Natural Leaders Numerology: कल्पना कीजिए, शुक्रवार की शाम के चार बजे हैं. ऑफिस में एक टीम प्रोजेक्ट अटका हुआ है. हर कोई अपनी स्क्रीन में व्यस्त है और किसी को समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या करना चाहिए. तभी टीम का एक सदस्य अपना फोन किनारे रखता है, कुर्सी खींचकर सबके पास आता है और कहता है, ‘चलिए, अब आगे का काम इस तरह करते हैं.’ अंक ज्योतिष यानी न्यूमरोलॉजी के अनुसार, ऐसा नेतृत्व करने वाला व्यक्ति जनवरी, अप्रैल, अगस्त या अक्टूबर में जन्मा हो सकता है. अंक ज्योतिष पद्धति में इन महीनों को क्रमशः 1, 4, 8 और 10 यानी 1 अंक से जोड़ा जाता है. इन महीनों में जन्म लेने वाला व्यक्ति अगर किसी मुसीबत में फंस जाता है तो उसका दिमाग तुंरत उन समस्याओं से निकलने का रास्ता खोजने लगता है इसलिए इन महीनों में जन्म लेने वाले व्यक्ति हमेशा नेतृत्व करने में आगे रहते हैं…
जन्म का महीना कैसे बनता है एक अंक?
अंक ज्योतिष में महीनों की संख्या के आधार पर उनके साथ कुछ विशेष अंक जोड़े जाते हैं.
जनवरी — अंक 1: साल का पहला महीना होने के कारण इसे नई शुरुआत और पहल का प्रतीक माना जाता है.
अप्रैल — अंक 4: साल का चौथा महीना होने के कारण यह स्थिरता, अनुशासन और मजबूत नींव से जुड़ा है.
अगस्त — अंक 8: आठवें महीने के रूप में इसे अधिकार, महत्वाकांक्षा और उपलब्धियों का प्रतीक माना जाता है.
अक्टूबर — अंक 1: 10वें महीने के 1 और 0 को जोड़ने पर 1 + 0 = 1 होता है. इसलिए इसे जनवरी के साथ जोड़ा जाता है.
जनवरी में जन्मे लोग: जो सबसे पहले कदम बढ़ाते हैं
अंक ज्योतिष में अंक 1 के स्वामी सूर्य देव हैं और यह अंक नेतृत्व, आत्मविश्वास, स्वतंत्र सोच और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है. जनवरी में जन्मे लोगों के व्यक्तित्व को भी सूर्यदेव के गुणों से भी जोड़कर देखा जाता है. माना जाता है कि ये लोग किसी काम को शुरू करने के लिए दूसरों के निर्देशों का इंतजार नहीं करते. इनके मन में कोई विचार आता है, तो ये उसे आगे बढ़ाने की कोशिश करते हैं. अपनी राय रखने और फैसले लेने में भी इन्हें ज्यादा हिचकिचाहट नहीं होती.
टीम में ऐसे व्यक्ति की मौजूदगी काम करने का तरीका बदल सकती है. जब बाकी लोग किसी फैसले को लेकर असमंजस में हों, तो जनवरी में जन्मा व्यक्ति संभावित रास्तों पर चर्चा शुरू कर सकता है और टीम को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकता है. इनकी नेतृत्व शैली की सबसे बड़ी खासियत पहल करना मानी जाती है. ये केवल समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिलाते, बल्कि समाधान खोजने की कोशिश भी करते हैं.
अप्रैल में जन्मे लोग: शांत रहकर मजबूत नींव बनाने वाले
अंक ज्योतिष में अंक 4 के स्वामी छाया ग्रह राहु हैं और यह अंक अनुशासन, स्थिरता, योजना और मेहनत का प्रतीक माना जाता है. जहां कुछ लोग अपनी बातों और प्रभावशाली व्यक्तित्व से नेतृत्व करते हैं, वहीं अप्रैल में जन्मे लोगों को अंक ज्योतिष में व्यवस्थित और व्यावहारिक नेतृत्व से जोड़ा जाता है. मान्यता के अनुसार, अप्रैल में जन्मे लोग बड़े-बड़े वादे करने के बजाय काम को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर ध्यान देते हैं. वे काम की समय-सीमा तय करने, जिम्मेदारियां बांटने और हर चरण की प्रगति पर नजर रखने में विश्वास रखते हैं. उनके लिए केवल काम शुरू करना ही महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि उसे सही तरीके से पूरा करना भी उतना ही जरूरी होता है.
उदाहरण के लिए, किसी अस्पताल में कामकाज का प्रबंधन करना हो, निर्माण स्थल पर कई टीमों के बीच तालमेल बैठाना हो या किसी ऑफिस की समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करना हो तो ऐसी जिम्मेदारियों में योजना और अनुशासन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. अप्रैल में जन्मे लोगों की लीडरशिप स्टाइल का यही पहलू उन्हें एक भरोसेमंद टीम सदस्य के रूप में देखने की प्रेरणा देता है. उन्हें हर समय चर्चा का केंद्र बने रहना जरूरी नहीं लगता. उनके लिए असली पहचान लगातार अच्छा काम करना और दूसरों का भरोसा जीतना हो सकती है.
अगस्त में जन्मे लोग: बड़ी तस्वीर देखने वाले लीडर
अंक ज्योतिष में अंक 8 को महत्वाकांक्षा, अधिकार, प्रबंधन और उपलब्धियों से जोड़ा जाता है और इस अंक के स्वामी न्याय व कर्म के कारक ग्रह शनिदेव हैं. अगस्त में जन्मे लोगों को इसी आधार पर ऐसे व्यक्तियों के रूप में वर्णित किया जाता है, जो केवल आज की परिस्थितियों के बारे में नहीं सोचते, बल्कि भविष्य की संभावनाओं पर भी नजर रखते हैं.
मान्यता है कि ये लोग किसी परिस्थिति का व्यापक विश्लेषण करने और लंबे समय के लक्ष्य तय करने में रुचि रखते हैं. वे यह समझने की कोशिश करते हैं कि किसी फैसले का आने वाले महीनों या वर्षों में क्या प्रभाव पड़ सकता है. व्यापार, कानून, प्रबंधन और सार्वजनिक प्रशासन जैसे क्षेत्रों में रणनीतिक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और संसाधनों का सही इस्तेमाल महत्वपूर्ण होते हैं. अंक 8 से जुड़ी नेतृत्व शैली को इन्हीं गुणों के प्रतीक के रूप में देखा जाता है.
अक्टूबर में जन्मे लोग: असफलता के बाद नई शुरुआत करने वाले
अक्टूबर में जन्मे लोगों को अंक ज्योतिष में अंक 1 से जोड़ा जाता है, क्योंकि दसवें महीने के अंकों का योग 1 होता है और इस अंक के स्वामी भी ग्रहों के राजा सूर्यदेव हैं. इस महीने से संबंधित व्याख्याओं में नई शुरुआत, आत्मनिर्भरता और परिस्थितियों के अनुसार खुद को बदलने की क्षमता पर जोर दिया जाता है. इसी आधार पर अक्टूबर में जन्मे लोगों को नई परिस्थितियों में दोबारा शुरुआत करने वाला बताया जाता है.
मान लीजिए किसी व्यक्ति का व्यवसाय बंद हो जाता है, उसकी कोई महत्वपूर्ण योजना असफल हो जाती है या करियर में आगे बढ़ने का रास्ता अचानक रुक जाता है. ऐसी स्थिति में वह अपनी पुरानी रणनीति पर अड़े रहने के बजाय गलतियों से सीखकर नया रास्ता तलाश सकते हैं. अंक ज्योतिष के अनुसार, अक्टूबर में जन्मे लोगों की लीडरशिप स्टाइल का एक महत्वपूर्ण पहलू यही है कि वे बदलाव को जल्द ही स्वीकार कर लेते हैं और जरूरत पड़ने पर नई शुरुआत से काम करना शूर कर देते हैं.

