Last Updated:
Annamalai Announcement Live: तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद अपने अगले राजनीतिक प्लान का खुलासा किया है. अन्नामलाई ने कहा कि वह तमिलनाडु के युवाओं और राज्य के भवि…और पढ़ें

तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने BJP से इस्तीफे के बाद अपना प्लान बता दिया है. (फाइल फोटो PTI)
Annamalai News Live: तमिलनाडु की राजनीति में शुक्रवार का दिन बड़ा मोड़ लेकर आया. बीजेपी के तेजतर्रार चेहरे और पूर्व आईपीएस अधिकारी के. अन्नामलाई ने आखिरकार पार्टी से इस्तीफा देने के बाद अपने अगले राजनीतिक प्लान का खुलासा कर दिया. पिछले कई दिनों से यह चर्चा थी कि अन्नामलाई बीजेपी नेतृत्व से नाराज चल रहे हैं और राज्य की राजनीति में अलग रास्ता तलाश रहे हैं. अब खुद अन्नामलाई ने साफ कर दिया है कि वह केवल राजनीति छोड़ने नहीं जा रहे, बल्कि एक “नया आंदोलन” शुरू करने की तैयारी में हैं. उनकी इस घोषणा ने तमिलनाडु की राजनीति में हलचल मचा दी है. खास बात यह है कि अन्नामलाई ने अपने इस्तीफे को किसी व्यक्तिगत नाराजगी की बजाय “तमिलनाडु के भविष्य” से जोड़ा है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या वह नई पार्टी बनाएंगे, कोई सामाजिक आंदोलन शुरू करेंगे या फिर राज्य की राजनीति में तीसरे बड़े विकल्प के तौर पर खुद को स्थापित करने की कोशिश करेंगे.
अन्नामलाई ने अपने इस्तीफे वाले पत्र में बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद भी किया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें कम समय में बड़ी जिम्मेदारियां दीं और राजनीति में आगे बढ़ने का मौका दिया. लेकिन पिछले करीब 18 महीनों में तमिलनाडु की राजनीतिक दिशा को लेकर उनके और पार्टी नेतृत्व के बीच मतभेद बढ़ते गए. अन्नामलाई ने लिखा, “वरिष्ठ नेतृत्व से बातचीत के बाद मुझे महसूस हुआ कि तमिलनाडु को लेकर हमारी सोच एक जैसी नहीं है.” उन्होंने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि वह राजनीति में आने के अपने असली उद्देश्य पर फिर से विचार करें और नई दिशा में आगे बढ़ें.
नया आंदोलन शुरू करने का ऐलान
बीजेपी से अलग होने के बाद अन्नामलाई ने साफ कहा कि वह तमिलनाडु के युवाओं और राज्य की राजनीतिक आकांक्षाओं को लेकर नया आंदोलन शुरू करेंगे. उन्होंने संकेत दिए कि यह आंदोलन केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राज्य की पहचान, युवाओं के अवसर और राजनीतिक बदलाव पर केंद्रित होगा. अन्नामलाई ने अपने समर्थकों से कहा कि आने वाले दिनों में वह सोशल मीडिया और सार्वजनिक बैठकों के जरिए अपने अगले कदमों की पूरी रूपरेखा सामने रखेंगे.
अन्नामलाई ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि वह छह साल पहले राजनीति में इसलिए आए थे ताकि तमिलनाडु की राजनीति में बदलाव ला सकें. उनका कहना था कि राजनीति केवल कुछ प्रभावशाली लोगों के लिए नहीं होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी ने उन पर भरोसा किया और कम उम्र में नेतृत्व की जिम्मेदारी दी, जिसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे.
हालांकि, पार्टी छोड़ने के बावजूद अन्नामलाई ने बीजेपी या उसके शीर्ष नेतृत्व पर सीधा हमला नहीं बोला. उन्होंने अपने पत्र में कहा कि वह भारत की एकता और तमिलनाडु की सांस्कृतिक पहचान दोनों में विश्वास रखते हैं. उनके मुताबिक, “मजबूत भारत वही है जहां हर राज्य और हर समुदाय की ताकत का सम्मान हो.”
तमिलनाडु में क्या बदल सकता है?
