Last Updated:
Manipur News: मई 2023 की जातीय हिंसा के लंबे जख्मों के बाद अब मणिपुर में सामान्य स्थिति और भरोसे की नई सुबह की सुगबुगाहट तेज हो गई है. दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में केंद्र ने साफ कर दिया कि राज्य में शांति, सुरक्षा और विकास की बहाली के लिए दिल्ली हर कदम पर साथ खड़ी है.
नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और सीएम खेमचंद की अहम बैठक हुई.
नई दिल्ली/इंफाल. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार राज्य में शांति बहाल करने, विकास सुनिश्चित करने और वहां के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने में पूरा सहयोग देगी. इंफाल में मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्री ने मणिपुर में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए राज्य सरकार की लगातार कोशिशों की तारीफ भी की.
खेमचंद सिंह ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री शाह से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य में शांति और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री शाह को बताया कि राज्य सरकार इंफाल-दीमापुर (नागालैंड)-गुवाहाटी बस सेवा फिर से शुरू करने में सफल रही है, जिससे आम लोगों को बहुत राहत मिली है.
एक अहम घटनाक्रम में तीन साल से ज्यादा समय के बाद 21 अगस्त को मणिपुर, असम और नागालैंड के बीच अंतर-राज्यीय यात्री बस सेवाएँ फिर से शुरू हुईं. 3 मई, 2023 को मणिपुर में मैतेई और कुकी-जो आदिवासी समुदायों के बीच जातीय हिंसा भड़कने के बाद नेशनल हाईवे-2 पर यात्री बस सेवाएं बाधित हो गई थीं.
इंफाल-जीरीबाम नेशनल हाईवे (एनएच-37) और इंफाल-दीमापुर-गुवाहाटी नेशनल हाईवे (एनएच-2) मणिपुर की दो अहम जीवन रेखाएं हैं, जो राज्य को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ती हैं. खेमचंद सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री से राज्य के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं से निपटने में मदद करने का आग्रह किया और केंद्र सरकार से लगातार समर्थन की मांग की.
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री शाह को राज्य का दौरा करने का अपना निमंत्रण दोहराया. सीएमओ अधिकारी ने बताया कि निमंत्रण स्वीकार करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने खेमचंद सिंह से कहा कि वे इसी महीने राज्य का दौरा करेंगे. उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय मंत्री शाह ने मुख्यमंत्री की बात ध्यान से सुनी और शांति व तरक्की लाने और मणिपुर के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने में हर तरह के समर्थन का भरोसा दिलाया.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…
और पढ़ें

