नई दिल्ली. अगर आप किसी ऐसे निवेश विकल्प की तलाश में हैं, जिसमें एफडी की तरह निवेश किया जा सकता है और रिटर्न इससे कहीं ज्यादा मिले तो ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड के नए एनएफओ पर दांव लगा सकते हैं. आईसीआईसीआई प्रू ने लाइफ साइकिल फंड उतारा है, जो 5 साल, 10 साल और 15 साल की मेच्योरिटी वाले होंगे. इसका मतलब है कि इन फंड में निवेश करने पर आपकी स्कीम 2031, 2036 और 2041 में मेच्योर होगी. कंपनी ने कहा है कि इन फंड में 9 सितंबर तक निवेश किया जा सकता है.
CICI प्रूडेंशियल ने बताया है कि ये तीनों ओपन-एंडेड स्कीमें हैं, जिन्हें पहले से तय मेच्योरिटी और लक्ष्य-आधारित निवेश के लिए ‘ग्लाइड पाथ’ रणनीति के आधार पर बनाया गया है. इन तीनों स्कीमों के लिए न्यू फंड ऑफर (NFO) 26 अगस्त को खुला है और 9 सितंबर, 2026 को बंद होगा. यह स्कीम एक डाइवर्सिफाइड, मल्टी-एसेट पोर्टफोलियो को पहले से तय ‘ग्लाइड पाथ’ के साथ जोड़ती है. हर स्कीम के शुरुआती सालों में लंबे समय में होने वाली संभावित ग्रोथ का फायदा उठाने के लिए इक्विटी एलोकेशन को ज्यादा रखा जाता है. जैसे-जैसे स्कीम अपनी मेच्योरिटी करीब पहुंचती है, इक्विटी एक्सपोजर को धीरे-धीरे कम किया जाता है और उसी हिसाब से डेट एलोकेशन को बढ़ाया जाता है. इसका मकसद निवेशक के लक्ष्य की तारीख के करीब आने पर स्थिर रिटर्न दिलाना है.
कहां होता है इस स्कीम का निवेश
हर स्कीम इक्विटी और इक्विटी से जुड़े सिक्योरिटीज, डेट और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स और गोल्ड व सिल्वर ETF, गोल्ड और सिल्वर एक्सचेंज ट्रेडेड कमोडिटी डेरिवेटिव्स (ETCDs) और इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट्स (InvITs) की यूनिट्स में निवेश कर सकती है. इक्विटी एलोकेशन में इक्विटी आर्बिट्राज का एक्सपोजर भी शामिल हो सकता है, बशर्ते कुल इक्विटी और इक्विटी से जुड़ा एक्सपोजर स्कीम की तय सीमाओं के भीतर रहें.
क्या है नरेन संकरन का दावा
ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड के ईडी और सीआईओ एस नरेन ने कहा कि लाइफसाइकिल फंड, क्लोज्ड-एंड फंड के साथ हमारे अनुभव से बनी लंबी अवधि की सोच और हाइब्रिड फंड को मैनेज करने में हमारी विशेषज्ञता को एक साथ लाता है. 5, 10 और 15 साल की अवधि वाले विकल्पों के साथ निवेशक इस फंड को अपने किसी खास वित्तीय लक्ष्य से जोड़ सकते हैं. मुख्य बात यह है कि जैसे-जैसे निवेशक अपने लक्ष्य के करीब पहुंचता है, निवेश का तरीका भी बदलता रहता है. लंबी अवधि होने से इक्विटी में ज्यादा हिस्सेदारी का मौका मिलता है, जबकि जैसे-जैसे स्कीम मेच्योरिटी के करीब आती है, निवेश का बंटवारा धीरे-धीरे ज़्यादा सुरक्षित (कंजर्वेटिव) होता जाता है. हमारा मानना है कि तय लक्ष्य, बदलते एसेट एलोकेशन और फ्लेक्सिबिलिटी का यह कॉम्बिनेशन लाइफसाइकिल फंड को उन निवेशकों के पोर्टफोलियो के लिए एक बेहतरीन विकल्प बन सकता है जिनकी भविष्य में कोई खास वित्तीय जरूरत है.
आपके हर लक्ष्य के लिए मिल सकता है पैसा
नरेन ने कहा कि जीवन के प्रत्येक चरण में वित्तीय लक्ष्य बदलते रहते हैं. चाहे वह शुरुआती वर्षों में एजुकेशन लोन चुकाना हो या विदेश यात्रा के लिए धन जुटाना हो, घर खरीदना हो या शादी के खर्चों को पूरा करना हो अथवा दीर्घकालिक रूप से बच्चे की शिक्षा और सेवानिवृत्ति की योजना बनाना हो. केवल शेयरों के माध्यम से इन लक्ष्यों को प्राप्त करने वाले निवेशकों को समय-समय पर यह तय करना होता है कि लक्ष्य की तिथि नजदीक आने पर जोखिम को कब कम किया जाए. आंकड़ों से पता चलता है कि अलग-अलग एसेट क्लास में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला अलोकेशन हर साल बदलता है.
शुरुआत में ज्यादा रिस्क और बाद में स्थिरता
लाइफ साइकिल फंड्स को इस तरह से बनाया गया है कि वे निवेश की शुरुआत में निवेशकों की ज्यादा रिस्क लेने की क्षमता का फायदा उठा सकें. निवेशकों को यह तय करने की जरूरत नहीं होती कि कब इक्विटी में निवेश कम करना है और कब डेट में निवेश बढ़ाना है. इसके बजाय, ‘ग्लाइड पाथ’ स्कीम की मेच्योरिटी के साल के हिसाब से एसेट एलोकेशन में बदलाव करता है. यह स्कीम निवेशकों को इक्विटी और इक्विटी से जुड़े इंस्ट्रूमेंट्स, डेट इंस्ट्रूमेंट्स और गोल्ड व सिल्वर ETF, गोल्ड व सिल्वर ETCD और InvITs की यूनिट्स में निवेश करके फायदा उठाने का मौका देती है.
कैसे होता है कंपनियों का चुनाव
इक्विटी एलोकेशन में मैक्रो-इकोनॉमिक बदलावों का टॉप-डाउन आकलन और औसत से ज्यादा मुनाफा कमाने वाली और लंबे समय तक कॉम्पिटिटिव फायदा बनाए रखने वाली कंपनियों की पहचान करके उसमें पैसा लगाया जाता है. इन कंपनियों का मूल्यांकन मार्केट शेयर में बढ़ोतरी, कमाई की स्पष्टता, इकोनॉमिक मोट (मजबूत कॉम्पिटिटिव एडवांटेज), बैलेंस-शीट की मजबूती और वैल्यूएशन कम्फर्ट के आधार पर किया जाता है. मौजूदा आर्थिक हालात और निवेश के आकर्षण के आधार पर, इस स्कीम के पास लार्ज-कैप, मिड-कैप और स्मॉल-कैप कंपनियों में निवेश करने की सुविधा है.
(Disclaimer: यहां बताए गए फंड ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)