अन्नामलाई के इस्तीफे को तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है. पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने बीजेपी को राज्य में आक्रामक तरीके से आगे बढ़ाने की कोशिश की थी. खासकर युवा वोटर्स और सोशल मीडिया पर उनकी मजबूत पकड़ ने उन्हें राज्य की राजनीति का बड़ा चेहरा बना दिया था. अब उनके अलग होने से बीजेपी की रणनीति पर असर पड़ सकता है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर अन्नामलाई नई पार्टी या आंदोलन शुरू करते हैं तो वह डीएमके और एआईएडीएमके के बीच तीसरे विकल्प की राजनीति को मजबूत करने की कोशिश कर सकते हैं. वहीं बीजेपी के लिए भी यह चुनौती होगी कि वह तमिलनाडु में अपने कैडर और समर्थकों को कैसे एकजुट रखती है.
Annamalai Announcement Live: अन्नामलाई के इस्तीफे पर BJP की पहली प्रतिक्रिया
Anamalai News Live: पूर्व तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य बीजेपी प्रमुख नैनार नागेंद्रन ने कहा कि इससे पार्टी पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा, ‘अन्नामलाई के जाने से तमिलनाडु बीजेपी पर कोई प्रभाव नहीं होगा.’ वहीं अन्नामलाई द्वारा नई पार्टी या राजनीतिक आंदोलन शुरू करने की अटकलों पर नागेंद्रन ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी पार्टी बनाने का अधिकार है.
Anamalai News Live: सभी पार्टियों से बराबर दूरी रखेंगे अन्नामलाई
Annamalai Announcement Live: पूर्व तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कहा है कि उनका नया राजनीतिक आंदोलन BJP समेत सभी दलों से बराबर दूरी रखेगा. उन्होंने कहा कि उनकी नजर में BJP, DMK, AIADMK, टीटीवी दिनाकरन, वाइको और सीमेन की पार्टियां समान हैं. अन्नामलाई ने यह भी कहा कि उन्होंने तमिलनाडु से जुड़े मुद्दों, खासकर तीन भाषा नीति पर खुलकर आवाज उठाई थी. अपने नए राजनीतिक सफर के लिए उन्होंने जनता से समर्थन मांगते हुए कहा, ‘मेरे साथ जुड़िए, मुझ पर भरोसा रखिए.’
Anamalai News Live: अगले आम चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने का ऐलान
Annamalai Announcement Live: पूर्व IPS अधिकारी अन्नामलाई ने अपने भविष्य के राजनीतिक प्लान भी साफ कर दिए. उन्होंने घोषणा की कि वह अगला लोकसभा चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेंगे. उनके इस बयान को तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
Annamalai Announcement Live: व्यक्ति आधारित राजनीति नहीं, आम आदमी की राजनीति चाहिए: अन्नामलाई
Anamalai News Live: बीजेपी छोड़ने के बाद के अन्नामलाई ने अपने नए राजनीतिक आंदोलन को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि राजनीति ‘एक व्यक्ति केंद्रित मॉडल’ से बाहर निकले. अन्नामलाई ने कहा, ‘हमें कॉमन मैन पॉलिटिक्स चाहिए,’ यानी आम लोगों के मुद्दों पर आधारित राजनीति को आगे बढ़ाया जाएगा.
Anamalai News Live: PM मोदी और BJP नेतृत्व का जताया आभार
Annamalai Announcement Live: इस्तीफे के बावजूद अन्नामलाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी नेतृत्व का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें कई अहम जिम्मेदारियां निभाने का मौका दिया. साथ ही उन्होंने तमिल संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान पर गर्व जताते हुए कहा कि वह एक मजबूत और एकजुट भारत में विश्वास रखते हैं, जो विभिन्न राज्यों और समुदायों की ताकत से बनता है.
Annamalai Announcement Live: राजनीति में बदलाव लाने आया था: अन्नामलाई
Anamalai News Live: अन्नामलाई ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि वह 6 साल पहले इस सोच के साथ राजनीति में आए थे कि तमिलनाडु में सकारात्मक बदलाव लाया जाए. उन्होंने कहा कि राजनीति केवल कुछ खास लोगों के लिए नहीं होनी चाहिए. पूर्व IPS अधिकारी ने यह भी कहा कि बीजेपी ने उन्हें कम उम्र में बड़ी जिम्मेदारियां देकर भरोसा जताया.
Anamalai News Live: तमिलनाडु को लेकर नेतृत्व से विचार नहीं मिले: अन्नामलाई
Annamalai Announcement Live: बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को भेजे इस्तीफे में अन्नामलाई ने कहा कि पिछले 18 महीनों में तमिलनाडु के भविष्य और राजनीतिक दिशा को लेकर उनकी सोच पार्टी नेतृत्व से मेल नहीं खा रही थी. उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बातचीत के बाद उन्हें महसूस हुआ कि दोनों पक्षों के विचार अलग हैं.
Annamalai Announcement Live: BJP छोड़ने के बाद अन्नामलाई का बड़ा ऐलान
Anamalai News Live: पूर्व तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई ने पार्टी छोड़ने के बाद बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अब वह ‘एक नया आंदोलन’ शुरू करने जा रहे हैं. अन्नामलाई ने अपने इस्तीफे के जरिए साफ संकेत दिया कि वह तमिलनाडु की राजनीति में नई दिशा और नए राजनीतिक रास्ते की तलाश करेंगे.
Anamalai News Live: अन्नामलाई के इस्तीफे पर कांग्रेस का हमला, माणिकम टैगोर बोले- तमिलनाडु के लिए BJP का प्लान B तैयार
Annamalai Announcement Live: पूर्व तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है. कांग्रेस सांसद माणिकम टैगोर ने बीजेपी और RSS पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि तमिलनाडु के लिए ‘प्लान B’ तैयार किया जा रहा है. उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि अन्नामलाई के इस्तीफे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी के बीच बीजेपी और RSS किसी नए राजनीतिक मोर्चे की तैयारी करते दिख रहे हैं. टैगोर ने आरोप लगाया कि जो लोग पारंपरिक राजनीति के जरिए तमिलनाडु में अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर पाए, वे अब नया रास्ता अपनाने की कोशिश कर रहे हैं. कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि चुनाव से पहले मतदाताओं के बीच भ्रम पैदा करने की रणनीति बनाई जा रही है. उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि तमिलनाडु की जनता को ऐसे राजनीतिक प्रयोगों से सावधान रहना चाहिए. अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद राज्य में नए राजनीतिक समीकरणों और संभावित नए मोर्चे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
Annamalai Announcement Live: अन्नामलाई का इस्तीफा BJP ने स्वीकार किया
Annamalai News Live: पूर्व तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई का इस्तीफा पार्टी नेतृत्व ने स्वीकार कर लिया है. अन्नामलाई ने कुछ दिन पहले भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद से उनके भविष्य को लेकर लगातार अटकलें चल रही थीं. पूर्व IPS अधिकारी रहे अन्नामलाई तमिलनाडु बीजेपी का बड़ा चेहरा माने जाते थे और उनके अगले राजनीतिक कदम पर अब सबकी नजर है.
Annamalai News Live: अमित शाह ने BJP में बने रहने को कहा?
Annamalai Announcement Live: रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में नई दिल्ली दौरे के दौरान अन्नामलाई ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. सूत्रों का दावा है कि इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने उनसे बीजेपी में बने रहने की अपील की. माना जा रहा है कि अन्नामलाई ने अपनी नाराजगी और राजनीतिक स्थिति को लेकर शीर्ष नेतृत्व से खुलकर बात की थी.
Annamalai Announcement Live: तमिल युवाओं के लिए नया राजनीतिक आंदोलन?
Annamalai News Live: सूत्रों के अनुसार अन्नामलाई तमिलनाडु के युवाओं पर फोकस करते हुए एक नए राजनीतिक आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं. माना जा रहा है कि उनका नया कदम राज्य की राजनीति में अलग पहचान बनाने की कोशिश हो सकता है. शुक्रवार को होने वाले उनके संभावित ऐलान पर पूरे दक्षिण भारत की राजनीति की नजर टिकी हुई है.
Annamalai News Live: क्या नई पार्टी बनाएंगे अन्नामलाई?
Annamalai News Live: पूर्व IPS अधिकारी के अन्नामलाई को लेकर अटकलें तेज हैं कि वह शुक्रवार को बड़ा ऐलान कर सकते हैं. कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वह पार्टी से इस्तीफा दे सकते हैं. बताया जा रहा है कि पार्टी के भीतर खुद को साइडलाइन किए जाने और AIADMK के साथ सीट शेयरिंग को लेकर वह नाराज हैं. हालांकि अब तक अन्नामलाई की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
Annamalai News Live: आंध्र राज्यसभा सीट पर बदली NDA की रणनीति
Annamalai News Live: तमिलनाडु बीजेपी में तेज राजनीतिक हलचल का असर अब पड़ोसी आंध्र प्रदेश की राजनीति पर भी दिखने लगा है. सूत्रों के मुताबिक NDA ने आंध्र प्रदेश की एक राज्यसभा सीट को लेकर अपनी रणनीति बदल दी है. पहले यह सीट पूर्व तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष के अन्नामलाई के लिए मानी जा रही थी, लेकिन अब बीजेपी ने इस दावे से पीछे हटने का फैसला किया है. इसे गठबंधन के भीतर बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

