Small 5kg LPG Cylinder Booking Process: ईरान-अमेरिका युद्ध और होर्मुज संकट के कारण भारत में रजिस्टर्ड एलपीजी कनेक्शनों पर सिलेंडर की सप्लाई पर भले ही खास असर नहीं पड़ा है लेकिन ब्लैक मार्केट में एलपीजी गैस 300 से 400 रुपये प्रति किलो के दाम पर बिक रही है. वहीं छोटे सिलेंडर की बात करें तो उसकी कीमत भी 2 हजार रुपये तक पहुंच गई है. दिल्ली-एनसीआर सहित रोजगार देने वाले शहरों में ऐसे तमाम लोग हैं जिनके पास आधिकारिक एलपीजी कनेक्शन नहीं हैं और वे ब्लैक में गैस खरीदने को मजबूर हैं. हालांकि सरकार की तरफ से ऐसे लोगों को भी राहत दी गई है.
ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाने और लोगों की गैस की जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार की ओर से छुटकू सिलेंडरों की व्यवस्था की गई है. सरकार ने 5 किलो के इन छोटे FTL (Free Trade LPG) सिलेंडर को बिना एड्रेस प्रूफ के काउंटर पर उपलब्ध करा दिया है. ऐसे में सिर्फ एक फोटो आईडी दिखाकर आप इंडेन छोटू, भारत गैस मिनी या एचपी अप्पू सिलेंडर खरीद या भरवा सकते हैं.
बता दें कि जहां ब्लैक में छोटा सिलेंडर काफी महंगा मिल रहा है वहीं अगर आप आधिकारिक रूप से इसे खरीदते हैं तो यह सिर्फ 649 रुपये में आपको मिल जाएगा. यह कीमत भी अप्रैल 2026 में 51 रुपये की बढ़ोतरी के बाद हुई है, उससे पहले यह 600 रुपये में मिल रहा था.
सबसे खास बात है कि इस सिलेंडर के लिए न तो कनेक्शन लेने के लिए इंतजार करना होता है और न ही बुकिंग का झंझट है. सीधे जाकर रजिस्टर कराकर भी यह सिलेंडर ले सकते हैं और अगर आपके पास छोटा सिलेंडर पहले से है तो उसमें गैस भरवा सकते हैं. इसके लिए न तो 25 से 45 दिन का वेटिंग पीरियड है और न ही लंबे चौड़े दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है.
चूंकि यह खासतौर पर प्रवासियों, छात्रों और किराएदारों के लिए बनाए गए हैं तो एक नॉर्मल सी फोटो आईडी से यह सिलेंडर कोई भी खरीद सकता है और महीने में कितने भी बार खरीद या भरवा सकता है.
आइए जानते हैं कि छुटकू सिलेंडर कैसे खरीद सकते हैं और इसे खरीदने के लिए किन-किन दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है? वहीं दोबारा भरवाने के लिए कहां जाना होगा? ताकि ब्लैक में महंगी गैस खरीदने से बचा जा सके.
कितने में मिल रहा छुटकू सिलेंडर
वर्तमान में यह सिलेंडर आधिकारिक रूप से लगभग 649 रुपये (अप्रैल 2026 में 51 रुपये की बढ़ोतरी के बाद) में मिल रहा है. यानी यह सिलेंडर ब्लैक मार्केट से आधे से भी कम दाम में मिल रहा है.
5 किलो FTL सिलेंडर पर सब्सिडी मिलती है?
5 किलो सिलेंडर छोटे परिवार, छात्र, प्रवासी मजदूरों और किराएदारों के लिए बनाया गया है. यह नॉन-सब्सिडाइज्ड (FTL) होता है, लेकिन आधिकारिक दाम ब्लैक मार्केट से बहुत कम होते हैं.
क्या इसे बुक कराना होता है?
नहीं इस सिलेंडर को खरीदने के लिए कोई बुकिंग नहीं करनी होती, सीधे आधिकारिक एजेंसी या डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर इसे खरीद सकते हैं और रीफिल करा सकते हैं.
क्या इसे भरवाने के लिए वेटिंग पीरियड है?
5 किलो के छोटे सिलेंडर के लिए कोई 25-45 दिन का वेटिंग पीरियड नहीं है. इसे बार-बार भरवाया जा सकता है.
ये सिलेंडर कहां से खरीदें?
यह आप पेट्रोल पंप, किराना स्टोर और अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर के काउंटर पर जाकर खरीद सकते हैं.
क्या इसके लिए कोई आईडी चाहिए?
इसके लिए सिर्फ फोटो आईडी काफी होती है, हालांकि फिलहाल सरकार ने नियमों में राहत दी है और अब 5 किलो सिलेंडर खरीदने या भरवाने के लिए कोई खास एड्रेस प्रूफ या आधार लिंक जरूरी नहीं है. अगर कहीं डॉक्यूमेंट मांगते हैं तो सिर्फ एक वैलिड फोटो आईडी (आधार, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या सरकारी आईडी भी ले जा सकते हैं.
क्या सिलेंडर खरीदते वक्त कोई सिक्योरिटी जमा करानी होती है?
पहली बार सिलेंडर खरीदते समय भी कोई सिक्योरिटी जमा नहीं करानी पड़ती. इसमें जाते ही तुरंत रजिस्ट्रेशन हो जाता है.
यहां तीनों कंपनियों के सिलेंडरों का जानते हैं पूरा प्रोसेस
भारत गैस मिनी सिलेंडर
- . कीमत: लगभग 649 रुपये (पूरा भरा सिलेंडर)
- . खरीदने के लिए निकटतम अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर या पॉइंट ऑफ सेल (POS) पर जाएं और फोटो आईडी दिखाएं.
- . पेमेंट करें और सिलेंडर घर ले जाएं.
- . इस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग: my.ebharatgas.com पर कर सकते हैं. Hello BPCL ऐप पर भी कर सकते हैं.
इंडेन छोटू, कैसे खरीदें
- . कीमत: 649 रुपये
- . किसी भी इंडेन डिस्ट्रीब्यूटर, पेट्रोल पंप या अधिकृत किराना स्टोर पर जाएं और
फोटो आईडी दिखाकर रजिस्ट्रेशन कराएं. - . खाली सिलेंडर जमा करें या नया लें.
एचपी अप्पू गैस कैसे लें?
- . कीमत: लगभग 649 रुपये
- . निकटतम एचपी गैस डिस्ट्रीब्यूटर या रिटेल आउटलेट पर जाएं और फोटो आईडी दिखाकर सिलेंडर ले लें या रीफिल करा लें.
बता दें कि रिफिल के बाद लीकेज चेक जरूर करवाएं और सिलेंडरों की कीमतें अक्सर बदलती रहती हैं ऐसे में कंपनी की वेबसाइट या ऐप पर इसकी जानकारी ले सकते हैं.
अगर आप प्रवासी हैं या किराएदार हैं तो 5 किलो सिलेंडर सबसे अच्छा विकल्प है.
सरकार का कहना है कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है, लेकिन ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए 5 किलो सिलेंडरों की सप्लाई बढ़ा दी गई है. लाखों लोग पहले ही इसका फायदा उठा चुके हैं.

