22 में खरीदा और 20 में बेचकर भाग गया
लगभग 4 करोड़ नगद के साथ कटिहार पुलिस ने मक्का किसान और व्यापारियों से ठगी करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कटिहार के एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गौतम चौधरी फसलों की खरीद-बिक्री का काम करता था। इस बार उसकी नीयत खराब थी और वो ठगी कर भागने का मन बना चुका था। करीब दो हजार से अधिक किसानों से 22 रुपए प्रति किलो के हिसाब से मक्का की फसल खरीदी। खरीद दर से कम में करीब 20 रुपए प्रति किलो में बेचकर पैसे ले लिए। मक्का के बदले किसानों को उसके पैसे नहीं दिए और लापता हो गया।
अलग-अलग शहरों को बनाता था ठिकाना
कटिहार पुलिस के मुताबिक ये मामला करीब डेढ़ महीना पहले का है। किसानों से ठगी मामले को लेकर पुलिस अलर्ट थी। जांच-पड़ताल के दौरान गौतम चौधरी का सहयोगी कृष्णा जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस गौतम चौधरी की तलाश हो रही थी। दिक्कत ये थी कि वो किसी एक शहर में लंबे समय तक नहीं ठहरता था। गौतम चौधरी मोबाइल सिम और फोन भी लगातार बदल रहा था। इस बीच उसके आने के बारे में पुलिस को सूचना मिली और आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया।
ट्रेजरी में जमा कराई गई राशि
जब्त की गई नगद राशि को कोर्ट के आदेश पर ट्रेजरी में जमा करने का आदेश दिया गया है। एसपी नेबताया कि गिरफ्तार आरोपी पर पहले भी ठगी के आरोप में कई केस दर्ज किया गया चुका है। अररिया में भी चेक बाउंस का मामला सामने आया था।