बरेली: दिवाली के पहले अक्सर लोग यह उम्मीद करते हैं कि लक्ष्मी माता की कृपा उन पर बरसे। घर में कोई गड़ा खजाना मिल जाए। नोटों की बारिश हो। अक्सर ऐसा नहीं होता है। लेकिन, बरेली में झाड़-फूंक करने वाले एक तांत्रिक के घर से कुछ ऐसा ही खजाना मिला है। इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश के बरेली में झाड़-फूंक करने वाले तांत्रिक के घर में लाखों रुपये कैश मिला है। साथ ही, उसके घर से बोरियों में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद हुए हैं।तांत्रिक के घर खजाना छुपे होने की जानकारी तब सामने आई जब तांत्रिक की तबीयत बिगड़ी। पुलिस तक इसके बाद मामला पहुंचा। हुआ यूं कि झाड़-फूंक करने वाले मियां की तबीयत खराब हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। तांत्रिक के पास कितना पैसा है? पैसों को कहां रखा गया है? इसकी जानकारी दो शिष्याओं को थी। हालांकि, इन पैसे को लेकर मकान मालिक की भी नजर थी।
शुरू हुआ था विवाद
मियां की शिष्याओं और मकान मालिक के बीच उन रुपयों को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा। बरेली के बहेड़ी इलाके में ताबीज देने वाले मियां की तबीयत खराब होने के बाद उनकी दो शिष्याओं और मकान मालिक के बीच भिड़ंत हो गई। एक करोड़ रुपये के आभूषण और करीब 25 लाख रुपये कैश को हड़पने को लेकर विवाद होने लगा।
पुलिस के हाथों में खजाना देख सब हैरान
दोनों शिष्याओं और मकान मालिक के बीच झगड़े की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। उसने कीमती सामान अपने कब्जे में ले लिया। इस बीच लोगों की भीड़ वहां एकत्र हो गई। पुलिस के हाथों में करोड़ों के जेवरात और करीब 25 लाख रुपये नकद देखकर हर कोई हैरान रह गया। वहीं, शिष्याओं और मकान मालिक का दावा चलता रहा।

