Last Updated:
Expressway in Bihar : यूपी के बाद अब बिहार में भी एक्सप्रेसवे और सड़कों का जाल बिछाना शुरू हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79 किलोमीटर लंबा हाईवे बनाने का शिलान्यास किया है. इस सड़क के तैयार होने के बाद पटना से नेपाल बॉर्डर तक जाना आसान हो जाएगा. इसके अलावा पटना से बेतिया और साहेबगंज तक की आवाजाही में लगने वाला समय भी काफी कम हो जाएगा. इस हाईवे को राष्ट्रीय राजमार्ग 139डब्ल्यू के साथ जोड़कर बनाया जा रहा है.
बिहार में साहेबगंज से बेतिया तक 79 किलोमीटर की सड़क बनाने की शुरुआत हो चुकी है. पीएम मोदी ने इसका शिलान्यास भी कर दिया है. 4 लेन के इस हाईवे को साहेबगंज जिले से शुरू करके अरेराज और फिर बेतिया जिले तक ले जाया जाएगा. इसके तैयार होने के बाद पटना और बेतिया जिलों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आवाजाही का समय भी काफी कम हो जाएगा. नया हाईवे इंडो-नेपाल बॉर्डर तक जाने में भी काफी मददगार साबित होगा.
साहेबगंज-बेतिया हाईवे का निर्माण पूरा होने के बाद सिर्फ दो जिलों के बीच आवाजाही आसान नहीं होगी, बल्कि कई धार्मिक स्थलों तक जाना भी आसान हो जाएगा. इस हाईवे के जरिये केसरिया स्तूप सहित आसपास के तमाम धार्मिक स्थलों तक आवाजाही आसान हो जाएगी. अभी साहेबगंज जिले से बेतिया तक जाने में करीब 2.5 घंटे का समय लग जाता है, लेकिन हाईवे तैयार होने के बाद यह दूरी महज 1 घंटे में पूरी की जा सकेगी. इससे एक तरफ से ही करीब 1.5 घंटे का समय बचेगा.
साहेबगंज-बेतिया हाईवे के तैयार होने से आवाजाही ही आसान नहीं होगी, बल्कि माल ढुलाई और कारोबारी गतिविधियों में भी तेजी आएगी. यह हाईवे बिहार के तीन जिलों साहेबगंज, बेतिया और नेपाल बॉर्डर के आसपास के इलाकों में कारोबारी गतिविधियां बढ़ाने में मददगार साबित होगा. इस हाईवे को बनाने के लिए 3,822 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. इस प्रोजेक्ट को हाईब्रिड एन्युटी मोड में बनाया जा रहा है और इसे केंद्रीय कैबिनेट कमेटी की मंजूरी भी मिल चुकी है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
4 लेन के इस ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट से बिहार की राजधानी पटना और बेतिया के बीच आवाजाही आसान हो जाएगा. यह रास्ता बिहार के उत्तरी जिलों वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर और पूर्वी व पश्चिमी चंपारण तक सीधी कनेक्टिविटी बन जाएगी. इस रास्ते से नेपाल बॉर्डर तक जाना भी काफी आसान हो जाएगा. इस प्रोजेक्ट के जरिये लंबी दूरी तक माल ढुलाई और हाईवे के आसपास इन्फ्रा प्रोजेक्ट को बढ़ावा मिलेगा. इससे इलाके में आर्थिक गतिविधियां तो बढ़ेंगी ही, एग्रीकल्चर, इंडस्ट्री और क्रॉस बॉर्डर रूट बनाने में भी मदद मिलेगी.
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात ये है कि यह हाईवे 7 पीएम गतिशक्ति इकनॉमिक कॉरिडोर नोड को जोड़ेगा. इसके अलावा 6 सोशल नोड्स, 8 लॉजिस्टिक्स नोड्स, 9 बड़े पर्यटन और धार्मिक केंद्रों तक सीधी पहुंच मिलेगी. इसके जरिये बौद्ध पर्यटन स्थल केसरिया बुद्ध स्तूप (साहेबगंज), सोमेश्वरनाथ मंदिर (अररिया), जैन मंदिर और विश्व शांति स्तूप (वैशाली) के साथ पटना के महावीर मंदिर तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा. इससे बिहार में बुद्ध सर्किट को पूरा करने में मदद मिलेगी, जिससे प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
यह प्रोजेक्ट अभी जाम से जूझ रहे हाईवे को काफी राहत देगा और इसके जरिये राष्ट्रीय राजमार्ग 31, 722, 727, 27 और 227ए तक कनेक्टिविटी भी आसान हो जाएगी. इस हाईवे को 100 किलोमीटर की स्पीड में चलने के लिए डिजाइन किया गया है, जिस पर 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वाहन चल सकेंगे. अभी साहेबगंज से बेतिया तक जाने में ढाई घंटे लगते हैं और कई जगह तीव्र मोड़ होने की वजह से हादसे की भी आशंका रहती है. लेकिन, नया हाईवे बनाने के बाद यह सफर सुरक्षित और आसान हो जाएगा.
साहेबगंज-बेतिया हाईवे सिर्फ तेज और सुरक्षित आवाजाही का ही माध्यम नहीं बनेगा, बल्कि इसके जरिये रोजगार को बढ़ावा भी मिलेगा. अनुमान है कि इस प्रोजेक्ट से 14.22 लाख मानव दिवस का प्रत्यक्ष रोजगार पैदा होगा, जबकि 17.69 लाख मानव दिवस का अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होगा. हालांकि, इस प्रोजेक्ट के आसपास आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने से नए तरह के रोजगार पैदा होने की संभावना है. माल ढुलाई के साथ इन्फ्रा प्रोजेक्ट भी इस हाईवे के आसपास विकसित हो सकते हैं, जिसमें रियल एस्टेट के लिए काफी संभावनाएं होंगी.

