नीतीश कुमार से मिले खान सर
खान सर ने कहा कि बुधवार को वे सीएम नीतीश कुमार से मिले थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि उनकी टेबल पर किसी तरह की कोई फाइल पेंडिंग नहीं थी। ध्यान रहे कि बिहार में नीतीश कुमार की उम्र कई बार सियासी मुद्दा बन गई है। उनके बोलने को लेकर, उनकी जुबान फिसलने को लेकर तेजस्वी यादव भी कई बार हमले कर चुके हैं। कई विपक्षी नेता उन पर टीका टिप्पणी करते रहते हैं।
मुलाकात अच्छी रही- खान सर
खान सर ने मुलाकात को बहुत ही अच्छा बताया। उन्होंने मीडिया से अपने अनुभव को शेयर करते हुए कहा कि राजनीति में पढ़े- लिखे लोगों को आना चाहिए। उन्होंने खुद के बारे में कहा कि उनके पास अभी फुर्सत नहीं है। वे यदि राजनीति करेंगे, तो बच्चों को पढ़ाएगा कौन। नीतीश कुमार की उम्र और उनके कामकाज को लेकर खान सर ने कहा कि वो एक टीचर हैं। उनका काम है परख लेना। उन्हें नीतीश कुमार में कहीं से कोई दिक्कत नहीं दिखी।
मुलाकात के मायने
खान सर से जब मीडिया ने पूछा कि क्या वे जेडीयू में शामिल होंगे। उन्होंने इस सवाल को सिरे से खारिज कर दिया। वे ऐसा बिल्कुल नहीं करने वाले हैं। बच्चों के भविष्य का सवाल है। उन्हें कौन देखेगा। उन्होंने कहा कि किसी दिन सचिन तेंदुलकर से मिल लें, तो उनसे ये नहीं पूछा जाएगा कि क्या वो क्रिकेट खेलने जा रहे हैं। अगर वो किसी दिन किसी फिल्म स्टार से मिल लें, तो ये नहीं पूछा जाएगा कि क्या वो फिल्म करने जा रहे हैं। लेकिन राजनेता से मिलते ही ये पूछ लेते हैं कि क्या ज्वाइन करेंगे।
पेपर लीक नहीं होगा
खान सर ने कहा कि बच्चों की कुछ समस्या थी। उसी को लेकर वो मिलने के लिए गए थे। बच्चों की बात को एक जगह करके उन्होंने सरकार को सौंप दिया है। खान सर ने कहा कि बीपीएससी पहली बार नॉर्मलाइजेशन कर रहा है। इसलिए इसमें काफी पारदर्शी है। ये आग्रह करने के लिए वो सीएम के आवास पर गए थे। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के दौरान विभागीय अधिकारी भी उनके साथ थे। उन्होंने कहा कि इस बार एक दम सब लोग तत्पर हैं। किसी प्रकार के पेपर लीक की घटना नहीं होगी। उन्होंने आश्वासन दिया है।

