Baghpat Inspector Woman Constable News: बागपत के एक इंस्पेक्टर पर महिला सिपाही ने साथ न रखने का आरोप लगाया है। सिपाही का कहना है कि दोनों का कोर्ट में विवाह हुआ था। इसके बाद भी वह साथ रखने से मना कर रहा है। मामले में एसपी ने जांच के आदेश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?
बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले इंस्पेक्टर पर मथुरा की रहने वाली महिला सिपाही ने गंभीर आरोप लगाया है। महिला सिपाही का आरोप है कि कोर्ट मैरिज के बाद इंस्पेक्टर उसे अपने साथ नहीं रख रहा है। पीड़िता सिपाही ने एसपी से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।मथुरा जिले की महिला सिपाही का कहना है कि उसकी तैनाती पीलीभीत जिले में थी। इसी दौरान उसकी पहचान बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दरोगा से हुई। महिला सिपाही ने आरोप लगाया कि दरोगा ने शादी का झांसा देकर कई सालों तक उसके साथ रेप किया। शादी का दबाव बनाने पर दरोगा ने उसके साथ कोर्ट में शादी कर ली।
अब नहीं रख रहा साथ
मामले में महिला सिपाही का आरोप है कि शादी के बाद अब कई माह से आरोपी दरोगा उसे अपने साथ नहीं रख रहा है। उसे अपने घर भी नहीं ले जा रहा है। अभी उसकी तैनाती मथुरा जिले में ही है। पीड़िता ने रविवार को संघावली अहीर थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने इस मामले में एसपी से भी शिकायत की।
Jayant Chaudhary: बागपत में जयंत चौधरी का खिलाड़ियों को तोहफा, किया स्टेडियम का उद्घाटन
क्या कहते हैं अधिकारी?
मामले में बागपत एसपी सूरज कुमार राय का कहना है कि महिला की कोर्ट में शादी हो चुकी है। पहले दरोगा की मां ने शिकायत की थी। अब महिला सिपाही ने साथ न रखने के आरोप लगाए हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मामले में सिंघावली अहीर थाने के एसआई सोहनवीर सोलंकी का कहना है कि पीड़िता महिला सिपाही भाजपा नेता के साथ कोतवाली पहुंची थी। उसने दरोगा पति पर साथ न रखने का आरोप लगाया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


