कजान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच पांच साल में पहली बार मीटिंग हुई है। कजान में हो रहे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से अलग दोनों के बीच बातचीत का वीडियो सामने आया है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और भारत को आपसी मदभेदों को ठीक से मैनेज करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, ‘चीन और भारत दोनों प्राचीन सभ्यताएं हैं। बड़े विकासशील देश और ग्लोबल साउथ के महत्वपूर्ण सदस्य हैं और वे दोनों अपने-अपने देशों में आधुनिकीकरण के महत्वपूर्ण दौर में हैं।’यह मुलाकात बेहद महत्वपूर्ण है। क्योंकि पड़ोसी होने के बावजूद दोनों देशों के नेता आपस में 5 साल तक नहीं मिले। बॉर्डर का संघर्ष दोनों देशों के बीच तनाव का कारण है। हालांकि इस मीटिंग के बाद पीएम मोदी ने तस्वीर ट्वीट की है। उन्होंने लिखा, ‘कजान ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मौके पर राष्ट्रपति जिनपिंग से मुलाकात की। भारत-चीन संबंध हमारे देशों के लोगों और क्षेत्रीय वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण हैं। आपसी विश्वास, आपसी सम्मान और आपसी संवेदनशीलता द्विपक्षीय संबंधों का मार्गदर्शन करेगी।’
(खबर अपडेट की जा रही है।)

