लालू को भारत रत्न वाले पोस्टर पर बीजेपी का तंज
बिहार बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस पोस्टर पर तंज कसते हुए कहा, ‘लालू प्रसाद के लिए भारत रत्न की बात करने से ज्यादा हास्यास्पद कुछ नहीं हो सकता है। लालू प्रसाद को किस बात के लिए भारत रत्न देने की जरूरत है? क्या बिहार में अपहरण को उद्योग का दर्जा देने के लिए उन्हें भारत रत्न दिया जाए या फिर बिहार की कई पीढ़ियों को गर्दिश में धकेलने के लिए उन्हें भारत रत्न दिया जाए?’
‘नरसंहार के लिए भारत रत्न उन्हें दिया जाए?’
नीरज कुमार ने आगे कहा, ‘बिहार से बाहर उद्योगपतियों को खदेड़ने या यहां हुए नरसंहार के लिए भारत रत्न उन्हें दिया जाए? लालू प्रसाद को भारत रत्न दिए जाने की मांग करना वास्तव में भारत रत्न जैसे सम्मान का अपमान करना है। इसे हास्यास्पद कुछ नहीं हो सकता है। यह मानसिक दिवालियापन का परिचायक है।’
जेडीयू ने तो लालू यादव की ‘जेल गाथा’ सुना दी
वहीं, जदयू नेता और एमएलसी नीरज कुमार सिंह ने भी राजद पर निशाना साधा। नीरज कुमार ने कहा, ‘आज भारत रत्न जैसा महत्वपूर्ण पुरस्कार भी लज्जित हो गया होगा। लालू प्रसाद अनमोल रत्न हैं। वह होटवार जेल के कैदी नंबर 3351 रत्न हैं। वह बेउर जेल के रत्न, सीबीआई के रत्न, परिवारवाद के रत्न हैं। लालू प्रसाद ऐसे राजनीतिक नमूना हैं, जिसको देखकर के रत्न को भी शर्म आ जाता है। भारत रत्न तो बहुत बड़ी चीज है। अपनी तुलना जननायक कर्पूरी ठाकुर से किया जाना, लालू प्रसाद अपनी जगहंसाई खुद करवा रहे हैं।’

