Last Updated:
Delhi-NCR Rain Traffic LIVE: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश से तापमान में 8 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इस बारिश के साथ कई आफत भी आई हैं. राष्ट्रीय राजधानी के कई क्षेत्रों में जलभराव के चल…और पढ़ें

दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश की वजह से कई इलाकों में लंबा जाम लग गया है. (फोटो: PTI)
Delhi-NCR Rain Traffic LIVE: दिल्ली-NCR में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. गुरुवार तड़के हुई बारिश से राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया और पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली. हालांकि लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, जिससे सुबह के समय यातायात प्रभावित हुआ. खासकर ऑफिस और स्कूल-कॉलेज जानेवालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए दिनभर भारी बारिश की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार राजधानी में अगले कुछ घंटों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. IMD का कहना है कि 10 जुलाई तक दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक स्तर पर वर्षा होने की संभावना है. वहीं, पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक और पूर्वी राजस्थान में 9 जुलाई को अच्छी बारिश का अनुमान है.
गुरुवार सुबह हुई बारिश के बाद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका और अन्य निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रशासन की ओर से जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के प्रयास किए जा रहे हैं ताकि यातायात सामान्य बना रहे. IMD के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 2:30 बजे राजधानी का तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवाएं लगभग शांत रहीं. मौसम विभाग का मानना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और उमस में भी कमी होगी.
अन्य राज्यों में भी जमकर बारिश
बुधवार को भी उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून सक्रिय रहा. उत्तर प्रदेश के मथुरा में रातभर हुई तेज बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे सड़क यातायात और लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई. वहीं राजस्थान के डूंगरपुर में गरज-चमक के साथ हुई भारी बारिश ने कई बस्तियों को जलमग्न कर दिया. पुराने शहर के घाटी, कनेरा पोल, मोची बाजार और भोईवाड़ा जैसे इलाकों में तीन फीट से अधिक पानी भरने की सूचना है. मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि सक्रिय मानसून के चलते अगले कुछ दिनों तक दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. यह अलर्ट दोपहर बाद 1 बजे तक के लिए है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी करते हुए आमलोगों के साथ ही प्रशासन को भी सतर्कता बरतने की सलाह दी है. वहीं, लगातार हो रही बारिश की वजह से राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है. ऑफिस और स्कूल-कॉलेज जानेवालों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: गाजियाबाद के इंदिरापुरम में भारी बारिश से जलभराव, जनजीवन प्रभावित
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम क्षेत्र में गुरुवार को हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में व्यापक जलभराव हो गया. सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और दैनिक यात्रियों को लंबे जाम व आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा. कई प्रमुख सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं, जिससे वाहन रेंगते नजर आए. स्थानीय निवासियों को भी घरों से निकलने में कठिनाई हुई. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था की पोल खुल गई. प्रशासन की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने और यातायात सामान्य करने के प्रयास में जुटी हैं.
#WATCH | Ghaziabad, Uttar Pradesh: Heavy rainfall led to waterlogging in the Indirapuram area, affecting daily commuters and causing inconvenience to residents. Roads completely submerged following the downpour. pic.twitter.com/wlsJzTzpY7
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) July 9, 2026
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली में एनएच-24 पर लंबा जाम, गाजियाबाद में रेंग रहे वाहन
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश ने गुरुवार सुबह जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. भारी बारिश के कारण दिल्ली के NH-24 पर लंबा जाम लग गया, जिससे हजारों वाहन घंटों तक रेंगते रहे. गाजियाबाद के इंदिरापुरम से गुजरने वाले NH-24 पर जलभराव के चलते यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, नोएडा के सेक्टर-44 समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित रहा. जगह-जगह जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा और सुबह का यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: गाजियाबाद में सड़कें बनीं तालाब, नगर निगम के दावों की खुली पोल
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली से सटे गाजियाबाद में मानसून की पहली तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की हकीकत उजागर कर दी है. मानसून से पहले नालों की सफाई और जलभराव से निपटने के बड़े-बड़े दावे करने वाला नगर निगम मानसून की बारिश में बेनकाब होता नजर आया. रेलवे स्टेशन को नोएडा, ट्रांस हिंडन और इंदिरापुरम से जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर हालात बेहद खराब हैं. सड़क पर इतना पानी भर गया कि वाहनों के पहिए आधे तक डूब गए. हजारों लोगों के रोजाना इस्तेमाल होने वाला यह व्यस्त मार्ग कुछ ही देर की बारिश में जलमग्न हो गया है. वाहन रेंगते नजर आए, जबकि पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नगर निगम के अधिकारी समय रहते मैदान में उतरकर नालों और जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते, तो आज यह नौबत नहीं आती. लोगों का आरोप है कि कागजों और बैठकों में तैयारियां पूरी दिखा दी गईं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नजर नहीं आया.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली में झमाझम बारिश से जलभराव, कई इलाकों में ट्रैफिक जाम
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले एक-दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने 10 जुलाई 2026 तक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है. मौसम विज्ञानियों ने आज यानी 9 जुलाई को दिल्ली समेत आसपास के अन्य शहरों में ताबड़तोड़ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. उधर, जलगातार हो रही बारिश की वजह से दिल्ली में ट्रैफिक की रफ्तार सुस्त पड़ गई है. जलभराव के चलते जहां-तहां जाम लग गया है.
Delhi-NCR Rain Traffic Live: दिल्ली ही नहीं, गुरुग्राम में भी हालत खराब
दिल्ली-एनसीआर ट्रैफिक अपडेट लाइव: मानसून की भारी बारिश ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटी साइबर सिटी को पूरी तरह ठप कर दिया है. बारिश में सड़कें दरिया बन गईं और कारें पानी में फंस गई हैं. हर साल की तरह इस साल भी गुरुग्राम का वही हाल है.नालियों और ड्रेनेज की खराब व्यवस्था, पुरानी नालियों का जाम होना, ड्रेनेज सिस्टम का ठीक से काम नहीं करने की वजह से बारिश में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है. नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर जलभराव है. जिससे गाड़ियों की रफ्तार सुस्त पड़ी है और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

