Last Updated:
BRICS Summit Live Updates: दिल्ली में 18वें ब्रिक्स सम्मेलन का आज दूसरा और अहम दिन है. दुनिया की बड़ी उभरती अर्थव्यवस्थाओं के नेता आज वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग और दुनिया के सामने मौजूद बड़ी चुनौतियों पर चर्चा…और पढ़ें

ब्रिक्स सम्मेलन के दूसरे दिन वैश्विक विकास और आर्थिक सहयोग पर खास ध्यान रहेगा. (PTI)
ब्रिक्स सम्मेलन लाइव: ब्रिक्स सम्मेलन भारत की अध्यक्षता में नई दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहा है. सम्मेलन की थीम ‘Building Resilience and Innovation for Cooperation and Sustainability’ रखी गई है. यानी मजबूती, नई सोच, सहयोग और टिकाऊ विकास के जरिए आगे बढ़ने पर जोर है. प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से भी मुलाकात की थी. आज भी पीएम मोदी की कई अहम द्विपक्षीय बैठकें प्रस्तावित हैं. इनमें कजाकिस्तान, फिलीपींस, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका, बुरुंडी, नाइजीरिया और युगांडा के नेताओं के साथ मुलाकात शामिल है.
BRICS Summit का आज का शेड्यूल
आज सुबह से ही भारत मंडपम में ब्रिक्स सम्मेलन की गतिविधियां तेज रहेंगी. सुबह 9:55 बजे ब्रिक्स के साझेदार देशों और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेताओं के पहुंचने का कार्यक्रम है. इसके बाद 10:35 बजे साझेदार और आउटरीच देशों के नेताओं की सामूहिक तस्वीर होगी. 10:50 बजे ब्रिक्स का खुला सत्र शुरू होगा. इस सत्र में नेता वैश्विक विकास, सहयोग और साझा चुनौतियों पर अपनी बात रखेंगे.
PM मोदी की आज कई देशों के नेताओं से मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज का कार्यक्रम भी काफी व्यस्त है. पीएम मोदी दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात करेंगे. इसके बाद 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामाफोसा से बैठक होगी. इसके बाद पीएम मोदी की 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति इवारिस्ते नदायिशिमिये, 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टीमा और 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ मुलाकात प्रस्तावित है. ये सभी बैठकें नई दिल्ली के भारत मंडपम में होंगी.
घोषणापत्र पर बनी सहमति से भारत की बड़ी कामयाबी
नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को लेकर ब्रिक्स देशों के बीच सहमति बनना सम्मेलन की बड़ी उपलब्धि है. प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि सभी सदस्य देशों ने घोषणापत्र को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया है. किसी सदस्य ने दस्तावेज पर आपत्ति नहीं जताई. घोषणापत्र तक पहुंचने के लिए देशों के बीच कई दौर की बातचीत हुई. अलग-अलग मुद्दों पर मौजूद मतभेदों को दूर करने की कोशिश की गई. अब सम्मेलन में इस साझा दस्तावेज के जरिए ब्रिक्स देशों की प्राथमिकताओं और भविष्य की दिशा सामने रखी जाएगी.
कांग्रेस ने PM मोदी से प्रेस कॉन्फ्रेंस की मांग की
ब्रिक्स सम्मेलन के बीच कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सम्मेलन के नतीजों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की मांग की है. कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने कहा कि भारत को वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच अपना भरोसा और प्रभाव फिर से मजबूत करने की कोशिश करनी चाहिए. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच केंद्र सरकार की कूटनीतिक भूमिका सीमित रही है और ब्रिक्स देशों के बीच सहमति बनाने में भी पर्याप्त प्रयास नहीं हुए. सलमान खुर्शीद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक दक्षिण की आवाज बनने की बात दोहराई है, लेकिन कांग्रेस का मानना है कि केवल एकजुटता जताने से काम नहीं चलेगा. इसके लिए लगातार और असरदार कदम भी उठाने होंगे. उन्होंने कहा कि सरकार को भारत की उस कूटनीतिक जगह और प्रतिष्ठा को फिर से मजबूत करने की कोशिश करनी चाहिए, जो देश ने पहले वैश्विक स्तर पर बनाई थी.
September 13, 202607:41 IST
BRICS Summit Live Updates: भारत के BRICS रिस्क लैब प्रस्ताव पर चर्चा
BRICS Summit Live Updates: BRICS देशों ने गुजरात के GIFT City स्थित इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर में BRICS रिस्क लैब स्थापित करने के भारत के प्रस्ताव पर आगे चर्चा में रुचि दिखाई है. प्रस्तावित सुविधा का उद्देश्य सदस्य देशों की रीइंश्योरेंस क्षमता मजबूत करना और आपदा या बड़े जोखिमों से निपटने के लिए वित्तीय सुरक्षा को बेहतर बनाना है.
September 13, 202607:32 IST
BRICS Summit Live Updates: सलमान खुर्शीद हुए गदगद
ब्रिक्स सम्मेलन लाइव अपडेट: कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने ब्रिक्स नई दिल्ली डिक्लेरेशन के सभी प्रस्तावों के पारित होने पर खुशी जताते हुए इसे बेहतर और सर्वसम्मति से तैयार किया गया दस्तावेज बताया. उन्होंने कहा कि विवादास्पद और टकराव वाले मुद्दों के बावजूद सभी देशों ने साझा बयान को स्वीकार किया, जो स्वागत योग्य है. खुर्शीद ने कहा कि प्रस्ताव में पहलगाम आतंकी हमले और सीमा पार आतंकवाद की कड़ी निंदा, आतंकवाद मुक्त दुनिया की बात, गाजा के समर्थन और इजरायल-फिलिस्तीन विवाद के समाधान के लिए टू-स्टेट सॉल्यूशन पर जोर दिया गया है. उन्होंने कहा कि इसमें दुनिया और देशों के हित से जुड़ी कई अहम बातें हैं, इसलिए किसी को इसका विरोध नहीं करना चाहिए.
September 13, 202607:30 IST
BRICS Summit Live Updates: सऊदी विदेश मंत्री प्रिंस फैसल दिल्ली पहुंचे
ब्रिक्स सम्मेलन लाइव अपडेट: सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद 18वें ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंच गए हैं. सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों के साथ साझेदार और आमंत्रित देशों के प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं. सऊदी अरब की भागीदारी के बीच ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं.
September 13, 202607:30 IST
BRICS Summit Live Updates: PM मोदी की आज 7 अहम द्विपक्षीय बैठकें
ब्रिक्स सम्मेलन लाइव अपडेट: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात होगी. इसके बाद फिलीपींस, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका, बुरुंडी, नाइजीरिया और युगांडा के नेताओं के साथ बैठक का कार्यक्रम है. सभी बैठकें भारत मंडपम में होंगी. इन मुलाकातों में द्विपक्षीय संबंधों के साथ व्यापार, निवेश और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.
September 13, 202607:30 IST
BRICS Summit Live Updates: आज ग्लोबल ग्रोथ पर नेताओं की नजर
ब्रिक्स सम्मेलन लाइव अपडेट: ब्रिक्स सम्मेलन के दूसरे दिन वैश्विक विकास और आर्थिक सहयोग पर खास ध्यान रहेगा. सदस्य देश बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार और विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखेंगे. भारत की अध्यक्षता में हो रहे इस सम्मेलन में मजबूती, नई सोच, सहयोग और टिकाऊ विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. नई दिल्ली घोषणापत्र 2026 को सर्वसम्मति से मंजूरी मिलना भी सम्मेलन की अहम उपलब्धि है.
September 13, 202607:26 IST
BRICS Summit Live Updates: BRICS नेताओं का भारत मंडपम पहुंचना शुरू
ब्रिक्स सम्मेलन लाइव अपडेट: 18वें ब्रिक्स सम्मेलन के दूसरे दिन नई दिल्ली के भारत मंडपम में गतिविधियां तेज हो गई हैं. साझेदार देशों और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेताओं का पहुंचना शुरू हो गया है. सुबह 9:55 बजे से नेताओं के आगमन का कार्यक्रम रखा गया है. इसके बाद 10:35 बजे सामूहिक तस्वीर होगी. सम्मेलन का खुला सत्र सुबह 10:50 बजे शुरू होगा. इसमें नेता वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग और दुनिया के सामने मौजूद साझा चुनौतियों पर चर्चा करेंगे.

