Last Updated:
Dharmendra Pradhan Exclusive Interview: सीबीएसई की आंसर शीट और नीट परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर देशभर में चिंता और सवाल उठे हैं, जिसको लेकर न्यूज 18 इंडिया ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से एक्सक्लूसिव बातचीत की.
Dharmendra Pradhan Exclusive Interview: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इंटरव्यू में नीट यूजी से जुड़ी कई बातें कीं
नई दिल्ली (Dharmendra Pradhan Exclusive Interview). हाल ही में नीट और अन्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सामने आई गड़बड़ियों ने देश के लाखों होनहार छात्रों और उनके अभिभावकों को गहरी चिंता और मानसिक तनाव में डाल दिया है. सड़कों से लेकर सोशल मीडिया तक सिर्फ एक ही सवाल गूंज रहा है कि आखिर देश के सबसे बड़े इम्तिहानों की साख को किसने बट्टा लगाया? इसी सुलगते और बेहद संवेदनशील मुद्दे पर न्यूज़18 इंडिया ने देश के केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से एक एक्सक्लूसिव बातचीत की. इस इंटरव्यू में शिक्षा मंत्री ने बिना किसी लाग-लपेट के देश के सामने यह स्वीकार किया कि इन हालिया घटनाओं से छात्रों के मन में भारी असमंजस और मानसिक परेशानी बढ़ी है, जिसकी जिम्मेदारी लेते हुए सरकार अब पूरे सिस्टम को बदलने के लिए एक बड़े रिफॉर्म की ओर बढ़ चुकी है.
कमियों को किया स्वीकार: स्टूडेंट्स के मानसिक तनाव पर जताई गहरी चिंता
न्यूज़18 इंडिया से खास बातचीत में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बेहद संवेदनशीलता दिखाते हुए माना कि परीक्षाओं में हुई हालिया गड़बड़ियों से देश के युवाओं में भारी मानसिक तनाव और चिंता बढ़ी है. सरकार ने तकनीकी और मानवीय स्तर पर हुई चूकों को पूरी तरह स्वीकार किया है. शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्टूडेंट्स की हर शिकायत और शंका का समाधान करने की प्रक्रिया लगातार जारी है. नीट की री-एग्जामिनेशन की तारीखें घोषित कर दी गई हैं, वहीं सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग और नतीजों से जुड़ी विसंगतियों को भी बहुत बारीकी से सुलझाया जा रहा है, जिससे किसी भी होनहार बच्चे के साथ कोई नाइंसाफी न हो.
परीक्षा माफिया का होगा खात्मा: वायुसेना और डाक विभाग संभालेंगे सुरक्षा
शिक्षा मंत्री ने साफ किया कि देश में सक्रिय परीक्षा माफिया के पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए सरकार ने कमर कस ली है. इस मामले की सीबीआई जांच तेजी से चल रही है और दोषियों को ऐसी सख्त सजा मिलेगी जो मिसाल बनेगी. भविष्य में पूरी तरह ‘फुलप्रूफ’ और ‘एरर-फ्री’ परीक्षा प्रणाली बनाने के लिए सरकार बेहतरीन ग्लोबल मॉडल अपना रही है. अब प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और उनके सुरक्षित ट्रांसपोर्टेशन के लिए भारतीय वायुसेना (Airforce), भारतीय डाक विभाग (Postal Department), देश की खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ सभी राज्य सरकारों की भरपूर मदद ली जा रही है.
राजनीतिक आरोपों पर पलटवार: पारदर्शिता और सुरक्षा ही सर्वोपरि
इस पूरे विवाद पर हो रही राजनीति और विपक्ष के हमलों पर बोलते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने राजनीतिक आरोपों को पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक करार दिया. उन्होंने कहा कि यह समय बच्चों के भविष्य के साथ खड़े होने का है, न कि राजनीतिक रोटियां सेंकने का. सरकार के लिए परीक्षा व्यवस्था में अटूट पारदर्शिता और अभेद्य सुरक्षा ही सबसे सर्वोपरि है. उन्होंने देश के करोड़ों छात्रों और उनके अभिभावकों को न्यूज़18 के माध्यम से यह मजबूत वादा किया कि भविष्य में ऐसी किसी भी गड़बड़ी की पुनरावृत्ति (दोबारा होना) नहीं होने दी जाएगी और पूरी परीक्षा प्रणाली को शत-प्रतिशत मजबूत और भरोसेमंद बनाया जा रहा है.
About the Author
Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें

