Last Updated:
IMD Rain Weather Today Live: देशभर में मानसून ने तबाही मचा दी है. दिल्ली-एनसीआर में रातभर हुई बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है. मुंबई और पालघर में बाढ़ जैसे हालात हैं, जबकि राजस्थान के डूंगरप…और पढ़ें

दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, पालघर, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित.
IMD Rain Weather Today Live: देशभर में मानसून अब अपने सबसे आक्रामक तेवर दिखा रहा है. कहीं रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने शहरों को पानी-पानी कर दिया है तो कहीं पहाड़ों पर भूस्खलन और सड़क बंद होने जैसी घटनाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं. राजधानी दिल्ली में पूरी रात बारिश होती रही, जिससे कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. दूसरी ओर मुंबई और पालघर में लगातार बारिश के बीच निचले इलाकों में पानी भर गया है. राजस्थान के कई जिलों में सड़कों पर नदियां बहती नजर आईं, जबकि हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर सड़क संपर्क को प्रभावित किया. मौसम विभाग (IMD) ने साफ किया है कि अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है.
मानसून का असर सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है. पश्चिमी भारत से लेकर पहाड़ी राज्यों और उत्तर भारत तक बारिश ने जनजीवन पर गहरा असर डाला है. महाराष्ट्र के पालघर में बाढ़ के बीच एक गर्भवती महिला का साहसिक रेस्क्यू मानवता की मिसाल बन गया. वहीं हिमाचल सरकार सड़कें बहाल करने के लिए लगातार मशीनें तैनात कर रही है. राजस्थान के डूंगरपुर और नागौर में रातभर हुई बारिश से कई कॉलोनियां जलमग्न हो गईं. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा.
देशभर में मानसून का कहर, कई राज्यों में अलर्ट
- भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कई अन्य राज्यों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. लगातार सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण कई इलाकों में जलभराव, बाढ़ जैसे हालात और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. प्रशासन को सतर्क रहने और राहत-बचाव दलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं.
- दिल्ली-एनसीआर में सोमवार रात से लगातार बारिश होने के कारण कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं. दफ्तर जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है. निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए.
- मुंबई में भी लगातार बारिश से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. वडाला आरटीओ समेत कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला. वहीं पालघर जिले में बाढ़ के बीच एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्थानीय आशा कार्यकर्ता, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने घर का दरवाजा स्ट्रेचर बनाकर सीने तक पानी में पैदल सफर किया. महिला ने अस्पताल पहुंचने के बाद स्वस्थ बेटे को जन्म दिया. इस घटना की पूरे राज्य में सराहना हो रही है.
हिमाचल में सड़कें खोलने के लिए युद्धस्तर पर काम
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गई थीं. लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग ने पहले से तैयारी कर रखी थी और मशीनों की मदद से बंद मार्गों को तेजी से खोला जा रहा है. सरकार का कहना है कि सड़क संपर्क बहाल करना सर्वोच्च प्राथमिकता है.
50 से ज्यादा सड़कें फिर से चालू होंगी
हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि मानसून के कारण राज्य में 104 सड़कें प्रभावित हुई थीं. इनमें से 50 से 55 सड़कें शाम तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के बावजूद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जहां भी सड़कें बंद हो रही हैं, वहां तुरंत मशीनें भेजी जा रही हैं.
राजस्थान में जलभराव, डूंगरपुर सबसे ज्यादा प्रभावित
राजस्थान के नागौर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि डूंगरपुर शहर में रातभर हुई बारिश के कारण कई इलाकों में तीन फीट तक पानी भर गया. घाटी, कनेरा पोल, मोची बाजार और भोईवाड़ा जैसे पुराने शहर के इलाके जलमग्न हो गए. प्रशासन लगातार जल निकासी और राहत कार्य में जुटा हुआ है.
Wayanad Landslide Live: वायनाड में भूस्खलन के बाद राहत-बचाव अभियान जारी
वायनाड भूस्खलन न्यूज: केरल के वायनाड में भूस्खलन की घटना के बाद राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है. हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि नौ से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं. लापता लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ, पुलिस, फायर विभाग और अन्य सरकारी एजेंसियों की टीमें लगातार संयुक्त अभियान चला रही हैं.
Gurugram Rain Live: गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश से ट्रैफिक बेहाल, कई इलाकों में जलभराव
गुरुग्राम बारिश लाइव: गुरुग्राम में मंगलवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव और भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई. सरहौल से दिल्ली जाने वाले मार्ग, द्वारका एक्सप्रेसवे के क्लोवरलीफ इंटरचेंज, एनएच-48 पर हीरो होंडा चौक, इफको चौक, सिकंदरपुर और मानेसर-दिल्ली मार्ग पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गईं. प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक बेहद धीमी गति से चलता रहा, इससे दफ्तर से लौटने वाले लोगों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
IMD Weather Today Live: IMD का अलर्ट, कई राज्यों में जारी रहेगी भारी बारिश
आज का मौसम बारिश लाइव: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
Rajasthan Rain Live: डूंगरपुर में तीन फीट तक भरा पानी
राजस्थान बारिश लाइव: राजस्थान के डूंगरपुर शहर और आसपास के इलाकों में रातभर हुई मूसलाधार बारिश से कई कॉलोनियां जलमग्न हो गईं. घाटी, कनेरा पोल, मोची बाजार और भोईवाड़ा जैसे पुराने शहर के इलाकों में तीन फीट से अधिक पानी भर गया. लगातार बारिश और बिजली कड़कने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
Rajasthan Rain Live: राजस्थान के नागौर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश
राजस्थान बारिश लाइव: राजस्थान के नागौर में सोमवार सुबह तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश दर्ज की गई. कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
Mumbai Rain Live: मुंबई के वडाला RTO इलाके में भारी जलभराव
मुंबई बारिश लाइव: मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण वडाला आरटीओ इलाके समेत कई निचले क्षेत्रों में जलभराव हो गया है. सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित है. प्रशासन लोगों से जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील कर रहा है.
Maharashtra Rain Live: पालघर में सीने तक पानी, गर्भवती महिला का साहसिक रेस्क्यू
महाराष्ट्र बारिश लाइव: महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित पालघर जिले में इंसानियत की मिसाल देखने को मिली. हनुमानपाड़ा की रहने वाली गर्भवती प्रियंका रवि यादव को प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी. इसके बाद आशा कार्यकर्ता दिव्या घराट, समाजसेवी चेतन गावड और उनकी टीम ने घर का दरवाजा स्ट्रेचर बनाकर महिला को सीने तक भरे पानी के बीच सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया. वहां महिला ने स्वस्थ बेटे को जन्म दिया. मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं.
Himachal Rain Live: 104 में से 50 से ज्यादा सड़कें आज शाम तक खुलेंगी
हिमाचल बारिश लाइव: हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने समीक्षा बैठक के बाद बताया कि मानसून के कारण राज्य में 104 सड़कें बंद हुई थीं. इनमें से 50-55 सड़कें शाम तक खोल दी जाएंगी. उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के बावजूद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और हर प्रभावित इलाके में मशीनें तैनात कर दी गई हैं.
Himachal Rain Live: हिमाचल में बंद सड़कें खोलने के लिए युद्धस्तर पर काम
हिमाचल बारिश लाइव: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि भारी बारिश के कारण हाल में 10-15 सड़कें बंद हुई थीं, लेकिन मशीनरी लगाकर सभी मार्गों को फिर से खोल दिया गया है. विभाग का कहना है कि मानसून के दौरान सड़कें बंद होने पर उन्हें जल्द से जल्द बहाल करना प्राथमिकता है.
Delhi Rain Live: दिल्ली-NCR में रातभर बारिश, कई इलाकों में जलभराव
दिल्ली मौसम लाइव: राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पूरी रात मूसलाधार बारिश होती रही. सुबह भी कई इलाकों में तेज बारिश जारी है, जिससे प्रमुख सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है.

