कर्नाटक के बेंगलुरू से बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है. पति की हरकतों से परेशान पत्नी ने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया. पति को चाकुओं से गोदने के बाद पत्नी ने अपराध कुबूल लिया और पति की हैवानियत की कहानियां भी सुनाईं. फिलहाल पुलिस ने शव को कस्टडी में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पत्नी को हिरासत में लेकर और पूछताछ की जा रही है.
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के लक्ष्मीपुरा इलाके में बुधवार रात हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस के मुताबिक घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने कथित तौर पर अपने पति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी.
मृतक की पहचान 43 वर्षीय राजशेखर के रूप में हुई है जो एक निजी बैंक के लिए लोन एजेंट के तौर पर काम करता था. पुलिस जांच में पति को मौत के घाट उतारने वाली उसकी 35 वर्षीय पत्नी मालाश्री ने बताया कि राजशेखर दिन में तो सबके सामने उसके साथ अच्छा व्यवहार करता था, लेकिन रात में वह हैवान बन जाता था. उसने बताया कि उसकी शादी 5 साल पहले हुई थी लेकिन बच्चा नहीं हुआ. इसके लिए पति उसे ही जिम्मेदार ठहराता था.
मालाश्री ने बताया कि संतान न होने की कसक वह रात में दारू पीकर निकालता था. रात में शराब पीकर आने के बाद वह उसके साथ मारपीट करता था और हैवानियत करता था. घटना वाली रात में भी वह शराब पीकर ही आया था और इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था.
पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात करीब 10:30 बजे राजशेखर शराब के नशे में घर लौटा. घर आते ही उसने पत्नी को संतान न होने की बात कहकर ताने मारना शुरू कर दिया. काफी देर चुप रही पत्नी ने भी फिर बोलना शुरू कर दिया और उनके बीच की बहस मारपीट में बदल गई. जब राजशेखर ने पीटना शुरू किया तो मालाश्री ने कथित तौर पर रसोई में रखे चाकू से पति पर हमला कर दिया. चाकू का वार राजशेखर के सीने और पेट के आसपास लगा और वह जमीन पर वहीं ढेर हो गया.
पति-पत्नी के बीच देर रात लड़ाई की आवाजें सुनकर पड़ोसी भी आ गए और फिर अचानक सन्नाटे को देखकर उन्हें शक हुआ, लिहाजा उन्होंने दरवाजा खोला. वे घर के अंदर पहुंचे तो राजशेखर खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा मिला. पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उसे लेकर विक्टोरिया अस्पताल पहुंचे. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पांच साल पहले हुई थी शादी
जांच में सामने आया है कि राजशेखर और मालाश्री की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी. दोनों लक्ष्मीपुरा स्थित एक आवासीय इमारत की पहली मंजिल पर रहते थे. यह फ्लैट राजशेखर के परिवार का ही था. उसके माता-पिता इसी मकान के ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे.
शराब पीने के बाद पति करता था प्रताड़ित
पुलिस पूछताछ के दौरान मालाश्री ने अपना अपराध कुबूल कर लिया. हालांकि उसने कहा कि जब राजशेखर शराब नहीं पीता था तो वह उसके साथ अच्छा व्यवहार करता था, लेकिन शराब पीने के बाद उसका व्यवहार बदल जाता था. वह लगभग हर रात उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था. इसी से तंग आकर बुधवार को वह आपा खो बैठी.

