Last Updated:
Dilip Ghosh on Rahul gandhi:पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने न्यूटाउन में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के अलावा आज तक किसी महिला को कांग्रेस की कमान नहीं मिली। घोष ने सीधा सवाल उठाया कि क्या प्रियंका गांधी के अलावा कोई आम महिला कार्यकर्ता इस सबसे बड़े पद पर पहुंच सकती है. जानते हैं पूरी कहानी.
सिर्फ बातों से काम नहीं चलेगा: दिलीप घोष ने राहुल गांधी को दी महिला अध्यक्ष बनाने की चुनौती.
Dilip Ghosh on Sonia Gandhi: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के महिला सम्मान से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट पर सियासत गरमा गई है. पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह महिलाओं का इतना ही सम्मान करते हैं, तो कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष किसी महिला को बनाकर दिखाएं. उन्होंने कहा कि केवल बयान देने से महिलाओं के प्रति सम्मान साबित नहीं होता, बल्कि इसे अपने फैसलों से दिखाना चाहिए.
सोनिया के बाद किसी महिला को क्यों नहीं बनाया अध्यक्ष?
न्यूटाउन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिलीप घोष ने कांग्रेस में महिला नेतृत्व को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के अलावा अब तक किसी अन्य महिला को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बनाया गया है. उन्होंने तंज कसते हुए प्रियंका गांधी का भी जिक्र किया. घोष ने कहा कि हो सकता है कि भविष्य में प्रियंका गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बना दिया जाए. लेकिन अगर राहुल गांधी महिलाओं के प्रति वास्तव में सम्मान और आदर रखते हैं, तो उन्हें किसी महिला को पार्टी का अध्यक्ष बनाकर दिखाना चाहिए.
‘सिर्फ बयानबाजी से नहीं चलेगा काम’
दिलीप घोष ने राहुल गांधी के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने के बजाय कांग्रेस को अपने संगठन में महिलाओं को नेतृत्व का अवसर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी महिलाओं का सम्मान करते हैं, तो उन्हें अपने फैसलों से यह साबित करना चाहिए. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब नेताओं के पास करने के लिए कोई वास्तविक काम नहीं होता, तो वे इसी तरह की बातें करते रहते हैं. घोष ने राहुल गांधी के बयान को बेमतलब बताते हुए कहा कि उन्हें महिलाओं के सम्मान की बात करने से पहले अपनी पार्टी में इसे लागू करके दिखाना चाहिए.
‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे पर भी बोले
भाजपा के ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ नारे पर दिलीप घोष ने कहा कि इससे पहले कुंभ मेले के दौरान साधु-संतों ने ‘मोदी लाओ, देश बचाओ’ का नारा दिया था. इसके बाद जनता ने उन्हें सत्ता में पहुंचाया. उन्होंने कहा कि अब ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा इसलिए लगाया जा रहा है, क्योंकि वहां राधा-कृष्ण को कैद कर रखा गया है. उनकी लीला भूमि को मुक्त कराया जाना चाहिए, ताकि वहां भगवान कृष्ण का भव्य मंदिर बनाया जा सके. उन्होंने इसे भक्तों की इच्छा बताते हुए कहा कि अंतिम फैसला जनता को करना है.
भारत-नेपाल के रिश्तों पर क्या बोले घोष?
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की भारत यात्रा पर दिलीप घोष ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच हजारों साल पुराने संबंध हैं. दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता है. राजनीतिक कारणों या बाहरी ताकतों की वजह से कभी-कभी कड़वाहट आ सकती है, लेकिन दोनों देशों की संस्कृति, धर्म, परंपराएं और दोस्ती एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं. आपको बता दें कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22 और 23 नवंबर को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है. इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात होनी है.

