Last Updated:
Rule Changes From 1st December : नया महीना आते ही कई तरह के फाइनेंशियल बदलाव भी होते हैं. कभी बैंकिग नियमों में बदलाव होता है तो कभी पेंशन और एलपीजी जैसी जरूरी चीजों के नियमों में भी बदलाव कर दिया जाता है. ऐसे ही कुछ जरूरी बदलाव इस साल दिसंबर महीने में भी होंगे. इस बार भी 1 दिसंबर से कई फाइनेंशियल नियमों में बदलाव होना है, जिसका सीधा असर आपकी जेब पर होगा.
एसबीआई क्रेडिट कार्ड : सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई ने 1 दिसंबर से अपने क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव करने का ऐलान किया है. बैंक ने बताया है कि कार्ड से कुछ तरह के ट्रांजेक्शन पर अब ज्यादा शुल्क वसूला जाएगा. बैंक ने कहा है कि अगर कोई ग्राहक ट्रांसपोर्ट पर एक बार में 30 हजार से ज्यादा का ट्रांजेक्शन करता है तो उस पर 1 फीसदी अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा. इसी तरह, ईंधन पर अगर एक बिल साइकिल में 50 हजार से ज्यादा की रकम खर्च होती है तो पूरे खर्च पर 1 फीसदी अतिरिक्त शुल्क देना होगा.
रेपो रेट : महंगाई के दबाव के बीच आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अगुवाई में 2 से 4 दिसंबर के बीच एक बार फिर एमपीसी की बैठक होने वाली है. ज्यादातर इकनॉमिस्ट ने यह अनुमान लगाया है कि इस बार भी आरबीआई रेपो रेट में बढ़ोतरी कर सकता है. इससे पहले अक्टूबर में हुई बैठक में भी आरबीआई ने करीब साढ़े तीन साल बाद रेपो रेट में 0.25 फीसदी बढ़ोतरी की थी. मौजूदा रेपो रेट 5.5 फीसदी है और कयास लगाए जा रहे कि महंगाई के दबाव में यह 6 फीसदी से भी ज्यादा ऊपर जा सकता है.
लोन और एफडी : अगर आरबीआई ने रेपो रेट में बढ़ोतरी कर दी तो आने वाले समय में लोन और एफडी की ब्याज दरों पर भी असर पड़ेगा. रेपो रेट बढ़ने के बाद ज्यादातर बैंकों के लोन की ब्याज दरें भी बढ़ जाती हैं. इससे कर्ज की ईएमआई का बोझ भी बढ़ जाता है. आरबीआई ने रेपो रेट बढ़ाया तो एफडी की ब्याज दरों में भी बदलाव आएगा. बैंक अपने एफडी की ब्याज दरें बढ़ा सकते हैं, क्योंकि एफडी और कर्ज दोनों ही रेपो रेट से जुड़े होते हैं. इससे एक तरफ तो कर्ज लेने वालों पर ईएमआई का बोझ बढ़ता है और दूसरी ओर एफडी पर ज्यादा ब्याज मिलता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
कमोडिटी ट्रेडिंग : बाजार नियामक सेबी ने कमोडिटी में ट्रेडिंग करने के निमयों में भी बदलाव किया है. सेबी ने 1 दिसंबर से कमोडिटी डेरिवेटिव्स में ट्रेड करने वालों पर संशोधित मार्जिन का नियम लागू किया है. अब कीमतों में उतार-चढ़ाव के आधार पर ट्रेडर्स को 6, 8 या 10 फीसदी का शुरुआती मार्जिन बनाए रखना होगा. रिस्क एनालिसिस के लिए भी 2 से 3 दिन का समय निर्धारित किया गया है. सेबी का नया नियम एग्री प्रोडक्ट और नॉन एग्री प्रोडक्ट दोनों पर ही लागू होगा.
आधार में बदलाव : आधार को रेगुलेट करने वाली एजेंसी यूआईडीएआई ने आधार में ईमेल जोड़ने या अपडेट करने पर लगने वाली 75 रुपये की फीस माफ कर दी है. अब बिना शुल्क जमा किए ही आप 31 दिसंबर तक आधार में अपना ईमेल जोड़ या अपडेट कर सकते हैं. इस सुविधा का लाभ सिर्फ आधार मोबाइल ऐप के जरिये ही किया जा सकेगा. 31 दिसंबर के बाद इस सर्विस के लिए सामान्य रूप से शुल्क देना पड़ेगा. लिहाजा जिन्हें भी आधार में ईमेल जोड़ना या अपडेट करना है तो 31 दिसंबर से पहले बिना शुल्क के ही इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है.
एनआरआई केवाईसी : ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया और एनआरआई को अब अपने खाते की केवाईसी पूरी करने के लिए भारत आने की जरूरत नहीं होगी. सेबी ने नियमों में बदलाव करके इस प्रक्रिया को काफी आसान बना दिया है. ऐसे निवेशक जो उन देशों में रहते हैं जहां फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स के नियमों का पालन होता है, तो वे ग्राहक रिमोट तरीके से ही अपना डिजिटल केवाईसी पूरा कर सकते हैं. हालांकि, इस सुविधा के लिए सेबी रजिस्टर्ड इंटरमीडियटरी या अन्य किसी वित्तीय संस्थान की मदद लेनी पड़ेगी.
एलपीजी सिलेंडर : 1 दिसंबर को सरकारी तेल कंपनियां एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव कर सकती हैं. हर महीने की पहली तारीख को इसमें बदलाव होता है और कयास लगाए जा रहे कि इस बार सिलेंडर के दाम कम हो सकते हैं. इसके अलावा एलपीजी सिलेंडर की केवाईसी के नियमों में भी ढील नहीं दी गई है. ग्राहकों के लिए एलपीजी सिलेंडर कनेक्शन की केवाईसी कराना जरूरी होगा. वैसे तो बिना केवाईसी वालों की सिलेंडर बुकिंग बंद नहीं की जाएगी, लेकिन आगे भी रसोई गैस के लिए खाते का केवाईसी कराना अनिवार्य बना रहेगा.
पेंशन : पेंशनधारकों के लिए हर साल नवंबर का महीना खास होता है, क्योंकि उन्हें इस महीने में अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराना होता है. पेंशनधारकों को हर साल यह काम एक बार करना होता है और इसकी डेडलाइन 30 नवंबर है. अगर कोई तय तारीख के भीतर अपना लाइफ सर्टिफिकेट नहीं जमा कर सका तो उसकी पेंशन आने में देरी हो सकती है. बैंकों में जाकर ऐसे पेंशनधारक को अपने जीवित होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा, उसके बाद ही पेंशन का भुगतान किया जा सकेगा.

