.
NEET UG 2026 LIVE: नीट यूजी एडमिट कार्ड को लेकर एनटीए की जरूरी गाइडलाइंस
नीट यूजी 2026 लाइव: नीट यूजी 2026 का री-एग्जामिनेशन आज, रविवार 21 जून 2026 को है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़े नियमों को लेकर उम्मीदवारों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं:
- नया एडमिट कार्ड ही मान्य: जिन उम्मीदवारों ने अभी तक एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किया है, वे तुरंत ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर इसे डाउनलोड करें. किसी भी भ्रम से बचने के लिए वेबसाइट का यूआरएल खुद ब्राउजर में टाइप करें.
- 3 मई वाला एडमिट कार्ड अमान्य: परीक्षा केंद्र पर एंट्री के लिए 3 मई का एडमिट कार्ड मान्य नहीं होगा. उम्मीदवारों को अनिवार्य रूप से केवल आज (21 जून) की परीक्षा के लिए जारी नया एडमिट कार्ड ही साथ लाना होगा.
- एक ही बार करें डाउनलोड: एनटीए ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड को केवल एक ही बार डाउनलोड करने की जरूरत है. परीक्षा केंद्र पर जाने से पहले एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देश बेहद ध्यान से पढ़ लें.
- हर माध्यम से दी जा रही सूचना: एनटीए ने पब्लिक नोटिस, SMS, ईमेल और WhatsApp सहित हर संभव माध्यम से उम्मीदवारों से संपर्क किया है, जिससे कोई भी परीक्षार्थी एडमिट कार्ड से वंचित न रहे.
- मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर: अगर किसी भी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में समस्या आ रही है तो वे एनटीए के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर कॉल कर सकते हैं या neetug2026@nta.ac.in पर ईमेल भेजकर मदद ले सकते हैं.
NEET UG 2026 LIVE: उम्मीदवारों के लिए खास सुविधाएं और अफवाहों से बचने की अपील
नीट यूजी 2026 लाइव: लॉजिस्टिक्स को सुरक्षित करने के लिए वायुसेना और डाक विभाग के सहयोग से 20 जून को देशव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी. एनटीए ने परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए केंद्रों पर पीने का पानी, ORS, एम्बुलेंस, अभिभावकों के लिए शेड और बैठने की जगह, हर कमरे में दीवार घड़ी, अतिरिक्त रफ शीट और एंट्री की औपचारिकताओं के लिए अतिरिक्त समय की व्यवस्था की है. इसके साथ ही एनटीए ने सभी भावी डॉक्टरों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही ‘पेपर लीक’ की झूठी और भ्रामक अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें. केवल ऑफिशियल सूचनाओं पर भरोसा करते हुए कॉन्फिडेंस और शांति के साथ परीक्षा दें.
NEET UG 2026 LIVE: 5,440 केंद्रों पर एनटीए का सख्त पहरा
नीट यूजी 2026 लाइव: एनटीए ने नीट यूजी 2026 के लिए देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 केंद्रों सहित कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निष्पक्षता के बेहतरीन इंतजाम किए हैं. अंग्रेजी और 12 भारतीय भाषाओं में 22 लाख से अधिक उम्मीदवार नीट परीक्षा देंगे. परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए 95,000 से अधिक कमरों में 1,38,560 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. नेशनल, स्टेट और मिनिस्ट्री लेवल पर लाइव और एआई (AI) बेस्ड एनालिसिस के जरिए निगरानी की जाएगी. इसके साथ ही केंद्रों पर 51,311 जैमर्स, हर कमरे में 2 इनविजिलेटर, 38,795 फ्रिस्किंग स्टाफ, फेस ऑथेंटिकेशन से लैस 48,448 बायोमेट्रिक स्टाफ, करीब 6,700 ऑब्जर्वर्स और पुलिस और अर्धसैनिक बलों सहित औसतन 40-50 सुरक्षाकर्मी मुस्तैद रहेंगे.
