आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए रियासी पुलिस ने पाकिस्तान में बैठे पांच आतंकी हैंडलरों को कड़ा सबक सिखाया है. पुलिस ने इन पांचों की करीब 29 कनाल अचल संपत्ति कुर्क कर दी है. यह कार्रवाई पुलिस थाना महोर में दर्ज FIR नंबर 70/2024 के तहत BNS, UAPA और E&IMCO Act की संबंधित धाराओं के अंतर्गत की गई है.
पुलिस टीम ने SDPO महोर के नेतृत्व में SHO महोर और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कार्यकारी मजिस्ट्रेट महोर तथा स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में अटैचमेंट की प्रक्रिया पूरी की.
पुलिस के अनुसार, जिन पांच व्यक्तियों की संपत्तियां अटैच की गई हैं, उनमें मोहम्मद कयूम उर्फ अब्दुल कयूम निवासी शाडोल, महोर की 2 कनाल 7 मरला, बशीर अहमद उर्फ मासूम निवासी बद्दर, महोर की 3 कनाल 8 मरला, शौकत अली निवासी हुंडर, तहसील अरनास की 3 कनाल 10 मरला, मंजूर अहमद निवासी खंटी, तहसील थूरू की 15 कनाल 19 मरला और इम्तियाज अहमद निवासी थूरू की 3 कनाल 10 मरला जमीन शामिल है.
पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ समन्वय कर इन संपत्तियों की पहचान और सत्यापन किया. जांच तथा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस महानिदेशक जम्मू-कश्मीर से अटैचमेंट की मंजूरी प्राप्त की गई.
जांच में सामने आया है कि उक्त पांचों व्यक्ति आतंकी प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान चले गए थे और वर्तमान में सीमा पार से आतंकी हैंडलर के रूप में गतिविधियां संचालित कर रहे हैं. पुलिस के अनुसार, ये क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों को निर्देशित करने, सहायता प्रदान करने और समन्वय करने में कथित रूप से शामिल हैं. जांच में यह भी पाया गया कि संबंधित संपत्तियों को हस्तांतरित या बेचे जाने की आशंका थी, जिनसे प्राप्त धन का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया जा सकता था.
गौरतलब है कि इससे पहले 30 जुलाई को भी 5 अन्य JKNOPs की संपत्तियां अटैच की गई थीं. इस कार्रवाई के साथ रियासी पुलिस ने आतंकवाद से जुड़े वित्तीय और लॉजिस्टिक नेटवर्क पर शिकंजा कसने के अपने प्रयास जारी रखे हैं.
रियासी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आतंकवाद और उसके सहयोगी नेटवर्क में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयास किए जाते रहेंगे.

