उधर उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का कहर जारी है, जहां पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम के प्रभाव से तापमान काफी नीचे बना हुआ है. दिल्ली में भी अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आएगी, जबकि पूरे देश में मौसम की यह हलचल यात्रा और दैनिक जीवन को प्रभावित कर सकती है.
कहां-कहां होगी भारी बारिश?
इस सिस्टम की वजह से तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरुर, पुदुकोट्टई और कराईकल में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. रामनाथपुरम, शिवगंगा, तिरुचिरापल्ली, अरियालुर, कुड्डालोर, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
वहीं 10 जनवरी को बारिश और तेज हो सकती है. इस दिन तटीय इलाकों के साथ-साथ अंदरूनी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. कुड्डालोर, विल्लुपुरम और चेंगलप ट्टू में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि चेन्नई, पुडुचेरी, नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरूर, कांचीपुरम और आसपास के जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है.11 और 12 जनवरी को बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना है, लेकिन उत्तरी तटीय तमिलनाडु और आसपास के कुछ अंदरूनी इलाकों में अभी भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.
समुद्र में तेज हवाओं का खतरा
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी, श्रीलंका तट, गल्फ ऑफ मन्नार और कोमोरिन क्षेत्र में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. ऐसे में मछुआरों को चेतावनी दी गई है कि वे आगामी दिनों तक समुद्र में न जाएं.
उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का डबल अटैक
देश के दक्षिणी हिस्सों में जहां भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है, वहीं उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में सर्दी का प्रकोप लगातार बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम के कारण उत्तर भारत के बड़े हिस्से ठंड, शीत लहर और घने कोहरे की चपेट में हैं.
राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तर मध्य प्रदेश के कई इलाकों में शीत दिवस से लेकर गंभीर शीत दिवस जैसी परिस्थितियां दर्ज की गई हैं. पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर ‘सीवियर कोल्ड डे’ की स्थिति बनी हुई है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और बिहार के कुछ हिस्सों में भी शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है और सड़क व रेल यातायात प्रभावित हो सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, हालांकि 10 जनवरी के आसपास तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है. इसके बाद फिर से गिरावट दर्ज की जा सकती है. अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है, जिससे दिन में भी ठंड का एहसास बना रहेगा.
मध्य और पूर्वी भारत में शीत लहर का अलर्ट
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में शीत लहर की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है. बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है. इन क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाने से जनजीवन और यातायात पर असर पड़ सकता है.
वहीं असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर पाला पड़ने (ग्राउंड फ्रॉस्ट) की संभावना है. इसके साथ ही असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी सुबह और रात के समय घना कोहरा तथा ठंड का असर बना रह सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना चक्रवाती परिसंचरण अभी सक्रिय है. इसके अलावा उत्तर भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 130 नॉट की रफ्तार वाली उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम बनी हुई है, जिसके कारण ठंडी हवाएं चल रही हैं और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है.