NEET UG 2026 LIVE: ओरिजिनल आईडी प्रूफ ले जाना न भूलें
नीट यूजी 2026 लाइव: सिक्योरिटी चेकिंग के समय सरकारी और वैध ओरिजिनल फोटो आईडी प्रूफ दिखाना होगा. इसके लिए अपना आधार कार्ड (E-Aadhar भी मान्य), पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी या पासपोर्ट ले जा सकते हैं. ध्यान रहे कि आईडी प्रूफ की फोटोकॉपी या मोबाइल में दिखाई गई सॉफ्ट कॉपी स्वीकार नहीं की जाएगी. आईडी कार्ड पर आपका नाम और जन्मतिथि एडमिट कार्ड से मैच होनी चाहिए.
NEET UG 2026 LIVE: पोस्टकार्ड साइज फोटो की अनिवार्यता
नीट यूजी 2026 लाइव: एडमिट कार्ड के दूसरे पेज पर (Proforma) 4×6 इंच की पोस्टकार्ड साइज फोटो चिपकाने की जगह होती है. इसे घर से ही अच्छी तरह से चिपकाकर ले जाएं. ध्यान रहे कि यह फोटो भी वही होनी चाहिए जो एप्लिकेशन फॉर्म में थी. कई अभ्यर्थी इसे ले जाना भूल जाते हैं या सेंटर पर चिपकाने की सोचते हैं, जिससे वहां टाइम वेस्ट होता है. इसे पहले से रेडी रखें.
NEET UG 2026 LIVE: ध्यान से रख लें पासपोर्ट साइज फोटो
नीट यूजी 2026 लाइव: एडमिट कार्ड पर चिपकाने के लिए और अटेंडेंस शीट पर लगाने के लिए वही पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ होनी चाहिए जो आपने फॉर्म भरते समय अपलोड की थी. कम से कम 2-3 एक्स्ट्रा तस्वीरें अपने साथ जरूर रखें. कभी-कभी सेंटर पर चेकिंग के दौरान या अटेंडेंस शीट पर फोटो मिसमैच होने की स्थिति में एक्स्ट्रा तस्वीरों की जरूरत पड़ जाती है, जिससे आखिरी वक्त पर परेशान होने से बच जाएंगे.
NEET UG 2026 LIVE: एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट है सबसे जरूरी
नीट यूजी 2026 लाइव: घर से निकलने से पहले नीट यूजी एडमिट कार्ड का रंगीन या साफ ब्लैक एंड व्हाइट प्रिंटआउट जरूर चेक कर लें. एडमिट कार्ड के सभी पेज होने जरूरी हैं. इस पर दी गई गाइडलाइंस को ध्यान से पढ़ लें. बिना वैध एडमिट कार्ड के सेंटर की बाउंड्री के अंदर भी पैर रखने नहीं दिया जाएगा, इसलिए इसे सबसे पहले अपने बैग या फाइल में संभालकर रख लें.
NEET UG 2026 LIVE: परीक्षा केंद्र का गेट कितने बजे बंद होगा?
नीट यूजी 2026 लाइव: याद रखें कि दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्र का मेन गेट बंद कर दिया जाएगा. NTA के नियमों के मुताबिक, इसके बाद किसी भी कीमत पर, चाहे कोई भी इमरजेंसी क्यों न हो, किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं दी जाएगी. इसलिए ट्रैफिक, रास्ते का जाम और दूरी का पहले से अंदाजा लगाकर घर से निकलें. बेहतर होगा कि आप डेडलाइन से कम से कम आधा घंटा पहले सेंटर के बाहर मौजूद हों.
NEET UG 2026 LIVE: रिपोर्टिंग टाइम का रखें खास ख्याल
नीट यूजी 2026 लाइव: नीट यूजी परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी. नीट यूजी एडमिट कार्ड पर दिए गए अलॉटेड रिपोर्टिंग टाइम के अनुसार ही सेंटर पहुंचना होगा. सुबह 11:30 बजे से एंट्री शुरू हो जाएगी. सेंटर पर भीड़ से बचने और बिना किसी पैनिक के सुरक्षा जांच से गुजरने के लिए बेहद जरूरी है कि आप समय से पहले पहुंचें. आखिरी मिनट की भागदौड़ से स्ट्रेस बढ़ सकता है, जिसका असर परीक्षा पर पड़ेगा.

