Last Updated:
Pakistan News: पाकिस्तान ने अपने जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक को 20 नवंबर से दिल्ली में होने वाले SCO समिट के सभ्यतागत और सांस्कृतिक संवाद में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया है. अगर उनका दौरा होता है तो तीन साल से अधिक समय बाद कोई पाकिस्तानी संघीय मंत्री भारत आएगा. मलिक पहले सिंधु जल संधि को लेकर भारत को हाथ काटने की धमकी दे चुके हैं. माना जा रहा है कि पाकिस्तान इस मंच पर सिंधु जल संधि का मुद्दा उठाकर भारत पर कूटनीतिक दबाव बनाने की कोशिश कर सकता है.
सिंधु जल संधि पर भारत को धमकाने वाले मुशादिक मलिक आएंगे दिल्ली. (फोटो को एआई से बेहतर किया गया है.)
Musadik Malik Pakistan News: सिंधु जल संधि पर भारत को धमकाने वाले पाकिस्तानी मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक दिल्ली आने वाले हैं. जी हां, भारत के खिलाफ गीदड़भभकी देने वाले पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक दिल्ली में होने वाले एससीओ समिट में शामिल होंगे. पाकिस्तान ने उन्हें 20 नवंबर से नई दिल्ली में होने वाले एससीओ समिट यानी शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के ‘सभ्यता और सांस्कृतिक संवाद’ में अपना प्रतिनिधि बनाया है. मुसादिक मलिक वही हैं, जिन्होंने सिंधु जल संधि को लेकर धमकी देते हुए कहा था कि हमारे पानी पर हाथ डालने वाले का हाथ काट देंगे. ऐसे में उनके भारत दौरे को पाकिस्तान की कूटनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.
अगर यह दौरा होता है तो डॉ. मुसादिक मलिक पिछले तीन सालों से अधिक समय में भारत आने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री होंगे. हालांकि, मलिक का चयन राजनयिक हलकों में पाकिस्तान की असली रणनीति को लेकर कई तीखे सवाल खड़े कर रहा है. पाकिस्तानी मंत्री मलिक को नई दिल्ली के खिलाफ इस्लामाबाद के सबसे मुखर आलोचकों में से एक माना जाता है.
सिंधु जल संधि से जुड़ी रणनीति
सरकार के शीर्ष सूत्रों के अनुसार, मलिक को भेजने का इस्लामाबाद का फैसला एक सोची-समझी चाल है. इसका मकसद सिंधु जल संधि विवाद को सीधे भारतीय धरती पर लाना है. सूत्रों का कहना है कि मलिक नई दिल्ली में इस बहुपक्षीय मंच का इस्तेमाल भारत के उस फैसले के खिलाफ कड़ा विरोध जताने के लिए करना चाहते हैं, जिसके तहत पानी के बंटवारे से जुड़े इस ऐतिहासिक समझौते को फिलहाल रोक दिया गया है.
जी हां, पाकिस्तान ने किसी सामान्य सांस्कृतिक प्रतिनिधि को भेजने के बजाय जल संसाधनों के मुद्दे पर अपनी सबसे सख्त आवाज को चुना है, ताकि नई दिल्ली को एक कड़ा राजनयिक संदेश दिया जा सके.
उकसावे वाले बयान
मुसादिक मलिक के चयन ने तुरंत बहस छेड़ दी है, क्योंकि अतीत में उन्होंने भारत के खिलाफ कई भड़काऊ बयान दिए हैं. इस साल 29 जून को इस पाकिस्तानी मंत्री ने सिंधु जल विवाद को लेकर एक कड़ी चेतावनी देते हुए कहा था: ‘जो कोई भी हमारे पानी पर हाथ डालेगा, हम उसका वह हाथ काट देंगे.’ इस संधि को लेकर उनका आक्रामक रुख और अक्सर दिए जाने वाले भारत-विरोधी बयान उन्हें द्विपक्षीय संबंधों में एक विवादास्पद व्यक्ति बनाते हैं.
मुसादिक मसूद मलिक को पाक ने चुना है एससीओ समिट के लिए. (रॉयटर्स)
नई दिल्ली के सामने बड़ा सवाल
20 नवंबर को होने वाले संवाद के करीब आते ही इस्लामाबाद के इस कदम ने नई दिल्ली की प्रतिक्रिया पर सबकी नजरें टिका दी हैं. राजनयिक मामलों के जानकार अब बारीकी से देख रहे हैं कि क्या भारत ऐसे मंत्री को मंजूरी देगा और उसकी मेजबानी करेगा, जिसने खुले तौर पर देश को धमकी दी है? साथ ही, यह भी देखना होगा कि भारत एससीओ के सांस्कृतिक मंच पर सिंधु जल मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की इस्लामाबाद की कोशिश का क्या जवाब देता है.
- नई दिल्ली में SCO शिखर सम्मेलन
भारत 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले ‘सभ्यता संवाद मंच’ (Civilisational Dialogue Forum) की मेजबानी कर रहा है. तीन दिनों तक चलने वाला यह कार्यक्रम नई दिल्ली के ऐतिहासिक ‘पुराना किला’ में आयोजित होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को इसके उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे. - यह समिट भारत के संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है. इस पहल का प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान दिया था.
- जियोपॉलिटिक्स और सिक्योरिटी से परे यह संवाद यूरेशिया की साझा विरासत पर केंद्रित है. इसके चार मुख्य स्तंभ हैं: सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला और वास्तुकला, भाषा और साहित्य (जिसमें पांडुलिपियां भी शामिल हैं), तथा धार्मिक और दार्शनिक परंपराएं. इस दौरान सार्वजनिक प्रदर्शनियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
- आमंत्रित किए गए 25 देशों (जिनमें SCO के सभी 10 पूर्ण सदस्य, पर्यवेक्षक और संवाद साझेदार शामिल हैं) में से 15 से अधिक देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है. इनमें चीन, ईरान, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, ताजिकिस्तान, बेलारूस, नेपाल, आर्मेनिया, सऊदी अरब और कंबोडिया शामिल हैं. पाकिस्तान ने 14 नवंबर को आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि उसके जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक इस मंच पर इस्लामाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे.
About the Author
Shankar Pandit has more than 10 years of experience in journalism. Before News18 (Network18 Group), he had worked with Hindustan times (Live Hindustan), NDTV, India News Aand Scoop Whoop. Currently he handle ho…

