Last Updated:
बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में आशा कार्यकर्ताओं का धरना 10वें दिन भी जारी है. इस बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से आंदोलन खत्म करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सरकार को ब्लैकमेल करने की कोशिश न करें और अपनी मांगों को लेकर थोड़ा लचीला रुख अपनाएं. शिवकुमार ने आश्वासन दिया कि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान निकालेगी.
बेंगलुरु में आशा कार्यकर्ताओं के धरने पर मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने आंदोलन वापस लेने की अपील की.
बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठीं आशा कार्यकर्ताओं का आंदोलन गुरुवार को 10वें दिन भी जारी रहा. दिन-रात चल रहे इस प्रदर्शन के बीच कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से आंदोलन खत्म करने की अपील की है. हालांकि, मुख्यमंत्री ने जिस अंदाज में कार्यकर्ताओं से बात की, उसने पूरे मामले को और गरमा दिया.
डीके शिवकुमार ने साफ शब्दों में कहा कि आशा कार्यकर्ता सरकार को ‘ब्लैकमेल’ करने की कोशिश न करें. उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं से अपनी मांगों पर थोड़ा लचीला रुख अपनाने और सरकार पर भरोसा रखने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को समझती है और उनका समाधान निकालने की कोशिश कर रही है.
‘सरकार को धमकाने की कोशिश न करें’
BJP पर भी बरसे डीके शिवकुमार
- बुधवार देर रात जापान के तीन दिवसीय दौरे से लौटे मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि सरकार आशा कार्यकर्ताओं के कल्याण को लेकर गंभीर है. उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं को ‘माताओं और बहनों’ कहकर संबोधित करते हुए आंदोलन खत्म करने की अपील की है.
- उन्होंने कहा कि सरकार को धमकाने की कोशिश न करें. आप अपनी मांगें रख सकती हैं और हम उन्हें समझ सकते हैं. मैं यह नहीं कह रहा हूं कि हम आपकी मांगें पूरी नहीं करेंगे. आपको हम पर भरोसा करना होगा.
- मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब आशा कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में लगातार 10 दिनों से धरने पर बैठी हैं. प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का आंदोलन अब लंबा खिंचता जा रहा है और सरकार पर भी दबाव बढ़ रहा है.
- डीके शिवकुमार ने इस मुद्दे पर बीजेपी नेताओं को भी निशाने पर लिया. उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी नेता प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर आशा कार्यकर्ताओं का समर्थन तो कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार से उनके मानदेय को लेकर सवाल क्यों नहीं कर रहे हैं.
- उन्होंने कहा कि केंद्र में यूपीए सरकार के दौरान आशा कार्यकर्ताओं के वेतन में बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन उसके बाद कोई खास कदम नहीं उठाया गया. शिवकुमार ने दावा किया कि राज्य की मौजूदा सरकार ने ही आशा कार्यकर्ताओं के वेतन में बढ़ोतरी की है.
- मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के बारे में कोई क्यों नहीं बोल रहा है? बीजेपी नेता प्रदर्शन स्थल पर आए हैं, लेकिन वे केंद्र से सवाल क्यों नहीं कर रहे? वे हम पर दबाव क्यों बना रहे हैं?’
पांच-छह दौर की बातचीत हो चुकी है
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं से जुड़े घोषणापत्र के वादों को पूरा किया है. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार बातचीत कर रही है. शिवकुमार के मुताबिक, वह खुद बेंगलुरु के बाहरी इलाके नेलमंगला समेत कई जगहों पर आशा कार्यकर्ताओं से मिल चुके हैं. उन्होंने उनकी समस्याओं को समझने की कोशिश की है और इस मुद्दे पर पांच से छह दौर की बातचीत भी हो चुकी है. उन्होंने कहा किमहिलाएं परिवार की आधारशिला होती हैं. हम उनकी चिंता करते हैं. मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे इतना कठोर रुख न अपनाएं और जिद न करें. मैं पहले ही पांच से छह दौर की बातचीत कर चुका हूं. अगर यह केवल मांग पूरी करने का मामला होता, तो हम ऐसा कर चुके होते. लेकिन यह मुद्दा इतना सरल नहीं है.

