Last Updated:
गोवा के मापुसा में गुब्बारे बेचने वाले परिवार की तीन साल की बच्ची सड़क किनारे रो रही थी. एक टैक्सी ड्राइवर की उसपर नजर पड़ी. पीछे एक जर्जर इमारत थी. पूछताछ में बच्ची ने जो बताया जिसके बाद शख्स ने तुरंत गोवा पुलिस से संपर्क किया. इस वारदात के बाद गोवा की सियायत भी गरमा गई है. मामले की जांच की जा रही है. राज्य के मंत्री ने ऐसे अपराधों के लिए बाहरी लोगों को जिम्मेदार ठहराया.
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तरी गोवा से एक बेहद दिल दहला देने वाली और खौफनाक खबर सामने आई है. पणजी से महज 9 किलोमीटर दूर मापुसा में एक अज्ञात दरिंदे ने तीन साल की मासूम बच्ची का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न कर दिया. बच्ची दिवाली के मौके पर अपने परिवार के साथ मापुसा बाजार गई थी, जहां उसका परिवार गुब्बारे बेचने का काम करता है. रविवार शाम को एक राहगीर ने बच्ची को टैक्सी स्टैंड के पास स्थित एक जर्जर इमारत के बाहर दर्द से तड़पते और रोते हुए देखा, जिसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचित किया गया.
अस्पताल में जिंदगी की जंग और पुलिस का सर्च ऑपरेशन
वारदात के बाद गंभीर हालत में बच्ची को तुरंत मापुसा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMC) रेफर कर दिया गया. उत्तर गोवा के पुलिस अधीक्षक (SP) राहुल गुप्ता ने घटनास्थल का मुआयना किया और बताया कि फिलहाल पीड़िता की हालत स्थिर है. मापुसा पुलिस ने पॉक्सो (POCSO) और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपी की जल्द से जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके.
विपक्ष ने की फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग
इस घिनौनी वारदात के बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है. विधानसभा में विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में तय समय-सीमा के भीतर कराने की मांग की है. उन्होंने एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए राज्य में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सरकार को घेरा और पीड़िता को बेहतर मेडिकल व काउंसलिंग सहायता देने का आग्रह किया.
‘90% अपराध बाहरी करते हैं’: मंत्री के बयान पर नया विवाद
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए गोवा के जनजातीय कल्याण मंत्री रमेश तावड़कर ने आरोपी की मानसिकता को ‘राक्षसी’ करार दिया. हालांकि, उन्होंने यह दावा भी कर दिया कि गोवा में होने वाले ऐसे 90 प्रतिशत अपराधों में ‘बाहरी लोग’ शामिल होते हैं. मंत्री ने पुलिस से कानून व्यवस्था सख्त करने की अपील की, वहीं बच्चों की सुरक्षा में माता-पिता और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर भी बल दिया.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…

