Last Updated:
ISIS Terrorist Threaten Judge in Mumbai: मुंबई में एनआईए अदालत के अंदर आईएसआईएस मॉड्यूल के आरोपी ताबिस सिद्दीकी ने जज को धमकी दी और न्यायपालिका व सरकार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. जज ने जब फाइल खोली तो मेडिकल रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि वह सजा से बचने के लिए मानसिक बीमारी का नाटक कर रहा है. अदालत ने अब उसे केवल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश करने का निर्देश दिया है. सिद्दीकी को 2023 में आतंकवादी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.
कोर्ट ने सख्त रुख अख्तियार किया.
कानून और अदालतों के इतिहास में कभी-कभी ऐसे अजीबोगरीब मामले सामने आते हैं, जिन्हें देखकर माथा पीट लेने का मन करता है. मुंबई से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एनआईए की गिरफ्त में बंद एक आईएसआईएस मॉड्यूल के आरोपी ने सीधे अदालत के अंदर तहलका मचा दिया. इस आतंकी ने न सिर्फ पीठासीन जज को खुलेआम धमकी दी बल्कि मौजूदा सरकार और देश की न्यायपालिका को चुनौती दे डाली. मामला मुंबई की एक विशेष राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) अदालत का है. साल 2023 में गिरफ्तार किए गए आरोपी ताबिस सिद्दीकी को जब विशेष एनआईए जज अभय जोगलेकर के सामने पेश किया गया, तो उसने कोर्ट का माहौल पूरी तरह से खराब कर दिया.
कोर्ट रूम में आतंकी का हाई-वोल्टेज ड्रामा
पेश होते ही उसने अदालत का नाम पूछकर बदसलूकी शुरू कर दी. हद तो तब हो गई जब सिद्दीकी ने भरे कोर्ट रूम में चिल्लाते हुए कहा कि उसे “मौजूदा सरकार के प्रति कोई सम्मान नहीं है”. इतना ही नहीं, उसने न्यायपालिका के खिलाफ जमकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जज को सीधे धमकी दे डाली कि वह “उन्हें और उनके परिवार को देख लेगा”. आरोपी के इस घटिया और आक्रामक रवैये को देखकर वहां मौजूद हर शख्स सन्न रह गया.
मेडिकल जांच में खुला राज: मानसिक बीमारी का नाटक
अदालत ने इस खतरनाक आचरण की कड़ी कड़ी निंदा की. आरोपी के ड्रामे के बाद जब कोर्ट ने उसके मेडिकल रिकॉर्ड्स की फाइल खंगाली तो सच सामने आ गया. सरकारी जे. जे. अस्पताल में कराए गए उसके मनोवैज्ञानिक परीक्षणकी रिपोर्ट में साफ लिखा था कि “आरोपी को वर्तमान में कोई बड़ी मानसिक बीमारी नहीं है.” अदालत ने तुरंत यह स्पष्ट निष्कर्ष निकाला कि यह आतंकी कोई मानसिक मरीज नहीं है बल्कि केवल मुकदमे की कानूनी कार्यवाही और सजा से बचने के लिए पागलपन का नाटक कर रहा है. इस खुलासे के बाद कोर्ट ने सख्त फरमान जारी करते हुए निर्देश दिया है कि अब से इस आरोपी को फिजिकली कोर्ट में लाने की जरूरत नहीं है बल्कि अगले आदेश तक इसे केवल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही पेश किया जाए.
क्या है पूरा आईएसआईएस मॉड्यूल मामला?
बता दें कि जुलाई 2023 में एनआईए ने महाराष्ट्र में कई जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करके आईएसआईएस मॉड्यूल से जुड़े सात आरोपियों को दबोचा था, जिनमें यह ताबिस सिद्दीकी भी शामिल था. केंद्रीय जांच एजेंसी (NIA) के मुताबिक, ये सभी आरोपी इस्लामिक स्टेट (IS) के साथ एक्टिव रूप से जुड़े हुए थे और भारत-विरोधी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए देश के युवाओं का ब्रेनवाश कर रहे थे. छापेमारी के दौरान इनके ठिकानों से खतरनाक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आपत्तिजनक दस्तावेज और देशविरोधी सोशल मीडिया पोस्ट बरामद हुए थे. बहरहाल, कोर्ट में जज को धमकी देने के बाद अब इस आतंकी की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ने तय हैं.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें

