जिस बोतलबंद पानी को लोग अक्सर आंख मूंदकर शुद्ध और सुरक्षित मान लेते हैं, उसकी सेहत को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. खाद्य सुरक्षा नियामक FSSAI ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली प्रमुख कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. खबर है कि बिसलेरी के पानी के सैंपल की जांच में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट पाया गया. इतना ही नहीं, कंपनी की अपील के बाद जब सैंपल को दोबारा जांच के लिए भेजा गया, तो उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) भी मिला और दूसरी प्रयोगशाला ने भी इसे असुरक्षित ठहराया.
FSSAI ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर (मिनरल वॉटर को छोड़कर) का एक सैंपल लिया गया था. लैब टेस्ट में यह सैंपल ब्रोमेट की तय सीमा पर खरा नहीं उतरा, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया.
इस पूरे मामले में एक अहम मोड़ तब आया जब शुरुआती नतीजों के खिलाफ कंपनी ने अपील की. इसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, जहां गुणवत्ता विवाद की स्थिति में दोबारा जांच की जाती है.
मगर दूसरी लैब की रिपोर्ट भी कंपनी के हक में नहीं आई. FSSAI के मुताबिक, रेफरल लैब ने भी सैंपल को असुरक्षित माना और जांच में PAHs की मौजूदगी दर्ज की गई. दोनों लैब की रिपोर्ट्स के आधार पर नियामक ने कानून के उल्लंघन को देखते हुए बिसलेरी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी.
FSSAI का कहना है कि जांच के नतीजों से खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से जुड़े नियमों का उल्लंघन साबित होता है, इसी वजह से कानूनी कार्रवाई को हरी झंडी दी गई है.
बिसलेरी के सैंपल में जिन दो तत्वों की बात सामने आई है, वे सेहत के नजरिए से चिंता बढ़ाने वाले माने जाते हैं. ब्रोमेट एक रासायनिक यौगिक है, जो पानी को कीटाणुरहित करने की ओजोनेशन प्रक्रिया के दौरान कुछ खास हालात में बन सकता है. अगर पानी में ब्रोमाइड मौजूद हो और उसे ओजोन से ट्रीट किया जाए, तो ब्रोमेट बनने की संभावना रहती है. पीने के पानी में इसकी मात्रा तय सीमा के भीतर रखी जाती है, क्योंकि ज्यादा ब्रोमेट सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है और कई अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थाएं इसे संभावित कैंसरकारी जोखिम से जोड़कर देखती हैं.
दूसरी ओर, PAHs यानी पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन ऐसे रासायनिक यौगिकों का समूह है, जो मुख्य रूप से कार्बनिक पदार्थों के अधूरे जलने से बनते हैं. इनमें से कुछ यौगिकों को कैंसरकारी माना गया है, इसलिए पानी या खाने पीने की चीजों में इनकी मौजूदगी गंभीर सवाल खड़े करती है.
हालांकि, किसी सैंपल में इन तत्वों का पाया जाना अपने आप यह नहीं कहता कि पानी पीने वाले हर व्यक्ति को कैंसर हो ही जाएगा. असली खतरा इस बात पर निर्भर करता है कि पदार्थ कितनी मात्रा में है, कब तक सेवन किया गया और संपर्क का स्तर कैसा रहा. फिलहाल FSSAI की यह कार्रवाई लैब रिपोर्ट्स और नियमों के उल्लंघन पर आधारित है.
FSSAI का यह सख्त रुख सिर्फ बिसलेरी तक सीमित नहीं है. हालिया कार्रवाई में नियामक ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी अभियोजन की मंजूरी दी है. इसके अलावा मानकों पर खरे न उतरने के कारण उर्मी लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

