नई दिल्ली. इस साल की शुरुआत से ही आसमान छू रही सोने और चांदी की कीमतें अभी ढलान पर हैं. चांदी तो अपने रिकॉर्ड भाव से 50 फीसदी टूट चुका है, जबकि सोने का भाव भी करीब 30 फीसदी नीचे आ गया है. ग्लोबल मार्केट में कमजोर रुख और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से 23 अक्टूबर को भी सोने का भाव करीब 1,900 रुपये सस्ता हुआ है. इस दौरान चांदी की कीमतों में भी 5,500 रुपये की गिरावट आई है.
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई. इस दौरान 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 1,900 रुपये टूटकर 1,46,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर आ गया. एक दिन पहले इसका भाव 1,48,000 रुपये प्रति 10 ग्राम था. इसी तरह, चांदी की कीमत भी 5,500 रुपये गिरकर 2,02,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 2,07,500 रुपये प्रति किलोग्राम था. चांदी में भी लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई.
तीन सप्ताह में 30 हजार सस्ती हुई चांदी
सराफा बाजार में चांदी की कीमतें देखें तो पता चलता है कि 30 सितंबर के बाद से अब तक 30,000 रुपये यानी करीब 13 फीसदी की गिरावट आ चुकी है. जिंस बाजार में व्यापक बिकवाली के बीच चांदी पर दबाव बढ़ा है. एचडीएफसी सिक्योरिटीज में जिंस मामलों के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी का कहना है कि ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेतों के अनुरूप घरेलू बाजार में सोने की कीमतें गिरकर जुलाई की शुरुआत के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गईं.
एक महीने 14 फीसदी टूटी चांदी
चॉइस ब्रोकिंग की जिंस विश्लेषक पिंकी यादव का कहना है कि शेयर बाजार में व्यापक बिकवाली के बीच पिछले एक महीने में चांदी करीब 14 फीसदी गिर गई है. निवेशक प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए कीमती धातुओं में अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं. उन्होंने कहा कि डॉलर में मजबूती, बॉन्ड यील्ड में वृद्धि और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण महंगाई की लगातार बनी आशंकाओं ने कच्चे तेल की कीमतों को बढ़ाकर करीब 115 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचा दिया है. इससे ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बने रहने की आशंका बढ़ी है, जिससे सोने और चांदी की कीमतों पर और दबाव पड़ा है.
ग्लोबल मार्केट में क्या है भाव
ग्लोबल मार्केट में हाजिर सोने की कीमत गिरकर 4,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई. हालांकि, बाद में इसमें सुधार हुआ और यह 4,024.37 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर कारोबार कर रहा था. अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की हाजिर कीमत 1.41 फीसदी गिरकर 53.83 डॉलर प्रति औंस रह गई. इसका मतलब है कि ग्लोबल मार्केट में भी सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव दिख रहा है, जिसका असर घरेलू खुदरा बाजार पर भी पड़ा है.

