Last Updated:
Amit Dutta Success Story Google Meta: आईआईटी प्रवेश परीक्षा में फेल हुए, माइक्रोसॉफ्ट ने इंटरव्यू में रिजेक्ट कर दिया.. फिर भी अमित दत्ता ने हार नहीं मानी. अपनी कोडिंग स्किल्स के दम पर उन्होंने न सिर्फ गूगल में, बल्कि मेटा (फेसबुक) लंदन में भी 1.7 करोड़ रुपये के भारी-भरकम पैकेज वाली नौकरी हासिल कर मिसाल कायम की है.
Amit Dutta Meta: अमित दत्ता ने सोशल मीडिया पर मेटा में नौकरी का रोडमैप शेयर किया है (Photo Source: IG/itsamitdutta)
नई दिल्ली (Amit Dutta Success Story). अगर आप सोचते हैं कि परीक्षा में फेल होने या बड़ी कंपनी से रिजेक्शन के बाद करियर खत्म हो जाता है तो आपको अमित दत्ता की कहानी जरूर पढ़नी चाहिए. इन दिनों सोशल मीडिया पर अमित दत्ता का सफरनामा खूब वायरल हो रहा है. भारत में IIT में दाखिला न मिलने पर कई छात्र निराश हो जाते हैं, वहीं अमित ने इस नाकामी को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपना अनोखा सफर शेयर किया है, जिसने लाखों युवाओं को नई उम्मीद दी है.
गुमनाम कॉलेज से किया बीटेक
साल 2018 अमित दत्ता के लिए किसी बुरे सपने जैसा था. वह दिन-रात मेहनत करने के बाद भी देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा यानी जेईई को क्रैक नहीं कर पाए. जहां उनके आस-पास के कई दोस्त बड़े संस्थानों में जा रहे थे, वहीं अमित को ऐसे कॉलेज में दाखिला लेना पड़ा, जिसे लोग ठीक से जानते भी नहीं थे. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इस बात का जिक्र किया है कि वह दौर मानसिक रूप से कितना चैलेंजिंग था, लेकिन उन्होंने खुद को टूटने नहीं दिया.
माइक्रोसॉफ्ट ने भी किया रिजेक्ट
कॉलेज के दौरान अमित ने समझ लिया था कि डिग्री के टैग से ज्यादा उनकी खुद की स्किल्स मायने रखेंगी. उन्होंने कोडिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट पर अपनी पकड़ बनानी शुरू की. पढ़ाई पूरी होने के बाद जब उन्होंने टेक दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) में जॉब के लिए इंटरव्यू दिया तो वहां भी उन्हें रिजेक्शन का सामना करना पड़ा. लगातार मिल रही असफलताओं के बाद कोई भी आम इंसान हिम्मत हार जाता. लेकिन अमित ने अपनी कमियां पहचानीं और उन पर दोगुने जोश से काम करना शुरू किया.
गूगल और मेटा से एक साथ आया बुलावा, मिला 1.7 करोड़ का पैकेज
अमित दत्ता की लगातार की गई मेहनत तब रंग लाई, जब उनकी कोडिंग स्किल्स के चर्चे दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों तक पहुंचे. इसके बाद जो हुआ, उसने इतिहास रच दिया. अमित को न सिर्फ दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल (Google) से नौकरी का ऑफर मिला, बल्कि मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा (Meta) ने भी उन्हें लंदन ऑफिस के लिए चुन लिया. आखिरकार उन्होंने मेटा का ऑफर स्वीकार किया, जहां उन्हें सालाना करीब 1.7 करोड़ रुपये का भारी-भरकम पैकेज मिला.
सोशल मीडिया पर बने रोल मॉडल
अमित दत्ता की कहानी इंटरनेट पर हर उस स्टूडेंट के लिए मिसाल बन चुकी है, जो किसी परीक्षा में कम नंबर आने या नौकरी न मिलने से उदास बैठा है. अमित की जर्नी संदेश देती है कि कॉलेज का नाम या आपका पुराना रिकॉर्ड तय नहीं करता कि आप जीवन में कहां तक जाएंगे. अगर आपके पास सही हुनर है, लगातार सीखने की ललक है और आप रिजेक्शन से डरते नहीं हैं तो दुनिया की कोई भी ताकत आपको आपकी मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकती.
About the Author
Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें

