अनुप्रिया पटेल ने किया सवाल
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के वायरल वीडियो में एक स्कूल के फंक्शन का दृश्य दिख रहा है। इस कार्यक्रम में स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री बच्चों को संबोधित करने के साथ सवाल करते दिख रही है। अनुप्रिया पटेल ने अपने भाषण के दौरान बच्चों से सवाल किया कि आपका फेवरेट नेता कौन सा है? उन्होंने कहा कि कोई भी इसका जवाब दे सकता है। इस पर एक बच्चे ने हाथ उठाया। उन्होंने कहा कि अच्छा भाई, तुम बताओ, तुम्हारा फेवरेट नेता कौन है?
बच्चे ने जवाब में कहा अखिलेश यादव। अनुप्रिया ने बच्चे के जवाब पर कहा- बहुत बढ़िया। अनुप्रिया पटेल ने इसके बाद सवाल किया, अखिलेश यादव आपके फेवरेट नेता क्यों हैं? यह भी बताओ। इसके बाद बच्चे को माइक दी गई। बच्चे ने माइक पर कहा कि वह अच्छे नेता हैं। प्रदेश के लिए अच्छा काम करते हैं। युवाओं को नौकरी दी है। भर्ती प्रक्रिया चलाए हैं। इस पर अनुप्रिया पटेल कहती हैं कि उन्होंने नौकरी दी है, इसलिए अच्छे नेता हैं। बहुत बढ़िया।
सूचना पर दिया जोर
अनुप्रिया पटेल ने बच्चों को सूचना के मामले में जानकारी रखने की सीख दी। उन्होंने कहा कि दुनिया में इस समय क्या हो रहा है? किस प्रकार से परिस्थितियां बदल रही हैं, यह जानकारी आपको रहनी चाहिए। उसको जानते रहिए। इसके बारे में सीखते रहिए। टीवी देखिए, अखबार पढ़िए, ज्यादा से ज्यादा जानकारी जुटाइए। अनुप्रिया ने कहा कि इस दुनिया में वही आगे बढ़ता है, जो अपने पास सबसे अधिक जानकारी रखता है।

