कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका यात्रा पर हैं. वहां कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक छात्रा के साथ बातचीत का बेहद दिलचस्प वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. यहां राहुल गांधी से बातचीत के दौरान इस छात्रा ने दावा किया कि उसने दिल्ली के वायु प्रदूषण से निपटने के लिए एक समाधान तैयार किया है. इतना ही नहीं, उसने बड़ी बेबाकी के साथ राहुल गांधी को चाय पर बातचीत करने का न्योता भी दे दिया. उस छात्रा की बात सुनकर राहुल गांधी मुस्कुरा उठे और वहां मौजूद लोगों की भी हंसी छूट गई.
दरअसल, राहुल गांधी 17 नवंबर को अपनी दो दिनों की अमेरिका यात्रा के तहत कोलंबिया यूनिवर्सिटी पहुंचे थे. यहां यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ इंटरनेशनल एंड पब्लिक अफेयर्स में उनका एक विशेष संवाद कार्यक्रम रखा गया था. इस दौरान उन्होंने छात्रों, शिक्षकों और अकादमिक जगत से जुड़े लोगों के साथ बातचीत की. इस चर्चा का विषय भारत में युवाओं के नेतृत्व वाले आंदोलन, छात्र विरोध प्रदर्शनों और भारतीय राजनीति पर उनके प्रभाव से जुड़ा था.
इसी बातचीत के दौरान एक छात्रा ने छात्र आंदोलनों का मुद्दा उठाया और फिर दिल्ली के प्रदूषण की समस्या की ओर राहुल गांधी का ध्यान खींचा. उसने कहा कि जब देश में विरोध प्रदर्शनों की चर्चा हो रही है, तब लोग दिल्ली के वायु प्रदूषण का मुद्दा भी उठा रहे हैं. यह राजधानी की एक बड़ी समस्या है और उसने खुद इससे निपटने के लिए एक समाधान तैयार किया है.
राहुल गांधी भी हो गए हैरान
उस छात्रा की बात सुनकर राहुल गांधी भी हैरान रह गए. उन्होंने दिलचस्पी दिखाते हुए तुरंत पूछा, ‘ओह, तो क्या आपके पास दिल्ली के वायु प्रदूषण की समस्या का समाधान है?’ इस पर छात्रा ने जवाब दिया कि हां, उसके पास इस समस्या से निपटने का एक आइडिया है. इसके बाद उसने राहुल गांधी के सामने बेहिचक ऐसा प्रस्ताव रखा, जिसे सुनकर सभी की हंसी छूट गई.
छात्रा ने कहा, ‘हां, अगर आप चाहें तो मैं चाय पर इसके बारे में बात कर सकती हूं.’ छात्रा का यह बेबाक अंदाज सुनकर राहुल गांधी हंस पड़े. वहां मौजूद लोग भी इस बात पर ठहाके लगाते नजर आए.
इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
दिल्ली की जहरीली हवा पर क्यों बढ़ रही है चिंता?
दिल्ली में हर साल सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण गंभीर समस्या बन जाता है. वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, औद्योगिक प्रदूषण, कचरा जलाना और आसपास के राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं.
इसके अलावा सर्दियों में मौसम की कुछ परिस्थितियां भी प्रदूषण को बढ़ा देती हैं. हवा की रफ्तार कम होने और तापमान में उलटफेर के कारण प्रदूषक कण जमीन के करीब फंस जाते हैं. इससे दिल्ली और आसपास के इलाकों में धुंध की मोटी परत छा जाती है और हवा की गुणवत्ता बेहद खराब हो सकती है.

