क्या है दावा?
सोशल मीडिया पर अमरोका कांड को लव जिहाद का मामला बताया जा रहा है। दावा है कि वीडियो में दिख रहा लड़का मुस्लिम है जबकि जिस लड़की जान पर आफत आई हुई है, वह हिंदू है।
क्या है सच्चाई?
हमारे सहयोगी न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत के एक्स हैंडल पर 5 जनवरी को सुबह 5.45 बजे अमरोहा की इस घटना की खबर दी गई है। इसमें कहा गया है कि आरोपी का नाम राहुल है। मामला अमरोहा जिले के गजरौला थाना स्थित सलेमपुर गोसांई रोड का है।
इस पोस्ट के पर अमरोहा पुलिस ने भी प्रतिक्रिया दी है। उसने लिखा है, ‘महोदय, कृपया अवगत कराना है कि उक्त प्रकरण में प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।’ पुलिस ने आरोपी के नाम पर कोई आपत्ति नहीं की, यानी यही नाम सही है। राहुल अब गिरफ्तार हो चुका है। कई एक्स यूजर ने आरोपी की पहचान राहुल ही बताई है।
हमने गजरौला थाने के सीयूजी नंबर पर फोन कर इस मामले में जानकारी ली। गजरौला पुलिस ने बताया कि लड़का-लड़की दोनों एक ही समुदाय की एक ही बिरादरी से हैं। उन्होंने साफ-साफ कहा कि लड़का-लड़की के दो समुदाय के होने का दावा बिल्कुल गलत है। पहले भी पुलिस ने बताया था कि कि गांव निवासी युवती स्कूटी से जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार गांव का युवक आया। आरोप है कि युवक ने युवती से प्रेम का इजहार किया। युवती ने मना किया तो उसने युवती को रोककर उसकी स्कूटी जमीन पर गिरा दी और उसके साथ मारपीट करने लगा। आरोपी ने युवती को जमीन पर गिराकर पैरों से उसका गला घोंटने का प्रयास किया। शोर सुनकर दाैड़े ग्रामीणों ने युवती को बचाया।आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
निष्कर्ष
अमरोहा में हुई दिल दहला देने वाली घटना की रिपोर्ट नवभारत टाइम्स ने भी की है। सोशल मीडिया पर लड़का के मुस्लिम और लड़की के हिंदू होने का दावा गलत है। पुलिस ने साफ किया है कि दोनों एक ही समुदाय की एक ही बिरादरी से हैं।

