Last Updated:
जम्मू और कश्मीर के अमन-चौन को खराब करने फिरांक में बैठे चार आतंकियों की तलाश में सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. चारों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी घाटी में पोस्टर चस्पा कर दिए हैं. इन चारों आतंकियों की जानकारी देने वाले को सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा ईनाम देने की बात भी कही है.
चार आतंकियों की तलाश में घाटी में सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है.
Jammu & Kashmir News: जम्मू और कश्मीर की सुरक्षा में तैनात एजेसिंयों के हर जवान की आंखों में इन दिनों चार तस्वीरें छपी हुई हैं. हर निगाहें इन तस्वीरों में मौजूद चार चेहरों को तलाशने में जुटी हुई हैं. पूरी घाटी को इन चार चेहरों के पोस्टरों से पाट दिया गया है. स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि इन चेहरों को देखते ही सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करें. दरअसल, ये चारों तस्वीरें वोस्ट वांटेड आतंकियों की है. सुरक्षा एजेंसियों को पुख्ता इंटेल मिला है कि चारों आतंकी इन दिनों घाटी में मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में लगे हुए हैं.
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां जिन चार आतंकियों की तलश में जुटी हुई है, उसमें बिलाल अहमद मीर, आबिद कयूम लोन, मोहम्मद लतीफ भट और मोहम्मद उमर मीर का नाम शामिल हैं. बिलाल अहमद मीर मूल रूप से सोपोर के ब्राथ कलां का रहने वाला है. आबिद कयूम बारामूला के पट्टन का रहने वाला है. वहीं, मोहम्मद लतीफ भट कुलगाम और मोहम्मद उमर मीर का सोपोर का रहने वाला है. सुरक्षा एजेंसियों ने चारों आतंकियों से जुड़ी कोई भी पुख्ता जानकारी देने वाले को बड़ा ईनाम देने की बात भी कही गई है.
इन चारों आतंकियों की तलाश में हैं सुरक्षा एजेंसियां.
घाटी में चस्पा हुए चारों वांटेड आतंकियों के पोस्टर
सुरक्षा एजेंसियों ने चारों आतंकियों की तस्वीरों वाले पोस्टर को लगभग पूरी घाटी में चस्पा कर दिया है. पोस्टर में बिलाल अहमद मीर एक खतरनाक वैपन के साथ नजर आ रहा है. हालांकि पोस्टर में इस बात की जानकारी नहीं दी गई है कि चारों किस आतंकी संगठन से जुड़े हुए हैं. सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि अगर इनमें से किसी आतंकी के बारे में कोई जानकारी मिलती है. किसी इलाके में उसकी मौजूदगी और मूवमेंट का पता चलता है, तो इसकी सूचना तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को दी जाए.
पूरी घाटी में चारों की तलाश में चल रहा है सर्च ऑपरेशन
सूत्रों के अनुसार, जम्मू और कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप सहित घाटी की सुरक्षा में तैनात तमाम सुरक्षा एजेंसियों ने चारों आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. सभी संभावित इलाकों में लगातार दबिश दी जा रही है. साथ ही, आस पास के जंगलों को ज्वाइंट टीम्स सर्च ऑपरेशन चला रही है. घाटी के अमन-चैन को बिगाड़ने की फिराक में बैठे चारों आतंकियों को सुरक्षा एजेंसियां किसी भी कीमत में छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं.

