Last Updated:
PM Modi UAE Visit: यूएई ने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर, आरबीएल बैंक और सम्मान कैपिटल में पांच अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश का भी ऐलान किया. माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह छोटी लेकिन अहम यात्रा भारत-यूएई संबंधों को नई मजबूती देने के साथ-साथ ऊर्जा, रक्षा और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और विस्तार देगी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति अल नाहयान से गर्मजोशी के साथ मुलाकात की है. (पीएम मोदी के एक्स अकाउंट से साभार)
PM Modi UAE Visit: अबू धाबी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया गया. यूएई के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही प्रधानमंत्री मोदी के विमान को यूएई के F-16 लड़ाकू विमानों ने एस्कॉर्ट किया, जिसे दोनों देशों के बीच गहरी रणनीतिक साझेदारी और आपसी विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है. अबू धाबी के राष्ट्रपति एयरपोर्ट पर यूएई के राष्ट्रपति Mohamed bin Zayed Al Nahyan ने स्वयं प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की. इसके बाद प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर और औपचारिक स्वागत समारोह दिया गया. दोनों देशों के बीच LPG और तेल को लेकर अहम करार हुआ है.
प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति के साथ मुलाकात के दौरान कहा कि वह उनसे मिलने के लिए लंबे समय से उत्सुक थे. उन्होंने कहा, ‘मैं आपका आभारी हूं. पिछले कुछ समय से आपसे फोन पर बात होती रहती थी, लेकिन मैं आपसे मिलने के लिए बेताब था.’ प्रधानमंत्री ने यूएई को हाल के समय में निशाना बनाए जाने की घटनाओं की आलोचना करते हुए कहा कि यह किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने कठिन परिस्थितियों में यूएई द्वारा वहां रह रहे भारतीयों का ख्याल रखने के लिए राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद का आभार जताया.
कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत यूएई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और आगे भी खड़ा रहेगा. उन्होंने दोनों देशों की साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई. पीएम मोदी ने यूएई को अपना दूसरा घर बताते हुए कहा कि वहां मिला सम्मान पूरे भारत और भारतीयों का सम्मान है. दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई, जिसमें कई अहम समझौतों और निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी. भारत और यूएई के बीच रणनीतिक रक्षा साझेदारी को मजबूत करने के लिए समझौता किया गया. इसके अलावा स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व, एलपीजी आपूर्ति और गुजरात के वडिनार में शिप रिपेयर क्लस्टर स्थापित करने को लेकर भी एमओयू साइन किए गए.
बड़ा करार
यूएई ने भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर, आरबीएल बैंक और सम्मान कैपिटल में पांच अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश का भी ऐलान किया. माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की यह छोटी लेकिन अहम यात्रा भारत-यूएई संबंधों को नई मजबूती देने के साथ-साथ ऊर्जा, रक्षा और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और विस्तार देगी. प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की यात्रा का यह पहला पड़ाव है. यूएई के बाद वह नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें

