Last Updated:
IMD Mumbai Rain: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून पूर्व बारिश हुई है. मूसलाधार बारिश का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि महानगर के विभिन्न इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई है. इसे देखते हुए रूट डायवर्जन किया गया है. सुबह-सुबह ऑफिस के लिए घर से निकले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
मुंबई में मानसून पूर्व हुई मूसलाधार बारिश ने सबकुछ अस्त-व्यस्त कर दिया है. (फाइल फोटो/Reuters)
सबसे ज्यादा प्रभावित स्थानों में अंधेरी सब-वे रहा, जहां तीन से चार फीट तक पानी भर जाने की सूचना है. जलभराव की वजह से अंधेरी सबवे को वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया. इससे पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात ठप हो गया और यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा. सांताक्रूज सबवे में भी कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति बनी रही. हालात बिगड़ते देख बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने प्रभावित मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी तथा ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ दिया. प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की अपील भी की.
ट्रैफिक डायवर्जन
मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि अंधेरी सबवे की ओर जाने वाले यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. वाहनों को गोखले ब्रिज, एसवी रोड और ठाकरे ब्रिज के रास्ते डायवर्ट किया गया ताकि ट्रैफिक दबाव को कम किया जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके. बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. मुंबई के घरेलू हवाई अड्डे के आसपास भी वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है. कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा.
अंधेरी में एक सब-वे में तीन से चार फुट पानी भर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है. (फाइल फोटो/Reuters)
प्री-मानसून एक्टिविटी
मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश प्री-मानसून गतिविधियों का हिस्सा है, जो पिछले कुछ दिनों से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान जताया है कि बोरीवली, चेंबूर, कोलाबा, मुलुंड, पवई, सांताक्रूज और वर्ली सहित कई इलाकों में दिन और शाम के दौरान आगे भी बारिश तथा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
सच साबित हुई मौसम विभाग की भविष्यवाणी
आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार बुधवार सुबह सांताक्रूज वेधशाला में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शहर में आर्द्रता 79 प्रतिशत रही, जबकि हवा की गति 11.1 किलोमीटर प्रति घंटा मापी गई. मौसम विभाग ने 1 से 4 जून के बीच मुंबई में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना पहले ही जताई थी. लगातार हो रही बारिश और कई संवेदनशील स्थानों पर जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और ट्रैफिक विभाग अलर्ट मोड पर हैं. अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, इसलिए नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…और पढ़ें

