Delimitation Bill News LIVE: संसद के विशेष सत्र को लेकर सियासी हलचल तेज है. 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित इस सत्र में सरकार परिसीमन से जुड़ा विधेयक ला सकती है. हालांकि अभी तक सरकार ने आधिकारिक तौर पर एजेंडा स्पष्ट नहीं किया है. इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि सरकार संसद में एक बहुत महत्वपूर्ण बिल लाने जा रही है. उनके इस बयान ने परिसीमन विधेयक को लेकर चल रही अटकलों को और हवा दे दी है. रिजिजू ने फिलहाल यह नहीं बताया कि सरकार कौन सा बिल पेश करने वाली है. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि विशेष सत्र को गंभीर चर्चा का मंच बनाया जाए. कोई भी सांसद हल्की या गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी न करे और न ही सदन में हंगामा हो. उन्होंने कहा कि हर सांसद को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए. सरकार की ओर से बताई गई रूपरेखा के मुताबिक 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा में चर्चा होगी. इसके बाद 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में विधेयक पर चर्चा प्रस्तावित है. इस बीच DMK प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर पार्टी की दो प्रमुख मांगें फिर दोहराई हैं. उन्होंने साफ कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने पर DMK को आपत्ति नहीं है लेकिन इससे संसद में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी किसी भी हाल में कम नहीं होनी चाहिए.
किरेन रिजिजू ने विशेष सत्र बुलाए जाने को असंवैधानिक बताने वाले विपक्षी नेताओं के बयानों पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि जब भी संसद का विशेष सत्र बुलाया जाता है तो उसके पीछे किसी जरूरी विधेयक या राष्ट्रीय महत्व के मुद्दे पर चर्चा करने का उद्देश्य होता है. ऐसे में सत्र को असंवैधानिक बताना या यह कहना कि मानसून सत्र समय से पहले खत्म किया गया गैर-जिम्मेदाराना है. रिजिजू ने कहा कि सरकार संसद में जो भी विधेयक या प्रस्ताव लेकर आए उस पर सभी दलों को गंभीरता से चर्चा करनी चाहिए. किसी बिल का समर्थन करना या उसका विरोध करना राजनीतिक दलों का अधिकार है लेकिन सदन की कार्यवाही चलना भी जरूरी है. उन्होंने सांसदों से अपील की कि वे जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें और विशेष सत्र में पूरी भागीदारी करें.
November 27, 202613:41 IST
Delimitation Bill News LIVE: तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं करेगी DMK
स्टालिन का यह बयान ऐसे समय आया है जब चर्चा है कि तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व को लेकर चिंताओं का समाधान होने पर DMK केंद्र के परिसीमन से जुड़े विधेयक का समर्थन करने पर विचार कर सकती है. पार्टी का कहना है कि उसे लोकसभा की सीटें बढ़ाए जाने से परेशानी नहीं है लेकिन परिसीमन की प्रक्रिया में उन राज्यों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के प्रयासों में बेहतर प्रदर्शन किया है. स्टालिन ने मीडिया में चल रही अटकलों और राजनीतिक विरोधियों की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि इससे पार्टी का रुख नहीं बदलेगा. उन्होंने दोहराया कि DMK तमिलनाडु के हितों से कभी समझौता नहीं करेगी. पार्टी की मुख्य चिंता यही है कि लोकसभा में सीटों का नया बंटवारा होने पर राज्य का मौजूदा राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर न पड़े.
November 27, 202613:41 IST
Delimitation Bill News LIVE: परिसीमन पर स्टालिन की दो टूक, बोले- तमिलनाडु की 7.18% हिस्सेदारी नहीं घटनी चाहिए
DMK प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर पार्टी की दो प्रमुख मांगें फिर दोहराई हैं. उन्होंने साफ कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने पर DMK को आपत्ति नहीं है लेकिन इससे संसद में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी किसी भी हाल में कम नहीं होनी चाहिए. इसके अलावा 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 साल तक बरकरार रखने की मांग भी की है. स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि DMK इन दोनों मांगों पर आज भी कायम है और आगे भी रहेगी.
November 27, 202613:31 IST
Delimitation Bill News LIVE: 30 नवंबर से शुरू होगी चर्चा, विपक्ष के आरोपों पर भी दिया जवाब
किरेन रिजिजू ने बताया कि विशेष सत्र के दौरान 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा में चर्चा होगी. इसके बाद 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में विधेयक पर चर्चा की जाएगी. विशेष सत्र को असंवैधानिक बताए जाने वाले विपक्षी नेताओं के बयानों पर उन्होंने नाराजगी जताई. रिजिजू ने कहा कि विशेष सत्र किसी जरूरी विधेयक या राष्ट्रीय महत्व के मुद्दे पर चर्चा के लिए बुलाया जाता है. इसे असंवैधानिक बताना या मानसून सत्र समय से पहले खत्म करने का आरोप लगाना गैर-जिम्मेदाराना है. उन्होंने कहा कि किसी विधेयक से सहमत होना या उसका विरोध करना विपक्ष का अधिकार है लेकिन संसद में चर्चा और बहस के लिए सदन का चलना जरूरी है. देश की जनता संसद की कार्यवाही देखती है इसलिए सभी दलों और सांसदों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए विशेष सत्र में पूरी भागीदारी करनी चाहिए.
November 27, 202613:31 IST
Delimitation Bill News LIVE: ‘बहुत महत्वपूर्ण बिल ला रहे हैं’, परिसीमन पर अटकलों के बीच रिजिजू का बड़ा बयान
संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने के बाद परिसीमन बिल को लेकर चर्चाएं तेज हैं. इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि सरकार संसद में एक बहुत महत्वपूर्ण बिल लाने जा रही है. हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि प्रस्तावित विधेयक कौन सा है. रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि विशेष सत्र में सार्थक चर्चा हो और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चले. उन्होंने कहा कि कोई भी सांसद हल्की या गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी न करे और न ही कोई पार्टी सदन में हंगामा करे. सभी सांसदों को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए.
November 27, 202612:49 IST
Delimitation Bill News LIVE: संजय राउत ने परिसीमन बिल को बताया बीजेपी की साजिश
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इसे बीजेपी की साजिश बताते हुए कहा कि अगर आज शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे जीवित होते या शरद पवार स्वस्थ होते तो सरकार यह बिल नहीं ला पाती. राउत ने परिसीमन विधेयक को राष्ट्र विरोधी कदम करार दिया और कहा कि इसका समर्थन करने वाले जनता के साथ विश्वासघात करेंगे. उन्होंने यहां तक कहा कि बिल का समर्थन करने वालों को गद्दार के तौर पर देखा जाएगा. राउत ने देशभक्त लोगों से इस विधेयक का विरोध करने की अपील भी की.
November 27, 202612:39 IST
Delimitation Bill News LIVE: सपा ने कहा- संसद बैठेगी, लेकिन एजेंडा क्या होगा?
समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने 30 नवंबर से संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने को एक औपचारिक प्रक्रिया बताया. उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राज्यसभा के सभापति और लोकसभा अध्यक्ष से बातचीत के बाद पत्र लिखा है. ऐसे में दोनों सदनों की बैठक होना तय है. हालांकि उन्होंने सवाल उठाया कि संसद में इस दौरान कौन से मुद्दों पर चर्चा होगी और क्या कामकाज किया जाएगा. उनके मुताबिक फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि विशेष सत्र का वास्तविक एजेंडा क्या रहने वाला है.
November 27, 202612:39 IST
Delimitation Bill News LIVE: JMM ने पूछा- बिल पास कराने के लिए कहां से आएंगे नंबर?
JMM सांसद महुआ माजी ने भी स्पेशल सेशन में परिसीमन बिल लाए जाने की संभावना पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में पूरे विपक्ष के समर्थन से पास हुआ था. ऐसे में अगर सरकार ने परिसीमन के मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाया है तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि बिल पास कराने के लिए जरूरी संख्या कहां से आएगी. महुआ माजी ने दूसरे दलों के सांसदों के पाला बदलने की घटनाओं का भी जिक्र किया.
November 27, 202612:17 IST
Delimitation Bill News LIVE: AAP कर सकती है परिसीमन बिल का विरोध
आम आदमी पार्टी के रुख को लेकर सूत्रों के हवाले से खबर है कि अगर सरकार संसद के दोनों सदनों में परिसीमन बिल पेश करती है तो AAP इसका विरोध करेगी. हालांकि पार्टी की ओर से इस पर औपचारिक बयान सामने आने के बाद ही उसका अंतिम रुख स्पष्ट होगा.
November 27, 202612:16 IST
Delimitation Bill News LIVE: RJD सांसद मनोज झा ने बीजेपी पर कसा तंज
RJD सांसद मनोज कुमार झा ने परिसीमन बिल को लेकर बीजेपी के आंकड़ों पर तंज कसा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि बीजेपी ने बिल पास कराने के लिए जरूरी संख्या जुटा ली है. उनके इस बयान को सरकार के पास बहुमत और बिल को लेकर विपक्ष की आशंकाओं से जोड़कर देखा जा रहा है.
November 27, 202612:07 IST
Delimitation Bill News LIVE: परिसीमन बिल का पूरी ताकत से विरोध करेगी AAP
आम आदमी पार्टी (AAP) ने परिसीमन बिल के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि उनकी पार्टी इस राष्ट्रविरोधी बिल का पूरी ताकत से और आखिरी दम तक विरोध करेगी. उनका यह बयान संसद के प्रस्तावित विशेष सत्र में परिसीमन बिल पेश किए जाने की चर्चाओं के बीच आया है.
November 27, 202612:07 IST
Delimitation Bill News LIVE: जयराम रमेश का सरकार पर हमला
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को गति देने में नाकाम रही है और अब लोकसभा में फर्जी तरीके से दो-तिहाई बहुमत तैयार करने की कोशिश कर रही है. जयराम रमेश ने इसे भारतीय संविधान पर हमला बताते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत से इसका विरोध करेगी. उन्होंने पार्टी की तीन मांगें भी दोहराईं. इनमें अगले 25 साल तक लोकसभा की मौजूदा कुल सीटें बरकरार रखना, राज्यों के बीच सीटों का वर्तमान बंटवारा बनाए रखना और 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करना शामिल है. कांग्रेस ने यह भी मांग की है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को महिला आरक्षण के भीतर अलग से आरक्षण दिया जाए.
November 27, 202611:58 IST
Delimitation Bill News LIVE: BJD ने पुराने विवादित प्रावधानों पर मांगा जवाब
BJD ने भी परिसीमन बिल को लेकर सरकार से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है. पार्टी के उपाध्यक्ष प्रसन्न आचार्य ने कहा कि सरकार ने अभी तक स्पेशल सेशन का एजेंडा साफ नहीं किया है. उन्होंने कहा कि अगर सरकार महिला आरक्षण बिल के साथ जोड़कर परिसीमन बिल दोबारा लाती है तो पिछली बार विपक्ष की ओर से उठाई गई आपत्तियों का समाधान किया जाना चाहिए. BJD का संकेत है कि पुराने विवादित प्रावधानों को बिना बदलाव के दोबारा लाना आसान नहीं होगा.
November 27, 202611:50 IST
Delimitation Bill News LIVE: NCP-SP ने समर्थन के लिए रखीं तीन शर्तें
NCP-SP ने भी परिसीमन बिल पर समर्थन को कुछ शर्तों से जोड़ दिया है. पार्टी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि महिला आरक्षण लागू होना चाहिए और सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाई जानी चाहिए. इसके अलावा परिसीमन आयोग में विपक्षी दलों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने की मांग भी की गई है. सुप्रिया सुले के मुताबिक अगर बिल में इन मांगों का ध्यान रखा जाता है तो पार्टी समर्थन कर सकती है. वहीं NCP-SP नेता शशिकांत शिंदे ने कहा कि अभी तक परिसीमन से जुड़ा कोई बिल या प्रस्ताव सामने नहीं आया है. बिल पेश होने के बाद पार्टी के सांसद उसका अध्ययन करेंगे और सदन में चर्चा के बाद नेतृत्व अंतिम फैसला लेगा.
November 27, 202611:49 IST
Delimitation Bill News LIVE: DMK की नजर बिल की भाषा और तमिलनाडु के हितों पर
परिसीमन बिल को लेकर DMK ने फिलहाल अपने पत्ते नहीं खोले हैं. पार्टी का कहना है कि वह बिल की भाषा और उसमें शामिल प्रावधानों को देखने के बाद ही अंतिम फैसला करेगी. पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक अगर नए बिल में पहले की आपत्तियों को दूर किया गया है तो DMK समर्थन पर विचार कर सकती है. पार्टी के दो शीर्ष नेताओं ने संकेत दिया है कि परिसीमन के बाद भी लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा करीब 7.2 फीसदी हिस्सेदारी सुरक्षित रहती है तो उसे बिल से परेशानी नहीं होगी. यानी पार्टी का मुख्य जोर राज्य के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को नुकसान से बचाने पर है.
November 27, 202611:33 IST
Delimitation Bill News LIVE: 543 से 850 तक हो सकती हैं लोकसभा की सीटें?
परिसीमन से जुड़ी चर्चा में लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव भी अहम है. राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक सीटों में 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर संख्या करीब 815 से 850 तक ले जाने के विकल्प पर विचार हो सकता है. दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए 1971 की जनगणना के अनुपात को बनाए रखने का फॉर्मूला भी चर्चा में है. हालांकि सरकार की ओर से इन संभावित विकल्पों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
November 27, 202611:33 IST
Delimitation Bill News LIVE: डीएमके और शरद पवार गुट पर टिकी सरकार की नजर
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार को लोकसभा में जरूरी संख्या जुटाने के लिए डीएमके के 22 सांसदों और शरद पवार गुट के 8 सांसदों का समर्थन मिल सकता है. हालांकि इन दलों ने विधेयक पर अंतिम फैसला नहीं किया है. विपक्षी दलों की चिंता यह भी है कि परिसीमन के बाद दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर क्या असर पड़ेगा. यही वजह है कि सीटों की संभावित बढ़ोतरी और जनगणना के आधार को लेकर बहस तेज है.
November 27, 202611:18 IST
Delimitation Bill News LIVE: अप्रैल के मुकाबले अब बदला है संसद का सियासी गणित
अप्रैल से नवंबर के बीच संसद का राजनीतिक समीकरण बदला है. टीएमसी के 20 बागी सांसदों और शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के पाला बदलने से विपक्ष की संख्या प्रभावित हुई है. वहीं एनडीए को कुछ मजबूती मिली है. सरकार इसी बदले हुए समीकरण के आधार पर समर्थन जुटाने की कोशिश कर सकती है. हालांकि केवल सांसदों के पाला बदलने से विधेयक का पारित होना तय नहीं हो जाता.
November 27, 202611:16 IST
Delimitation Bill News LIVE: राज्यसभा में भी आसान नहीं है राह
राज्यसभा में भी सरकार के सामने संख्या जुटाने की चुनौती है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक एनडीए के पास करीब 151 सांसदों का समर्थन है. अगर 243 सदस्य मतदान करते हैं तो दो-तिहाई बहुमत के लिए 162 वोट चाहिए होंगे. इस हिसाब से सरकार को करीब 11 अतिरिक्त वोटों की जरूरत पड़ सकती है. ऐसे में क्षेत्रीय दलों का रुख विधेयक का भविष्य तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है.
November 27, 202611:16 IST
Delimitation Bill News LIVE: लोकसभा में सरकार को 41 सांसदों के समर्थन की जरूरत
लोकसभा में किसी संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है. मौजूदा गणित के मुताबिक 540 सांसद मतदान करें तो 360 वोट चाहिए. बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के पास करीब 319 सांसद हैं. इस हिसाब से सरकार को लगभग 41 और सांसदों के समर्थन की जरूरत पड़ सकती है. हालांकि अंतिम आंकड़ा मतदान के समय सदन में मौजूद सदस्यों पर निर्भर करेगा.
November 27, 202611:16 IST
Delimitation Bill News LIVE: संजय राउत बोले- गठबंधन की बैठक में होगा अंतिम फैसला
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने कहा है कि परिसीमन विधेयक पर विपक्षी गठबंधन की बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा. उन्होंने बालासाहेब ठाकरे का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वह आज होते तो सरकार में परिसीमन विधेयक लाने की इतनी हिम्मत नहीं होती. राउत ने शरद पवार की खराब सेहत का भी जिक्र किया. उनके बयान से साफ है कि विपक्ष के भीतर इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो सकती है.

