फहीम खान ने बनाए भड़काऊ वीडियो
फहीम खान नागपुर के संजय बाग कॉलोनी यशोधरा नगर का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, फहीम खान ने ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रदर्शनकारियों के एक समूह का नेतृत्व किया था। कंप्लेन दर्ज कराने के बाद फहीम खान ने पुलिस स्टेशन से बाहर निकलने के बाद एक कथित भड़काऊ वीडियो बनाया, जिसमें पुलिस पर वीएचपी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को बचाने का आरोप लगाया।
उसने अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष पर सरकारी इशारे पर चलने का आरोप लगाया था। फहीम का यह वीडियो पूरे शहर में वायरल हो गया, जिसके बारे में पुलिस का कहना है कि इसने सांप्रदायिक भावनाएं भड़क गईं। पुलिस का कहना है कि खान के वीडियो के कारण एक समुदाय के लोग उग्र हो गए, जिन्होंने नागपुर के महाल में उत्पात मचाया।
50 से ज्यादा विवादित पोस्ट हटाए गए
नागपुर हिंसा की जांच कर रहे साइबर डिपार्टमेंट के डीसीपी लोहित मतानी ने बताया कि इस मामले में कुल चार एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें 6 आरोपी नामजद किए गए हैं। सोमवार को नागपुर में उपद्रव से पहले सोशल मीडिया में भड़काऊ वीडियो वायरल किए गए। वीडियो में लोगों को पुलिस पर हमले के लिए उकसाया भी गया था। घटना के बाद आरोपियों ने 50 से अधिक विवादित पोस्ट डिलीट कर दिए। पुलिस मौजूद वीडियो की पड़ताल कर रही है। साइबर ब्रांच जल्द ही फहीम को प्रोडक्शन वॉरंट पर लेकर पूछताछ करेगी।
नागपुर के अब हालात क्या?
नागपुर के कई इलाकों से गुरुवार को कर्फ्यू हटा लिया गया और कई क्षेत्रों में ढील दी गई है। नागपुर पुलिस के अनुसार, नंदनवन और कपिल नगर में कर्फ्यू पूरी तरह से हटा लिया गया है जबकि यशोधरा नगर, इमामवाड़ा, लकड़गंज, शांति नगर, पचपावली और सक्करदरा में दोपहर 2.00 बजे से शाम 4.00 बजे तक छूट दी गई है, ताकि लोग जरूरी सामान खरीद सकें. गणेशपेठ कोतवाली और तहसील थाना क्षेत्र में कर्फ्यू अगले आदेश तक लगा रहेगा। बता दें कि नागपुर हिंसा के मामले में कुल 10 एफआईआर दर्ज की गई है और 91 आरोपियों को अरेस्ट किया गया है। पुलिस ने 11 नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।

