Last Updated:
Congress MLA Hold Woman Hand in Bus: तेलंगाना के कांग्रेस विधायक मल्ले रेड्डी रंगा रेड्डी का चलती बस में एक छात्रा का हाथ पकड़ते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस पर बीजेपी और बीआरएस ने कड़ा विरोध जताते हुए उनके आचरण को अनुचित बताया और सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, विधायक ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे पिता जैसा स्नेह बताया है और वीडियो को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया है.
बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा.
राजनीति की दुनिया से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर भूचाल ला दिया है. कांग्रेस के 70 साल के विधायक का एक वीडियो इन दिनों आग की तरह फैल रहा है, जिसमें वह चलती बस में एक छात्रा का हाथ थामे नजर आ रहे हैं. इस एक वीडियो ने विपक्षी दलों को बैठे-बिठाए ऐसा मौका दे दिया है कि वे कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साध रहे हैं. यह विवाद तब शुरू हुआ जब तेलंगाना के इब्राहिमपटनम से कांग्रेस विधायक (मल्ले रेड्डी रंगा रेड्डी) एक सरकारी बस में सफर कर रहे थे. यह बस कांग्रेस सरकार की महालक्ष्मी मुफ्त बस यात्रा योजना के तहत चल रही थी. बस के अंदर विधायक महोदय कुछ छात्राओं से बातचीत कर रहे थे.
छात्राओं ने बताया कि वे करीब एक साल से इस मुफ्त योजना का लाभ उठा रही हैं और इससे उनकी हर साल लगभग 45,000 रुपये की बचत हो रही है. इसी बातचीत के दौरान, वीडियो में दिखाई देता है कि विधायक ने एक छात्रा का हाथ पकड़ लिया और उसे अपनी तरफ खींचते नजर आए, जिसके बाद छात्रा तुरंत पीछे हट गई. बस, फिर क्या था, यही क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और विपक्षी दलों ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया.
बीजेपी और बीआरएस का तीखा हमला
बीजेपी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह-संयोजक अरुण यादव ने इस वीडियो को शेयर करते हुए 70 साल के विधायक के आचरण पर गंभीर सवाल उठाए और इसे ‘अनुचित’ बताया. बीजेपी ने इसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान से जोड़ दिया, जिसमें उन्होंने पुणे में ‘पितृसत्ता को कुचलने’ (Smash Patriarchy) की बात कही थी. बीजेपी ने तंज कसते हुए कहा कि जो पार्टी देश को महिलाओं के सम्मान का पाठ पढ़ाती है, वह अपने ही नेताओं के ऐसे आचरण पर चुप क्यों है?
विधायक ने दी सफाई
विपक्ष के चौतरफा हमलों से घिरे विधायक मल्ले रेड्डी रंगा रेड्डी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा बिल्कुल साफ था और वह छात्राओं से ‘पिता जैसे स्नेह’ के साथ बात कर रहे थे. विधायक ने स्पष्ट किया कि वह 6 अक्टूबर को जिला कलेक्टर कार्यालय की बैठक के बाद बोंगुलुरु से बस में चढ़े थे. भारी भीड़ के कारण छात्राओं ने उनसे और अधिक बसें चलवाने का अनुरोध किया था. उन्होंने दावा किया कि बस जब एक मोड़ पर घूम रही थी, तब संतुलन बनाने के दौरान का यह वीडियो है, जिसे बीआरएस द्वारा सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें

