Delimitation Bill: परिसीमन बिल पर संसद में मोदी सरकार की स्थिति मजबूत होती दिख रही है. वहीं, इंडिया गठबंधन को तगड़ा झटका लगने को है. परिसीमन बिल को संसद से पास कराने के लिए सरकार ने अपना नंबर गेम तैयार कर लिया है. सूत्रों के मुताबिक, इस अहम बिल को लोकसभा से पारित कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत है, जबकि एनडीए (NDA) के पास फिलहाल करीब 320 सांसदों का संख्याबल मौजूद है. ऐसे में जरूरी आंकड़े तक पहुंचने के लिए सरकार नए सियासी समीकरणों पर काम कर रही है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि बिल पर डीएमके के 22, शरद पवार की एनसीपी (NCP) के 8 और JMM के 3 सांसदों का समर्थन सरकार को मिल सकता है. इसके अलावा, BJD समेत विपक्ष की कुछ अन्य पार्टियां वोटिंग के दौरान सदन से वॉकआउट कर सकती हैं या मतदान से दूरी बना सकती हैं. इन्हीं समीकरणों के जरिए सरकार बिल को पास कराने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है.
दरअसल, परिसीमन बिल पर डीएमके का समर्थन करना मोदी सरकार के लिए जीत और राहुल गांधी के लिए बड़ा झटका होगा. कारण कि डीएमके इंडिया गठबंधन का हिस्सा रही है. साथ ही परिसीमन बिल के किलाफ डीएमके काफी मुखर रही है. मगर अब उसका टोन सॉफ्ट हो गया है. पहले डीएमके ने इस कवायद का कड़ा विरोध किया था. मगर अब डीएमके समर्थन देने को राजी है. बस इसके लिए कुछ शर्तें रख दी हैं.
DMK सूत्रों का कहना है कि अगर डीएमके की मांगें लिखित तौर पर बिल में मानी जाएगी तो परिसीमन बिल पर हमें कोई दिक्कत नहीं. परिसीमन बिल में अगर तमिलनाडु की संसद में मौजूदा प्रतिनिधित्व हिस्सेदारी बरकरार रखने का प्रावधान है, तो ये सही होगा. नए प्रावधान के तहत अगला परिसीमन 25 साल तक फ्रीज हो. दोनों प्रावधान का जिक्र बिल में लिखित तौर पर होना चाहिए.
महिला आरक्षण-परिसीमन बिल पर सरकार का नंबर गेम!
- बिल पास कराने के लिए लोकसभा में 360 वोटों की जरूरत.
- NDA के पास फिलहाल करीब 320 सांसदों का संख्याबल.
- सूत्रों के मुताबिक, DMK के 22 सांसदों का समर्थन मिल सकता है.
- NCP (शरद पवार) के 8 सांसद भी सरकार के समर्थन में आ सकते हैं.
- JMM के 3 सांसदों के समर्थन की भी संभावना.
- विपक्ष की कुछ पार्टियां, BJD समेत, मतदान से दूरी या वॉकआउट कर सकती हैं.
राहुल गांधी के लिए कैसे है झटका
जो डीएमके पहले परिसीमन बिल के खिलाफ थी, वह अब क्यों समर्थन देने को तैयार है. इसकी वजह खुद राहुल गांधी भी हैं. जी हां, तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के बाद से ही कांग्रेस और डीएमके में खटपट है. डीएमके अब तमिलनाडु में सत्ता से बाहर है. इसके अलावा कांग्रेस ने ही पहले डीएमके के साथ अपना गठबंधन खत्म करने किया था और थलापति विजय की टीवीके के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल हो गई थी. इसके बाद से ही दोनों पार्टियों के रिश्तों में तनाव आ गया है. कहा जाता है कि टीवीके सरकार को कांग्रेस के समर्थन के पीछे राहुल गांधी का ही दिमाग है. वैसे भी डीएमके इंडिया गठबंधन का हिस्सा रही है. वह बात अलग है कि पिछली कुछ बैठकों से डीएमके गायब है.
सूत्रों की मानें तो डीएमके फिलहाल भाजपा और कांग्रेस दोनों से समान दूरी बनाए रखने की कोशिश कर रही है. अब वे किसी भी मुद्दे पर फैसला लेते समय किसी राजनीतिक गुट के साथ बंधे रहने के बजाय तमिलनाडु के हितों को प्राथमिकता दे रहे हैं. इसका मतलब यह नहीं है कि वे भाजपा के साथ गठबंधन की ओर बढ़ रहे हैं. कुल मिलाकर डीएमके अभी भाजपा के साथ गठबंधन नहीं करने जा रही है, मगर तमिलनाडु के मुद्दों को लेकर परिसीमन बिल पर समर्थन जरूर करने पर विचार कर रही है. यही वजह है कि डीएमके ने अपनी शर्तों की लिस्ट बता दी है.
साउथ की पार्टियों की क्या चिंता?
गौरतलब है कि सरकार ने लोकसभा में सीटों की संख्या मौजूदा 543 से बढ़ाकर 850 तक करने का प्रस्ताव दिया है. यह प्रक्रिया संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करने से भी जुड़ी है, जिसे केंद्र सरकार 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले लागू करना चाहती है. हालांकि, दक्षिणी राज्यों के लिए मुख्य सवाल सिर्फ यह नहीं है कि परिसीमन के बाद लोकसभा में कितनी सीटें होंगी, बल्कि यह है कि उन सीटों का बंटवारा कैसे होगा. उनकी चिंता यह है कि जिन राज्यों ने जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित किया है, कहीं ऐसा न हो कि इसके परिणामस्वरूप उनकी राजनीतिक आवाज का प्रभाव कम हो जाए.
डीएमके पर सबकी नजर
बहरहाल, परिसीमन के मुद्दे पर विपक्ष की नजर अब डीएमके पर है. महिला आरक्षण बिल और परिसीमन को लेकर विपक्षी दल डीएमके से साथ खड़े रहने की अपील कर रहे हैं. साफ संदेश है कि इस लड़ाई में विपक्ष की एकजुटता बेहद जरूरी है. कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार 2029 का चुनाव जीतने के लिए परिसीमन का दांव चल रही है. परिसीमन के बाद चुनावी समीकरण बीजेपी के पक्ष में जाने की आशंका जताई जा रही है. विपक्ष का दावा है कि हाल ही में तिरुचि शिवा से बात हुई थी और उन्होंने साफ कहा था कि वो कभी इस बिल का समर्थन नहीं करेंगे. अब सवाल है कि क्या डीएमके विपक्ष की इस अपील के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी? क्या परिसीमन के खिलाफ संसद में विपक्ष एकजुट होकर सरकार को चुनौती देगा?
संसद में क्या संभावनाएं
और लोक सभा में अंक गणित को लेकर जो तमाम संभावनाएं बन रही हैं…उसपर गौर करना जरूरी है कि आखिर कैसे परिसीमन बिल को लेकर अंकों का गणित…या कहें कि हिसाब किताब हो सकता है.
पहली संभावना: लोक सभा में फिलहाल 543 सदस्य हैं. इसमें दो तिहाई का आंकड़ा बनता है 360 का. फिलहाल NDA के पास है 320 सीटें. तो पहली स्थिति ये बनती है कि DMK + NCP (Sharad Pawar) और YSRCP का सरकार को समर्थन मिल जाए…ऐसा होने पर आंकड़ा पहुंचता है 354 का…लेकिन इसके बावजूद बहुमत का आंकड़ा 6 वोटों से दूर दिख रहा है.
दूसरी संभावना: विकल्प नंबर दो देख लेते हैं. दूसरी स्थिति के तहत DMK गैरमौजूद रहे. ऐसी स्थिति में दो तिहाई का आंकड़ा घटकर 346 हो जाता है. इसके साथ अगर सरकार को NCP (SP) + YSRCP का साथ मिल जाए तो आंकड़ा पहुंचता है 332 पर…लेकिन यहां भी बहुमत का आंकड़ा 14 वोटों से दूर दिख रहा है
तीसरी संभावना: तीसरी स्थिति के तहत YSRCP गैरमौजूद रहे तो दो तिहाई का आंकड़ा बनता है 358 का. इसी के साथ अगर सरकार के साथ DMK और NCP (शरद) साथ आ जाए तो सरकार का आंकड़ा पहुंचता है 536…यानी बहुमत से 8 वोट कम.

