4 जुलाई को अमेरिकी स्वतंत्रता के मौके पर डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर करते ही बहुचर्चित वन बिग ब्यूटीफुल बिल अब कानून बन चुका है। ट्रंप ने इसे अमेरिका के लिए सबसे बेहतरीन जन्मदिन का तोहफा बताया। इसे ट्रंप की बड़ी राजनीतिक के रूप में देखा जा रहा है।

ट्रंप बोले- वादा पूरा किया
ट्रंप ने साउथ लॉन में जमा समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘वास्तव में जो वादे किए गए, वे वादे पूरे किए गए।’ इस दौरान उनके साथ फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद थीं। इस बिल को ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की सबसे बड़ी राजनीतिक जीत के रूप में देखा जा रहा है। ट्रंप ने कहा, ‘अमेरिका के लिए बर्थडे का इससे बेहतर तोहफा कुछ नहीं हो सकता था कि हमने कुछ ही घंटे पहले शानदार जीत हासिल की, जब कांग्रेस ने अमेरिका को फिर से महान बनाने के लिए वन, बिग, ब्यूटीफुल बिल पारित किया।’
1.20 करोड़ अमेरिकी खो देंगे हेल्थ बीमा
कांग्रेस के गैरदलीय स्कोरकीपर का अनुमान है कि इस कानून के तहत लगभग 1.20 करोड़ से अधिक अमेरिकी अपना स्वास्थ्य बीमा खो देंगे। विधेयक को गुरुवार को अंतिम मतदान में 218-214 के अंतर से पारित कर दिया गया। डेमोक्रेट ने इस कानून के खिलाफ एकजुटता दिखाई, लेकिन वे इसे रोकने में नाकाम रहे। सीनेट ने पहले ही विधेयक पारित कर दिया, जिसमें उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के टाइब्रेकिंग वोट से फैसला हुआ।
ट्रंप समर्थकों ने बताया बड़ी जीत
रिपब्लिकन का कहना है कि यह विधेयक महत्वपूर्ण है क्योंकि दिसंबर के बाद जब ट्रंप के पहले कार्यकाल से कर छूट समाप्त हो जाएगी, तब करों में भारी वृद्धि होगी। उन्होंने विधेयक को करों में राहत देने वाला बताया है। इस विधेयक में लगभग 4.5 ट्रिलियन डॉलर की कर कटौती शामिल है। ट्रंप और उनके सहयोगियों ने विधेयक को एक बड़ी जीत के रूप में मनाया। वहीं, मेडिकेड कटौती जैसे प्रावधानों की डेमोक्रेट और कुछ रिपब्लिकन की आलोचना की है।


