Last Updated:
Himanta Biswa Sarma: हिमंत बिस्वा सरमा ने पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि राज्य कांग्रेस मुख्यालय ‘राजीव भवन’ ‘असमिया विरोधी गतिविधियों’ का अड्डा बन गया है. सरमा ने पत्रकारों से कहा, “गौरव गोगोई से पूछिए कि उनके परिवार के पाकिस्तानी बैंकों में कितने खाते हैं. उनके परिवार के बैंक खाते अब भी पाकिस्तान में चल रहे हैं.”

असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर हमला बोला. (फाइल फोटो)
गुवाहाटी. असम की राजनीति में भूचाल आ गया है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई पर अब तक का सबसे बड़ा और गंभीर आरोप लगाया है. सीएम ने दावा किया है कि गौरव गोगोई के परिवार का पाकिस्तान के एक बैंक में खाता है जो वहां संचालित (Operate) हो रहा है. हिमंत ने साफ कहा कि जिसका पैसा पाकिस्तान में हो, वो देश के लिए कितना खतरनाक हो सकता है. उन्होंने चेतावनी दी है कि वे 8 फरवरी को सबूतों के साथ इसका पूरा कच्चा-चिट्ठा खोलेंगे.
‘पाकिस्तानी बैंक में चल रहा खाता’
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बीजेपी के एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए यह बम फोड़ा. उन्होंने सीधे तौर पर गोगोई परिवार को कटघरे में खड़ा किया. हिमंत ने कहा, ‘गौरव गोगोई से पूछिए कि उनके परिवार के पाकिस्तानी बैंकों में कितने खाते हैं. उनके परिवार के बैंक खाते अब भी पाकिस्तान में चल रहे हैं.’
पाकिस्तानी जासूसी एजेंसी ISI से संबंध
सीएम ने कहा कि जिस व्यक्ति का बैंक खाता पाकिस्तान में हो, जरा सोचिए कि ऐसा व्यक्ति हमारे लिए कितना खतरनाक हो सकता है. सीएम और बीजेपी ने गोगोई पर उनकी पत्नी के जरिए पाकिस्तानी जासूसी एजेंसी ISI से कथित संबंधों का भी आरोप लगाया है. उनका दावा है कि कांग्रेस नेता के पड़ोसी मुल्क से ‘सीधे संबंध’ हैं.
राजीव भवन बना ‘असम विरोधी अड्डा’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि गुवाहाटी स्थित ‘राजीव भवन’ अब ‘असमिया विरोधी गतिविधियों’ का केंद्र (Hub) बन गया है. हिमंत ने बताया कि गोगोई के कथित पाक लिंक की जांच रिपोर्ट पर 7 फरवरी को कैबिनेट फैसला लेगी. 8 फरवरी को सुबह 10:30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में SIT (विशेष जांच दल) की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी. सीएम ने कहा कि अभी तो बस इशारा है, पूरी पिक्चर उस दिन सामने आएगी.
जमीन कब्जाने के आरोपों पर मानहानि का केस
इससे पहले गौरव गोगोई ने सीएम के परिवार पर 3,960 एकड़ जमीन कब्जाने का आरोप लगाया था. इस पर पलटवार करते हुए हिमंत ने कहा कि वे झूठ फैलाने वालों को छोड़ेंगे नहीं. उन्होंने साफ कर दिया कि मीडिया में ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाने वाले सभी लोगों के खिलाफ वे मानहानि (Defamation) का मुकदमा ठोकेंगे.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें

